बनारस की हर गली में क्यों मिलती है पान की दुकान, जानिए कैसे नवाबों से लेकर आम लोगों तक पहुंचा 'बनारसी पान'?

बनारस शहर का नाम आते ही गंगा घाट की आरती, मणिकर्णिका घाट की चर्चा होने के साथ-साथ यहां के खान-पान की बात न हो ऐसा हो ही नहीं हो सकता है। सुबह की कचौड़ी-जलेबी हो या शाम की चाय, यहां हर मौके पर पान का जिक्र जरूर होता है। बनारस की गलियों में छोटी-छोटी पान की दुकानें इतनी आम हैं कि कई बार लगता है कि यहां हर मोड़ पर एक नई दुकान खुली है। क्या आपने कभी सोचा है कि पान इस शहर की पहचान कैसे बन गया? नीचे लेख में जानें इसके पीछे की वजह और जानें कैसे पान नवाबों से लेकर आम लोगों के बीच पहुंचा?
आखिर बनारस की हर गली में क्यों हैं पान की दुकानें?
बनारस में पान की दुकान केवल खरीदारी की जगह नहीं होती। यहां लोग पान खाने के साथ दोस्तों से मिलते हैं, शहर की खबरों पर चर्चा करते हैं और राजनीति से लेकर रोजमर्रा की जिंदगी तक हर विषय पर बातचीत करते हैं। यही वजह है कि छोटी-सी पान की दुकान भी कई बार मोहल्ले का इनफॉर्मल मिलने का अड्डा बन जाता है।

Image Credit-shutterstock
एकेडमिक रिसर्च पेपर Making a Living in Varanasi में भी बनारस के पान कारोबार और शहर की सामाजिक जिंदगी के इस रिश्ते का जिक्र मिलता है। इसमें पान की दुकानों को स्थानीय लोगों के मेल-जोल से जोड़कर समझाया गया है।
इसे भी पढ़ें- वरुणा-असी से 'वाराणसी' तो फिर 'बनारस' कैसे पड़ा? ऐसी है काशी शहर की दिलचस्प कहानी
बनारसी पान का नवाबों की महफिलों से है कनेक्शन
भारत में पान खाने की परंपरा काफी पुरानी है। पुराने समय में पान को केवल खाने की चीज नहीं, बल्कि मेहमानों के स्वागत और सम्मान से जोड़कर देखा जाता था। राजघरानों और नवाबी महफिलों में भी पान परोसने का खास चलन था। चांदी के वर्क, गुलकंद, इलायची और खुशबूदार मसालों से तैयार पान मेहमानों की खातिरदारी का हिस्सा बनता था।बाजारों, चौपालों और आम लोगों के बीच भी पान लोकप्रिय होने लगा। बनारस ने इसी परंपरा को अपने खास स्वाद और बनाने के तरीके के साथ एक अलग पहचान दी।
1961 में भी बनारसी पान की थी अलग पहचान
बनारसी पान की लोकप्रियता कोई नई बात नहीं है। साल 1961 में प्रकाशित सरकारी पत्रिका 'योजना' में भी बनारस के पान पर एक लेख छपा था। इसमें बताया गया था कि बनारसी पान देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। दिलचस्प बात यह है कि लेख में यह भी बताया गया कि बनारस में इस्तेमाल होने वाले पान और दूसरे क्षेत्रों से आने वाले पत्तों में अंतर किया जाता था।

Image Credit-ai
2023 में मिला बनारसी पान को GI टैग
बनारसी पान की लोकप्रियता और पारंपरिक पहचान को देखते हुए 31 मार्च 2023 को इसे भौगोलिक संकेत यानी GI टैग मिला। इसका मतलब है कि इस उत्पाद को उसके खास भौगोलिक क्षेत्र और उससे जुड़ी पारंपरिक पहचान के लिए मान्यता मिली है। इसके साथ बनारसी लंगड़ा आम और रामनगर के भंटे को भी GI पहचान मिली थी।
पान की दुकानें हैं बनारस की संस्कृति का हिस्सा
आज बनारस में सादा पान, मीठा पान, गुलकंद पान और कई तरह के खास बीड़े मिलते हैं। यहां पान खाना सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि लोगों के मिलने-जुलने और मेहमानों का स्वागत करने का तरीका भी है। हालांकि, तंबाकू और सुपारी वाले पान के स्वास्थ्य संबंधी नुकसान को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खास बात यह है कि बनारसी पान ने सदियों से चली आ रही परंपरा को आज भी जिंदा रखा है। शायद यही वजह है कि बनारस की गलियों में पान की दुकानें सिर्फ कारोबार नहीं, बल्कि शहर की पहचान बन चुकी हैं।

Image Credit-ai
पान बनाने का तरीका ही बनाता है इसे खास
बनारसी पान की खासियत सिर्फ उसके पत्ते में नहीं, बल्कि उसे तैयार करने के तरीके में भी है। इसके लिए पान के पत्ते पर कत्था, चूना, सुपारी, गुलकंद, सौंफ, इलायची और दूसरी खुशबूदार चीजें लगाई जाती हैं। इसके बाद पत्ते को खास अंदाज में मोड़कर बीड़ा तैयार किया जाता है।
बनारस में पान के पत्तों को तैयार करने की एक पारंपरिक प्रक्रिया भी प्रचलित रही है। आईआईटी (बीएचयू) की एक स्टडी के अनुसार, कुछ पत्तों को बंद कमरे में लकड़ी और कोयले के धुएं से करीब 20-25 दिनों तक पकाया जाता है। इससे पत्ते का तीखापन और कड़वापन कम होता है और वह मुलायम बन जाता है। यही पारंपरिक तरीका बनारसी पान के कारोबार की खास पहचान है।
इसे भी पढ़ें- क्यों खास है बनारस का खान-पान? जानिए यहां की फेमस डिशेज के नाम
निष्कर्ष
अगर अगली बार जब भी बनारस की गलियों में पान की दुकानें देखें, तो उन्हें सिर्फ खाने-पीने की एक सामान्य दुकान न समझें। वह यह शहर की सदियों पुरानी तहजीब, मेहमाननवाजी, आपसी बातचीत और बेफिक्र लाइफस्टाइल की पहचान हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।
Image Credit-ai
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।