क्‍या आपका बच्‍चा भी खाने में लगाता है घंटो समय? हो सकते हैं ये 4 कारण

बच्चे अगर खाना खाने में बहुत देर लगाते हैं, तो इस आर्टिकल में जाने एक्सपर्ट के बताए कारण और उनकी आदतों में सुधार लाने के उपाय।
Updated:- 2024-07-04, 19:55 IST
image

छोटे बच्चों को खाना खिलाना हर मां के लिए बड़ी चुनौती होती है। बहुत से बच्चे खाना खाने में आनाकानी करते हैं, या फिर इतना धीरे-धीरे खाते हैं कि आपको ही उबन होने लगती है। कभी आपने सोचा है कि आखिर बच्चों के ऐसा करने का कारण क्या है। बच्चा आखिर फटाफट खाना खत्म क्यों नहीं कर लेता। दरअसल ऐसे मामले में कई बार माता-पिता की गलती भी होती है। माता-पिता बच्चे की भूख और उसकी पसंद को नहीं समझ पाते हैं या फिर प्यार-दुलार के चक्कर में खाने को लेकर खुद ही उसकी आदत खराब कर देते हैं। ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखें तो इस समस्या का समाधान निकल सकता है। आइए इस बारे में आर्टेमिस अस्पताल के मानसिक स्वास्थ्य और व्यवहार विज्ञान के प्रमुख मनोचिकित्सक व सलाहकार डॉ. राहुल चंडोक से जानते हैं।

शुरुआत से ही खाने पर करें फोकस

बहुत से माता-पिता शुरुआत में बच्चे को प्यार-दुलार के चक्कर में खाने के टाइम पर भी इधर-उधर की चीजें खिलाने लगते हैं। कभी बच्चे को चॉकलेट मिल जाती है, तो कभी आइसक्रीम। बच्चे की खुराक बहुत ज्यादा नहीं होती है। एक चॉकलेट में इतनी कैलोरी होती है, जिससे कुछ देर के लिए बच्चे की भूख खत्म हो जाती है। ऐसे में बच्चा खाना नहीं चाहता। इसलिए कोशिश करें कि खाने के समय पर हमेशा बच्चे को खाने के लिए ही प्रोत्साहित करें। अन्य चीजें खा लेने से बच्चे की भूख मर जाती है और बच्चा खाने में आनाकानी करने लगता है।

बच्चे की भूख पर रखें नजर

Child food

खाने का निश्चित समय होना जरूरी है, लेकिन यह भी समझना चाहिए कि भूख हमेशा घड़ी देखकर नहीं लगती है। अगर खाने के समय से पहले बच्चे ने कुछ खाया होगा, तो हो सकता है कि उसकी भूख कम हो जाए। ऐसे में उसे जबर्दस्ती पूरा खाना खत्म करने के लिए न कहें। थोड़ी देर में अगर बच्चा खाना खत्म न कर पाए तो खाना हटा दीजिए। बच्चे को कब भूख लगी है और कितनी भूख लगी है, इसका ध्यान रखना जरूरी है। यह भी हो सकता है कि कभी समय से पहले भी उसे भूख लग जाए। ऐसा अंदाजा होते ही उसे खाने को दें।

खाने को बनाएं रोचक

खाने के समय को बच्चे के लिए रोचक बनाने की कोशिश करें। उसे बताएं कि वह जो खा रहा है, उससे सेहत अच्छी होती है। अगर उसका कोई पसंदीदा सुपरहीरो है, तो उसके उदाहरण देकर बच्चे को खाने के लिए प्रोत्साहित करें। खाने को सलाद, फल आदि के माध्यम से थोड़ा कलरफुल बनाने की भी कोशिश करें। उसे हर कलर के फल या सब्जी से होने वाले फायदे के बारे में बताएं। इससे उसे खाने में मजा आएगा।

इसे भी पढ़ें- 2 से 5 साल के बच्चों को डिसिप्लिन सिखाने का ये है बेस्ट तरीका, डांटने की नहीं पड़ेगी जरूरत

टीवी और मोबाइल से रखें दूर

खाना खिलाते समय बच्चे को बहलाने के लिए कई बार माता-पिता बच्चों को मोबाइल या टीवी दिखाने लगते हैं। यह सही नहीं है। इससे दो तरह से नुकसान होता है। पहला, बच्चा टीवी या मोबाइल पर ध्यान लगाने के चक्कर में खाना धीरे खाता है। दूसरा, टीवी या मोबाइल देखते हुए खाने से बच्चे की सेहत पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। भूख कम होने की समस्या भी होती है। बच्चे को खाना खिलाते समय उसे पूरा समय दें और तरह-तरह की रोचक बातों से बहलाते हुए खाना खिलाएं। बातें भी खाने से जुड़ी हुई ही रहें, जिससे उसके मन में खाने के प्रति रुचि पैदा हो।

इसे भी पढ़ें-  इकलौते बच्चे की परवरिश में भूलकर भी ना करें ये गलतियां, बच्चे पर पड़ सकता है बुरा असर

बच्चे की पसंद को समझें

Offer interesting dishes

वैसे तो बच्चे को हर तरह की सब्जी खाने की आदत डालनी जरूरी है, लेकिन उसकी पसंद का ध्यान भी रखें। बच्चे को जो खाना पसंद है, अगर वह उसकी सेहत के लिए नुकसानदायक नहीं है, तो खिलाने में संकोच नहीं करना चाहिए। अगर बच्चे को कभी-कभी उसके कहने पर उसकी पसंद का कुछ खाने को मिल जाए, तो बाकी समय वह आपकी बात मानकर अन्य चीजें भी खाने को तैयार हो जाता है। बस एक बात का ध्यान रखें, पसंद के चक्कर में फास्ट फूड या अन्य कुछ भी ऐसा न खिलाएं जो पौष्टिक नहीं है।

इसे भी पढ़ें- पांच से दस साल तक की उम्र के बच्चों को अवश्य खिलाएं ये फूड्स

 

इस आर्टिकल  के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही,अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ

आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें

Image Credit- Herzindagi, Freepik

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।