Wedding Rituals: खेत से मिट्टी खोदकर क्यों लाती हैं महिलाएं? जानें बिहार और पूर्वांचल की शादियों में होने वाली अनोखी 'मटकोर' रस्म

भारत देश में शादी-विवाह से जुड़ी अलग-अलग रस्में निभाई जाती हैं। आज के इस लेख में हम आपको बिहार और पूर्वांचल की शादी में होने वाली मटकोर रस्म के बारे में बताने जा रहे हैं।
Updated:- 2026-11-26, 20:25 IST
image

Purvanchal Wedding Traditions

Matkor Puja in Marriage: जैसा कि हम सभी जानते हैं कि भारत को विविधता का देश कहा जाता है। यह विविधता न केवल बोली-भाषा, खान-पान और परंपराओं पर आधारित है बल्कि इसमें शादी की अलग-अलग रस्में भी शामिल हैं। बिहार और पूर्वांचल की शादियों में निभाई जाने वाली 'मटकोर' रस्म भी ऐसी ही एक खास परंपरा है। इसमें घर की महिलाएं शादी से पहले खेत या किसी निर्धारित जगह पर जाकर जमीन से मिट्टी खोदकर लाती हैं। नीचे लेख में जानें क्या है मटकोर की रस्म और क्यों है खास?

क्या होती है मटकोर की रस्म?

मटकोर बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के कई इलाकों में शादी से पहले निभाई जाने वाली पारंपरिक रस्म है। इसे कई जगहों पर 'मटकोड़' या 'मिट्टी कोड़ने' की रस्म भी कहा जाता है। इस परंपरा में दूल्हा या दुल्हन के घर की महिलाएं शुभ दिन पर गीत गाते हुए खेत या किसी पवित्र स्थान पर जाती हैं। वहां पूजा-पाठ और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बाद जमीन से मिट्टी खोदी जाती है।

Wrdding Rituals

Image Credit-shutterstock

इस मिट्टी को सम्मान के साथ घर लाया जाता है। अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों में इसके बाद की प्रक्रिया अलग हो सकती है। कहीं इस मिट्टी से शादी के काम आने वाले चूल्हे या वेदी से जुड़ी तैयारी की जाती है, तो कहीं इसका इस्तेमाल विवाह की अन्य पारंपरिक तैयारियों में होता है।

यह भी पढ़ें- शहनाई बजने से पहले यूपी में निभाई जाती है सिलमायन की रस्म, जानें क्या है इसका मतलब और महत्व?

खेत से ही क्यों लाई जाती है मिट्टी?

मटकोर की रस्म में खेत से मिट्टी लाने के पीछे धरती को मां मानने की भारतीय परंपरा जुड़ी हुई है। खेती-किसानी वाले समाज में जमीन को जीवन का आधार माना गया है। खेत ही अनाज, फल और दूसरी जरूरी चीजों का स्रोत हैं। ऐसे में शादी जैसे नए जीवन की शुरुआत के मौके पर धरती से मिट्टी लाना प्रकृति के प्रति आभार जताने का एक प्रतीक माना जाता है।

मान्यता है कि मिट्टी से घर-परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। यह रस्म नए जोड़े को प्रकृति से जुड़ने और जीवन में अपनी जड़ों को न भूलने का संदेश भी देती है।

महिलाएं ही क्यों निभाती हैं यह खास रस्म?

मटकोर की रस्म में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम होती है। घर की शादीशुदा और कुंवारी महिलाएं, बहनें, भाभियां और परिवार की अन्य महिला सदस्य मिलकर इस रस्म को निभाती हैं। वे पारंपरिक कपड़े पहनकर समूह में मिट्टी खोदने के लिए जाती हैं। इस दौरान महिलाएं ढोलक की थाप पर शादी के पारंपरिक लोकगीत भी गाती हैं।

दरअसल, बिहार और पूर्वांचल की शादियों में महिलाओं के गीतों का विशेष महत्व है। इन गीतों में शादी की खुशी, दूल्हा-दुल्हन के नए जीवन, परिवार के रिश्तों और पुरानी परंपराओं का जिक्र होता है। मटकोर के बहाने महिलाएं एक साथ समय बिताती हैं और शादी के माहौल को और भी खुशनुमा बनाती हैं।

मटकोर की मिट्टी का क्या किया जाता है?

मटकोर के दौरान लाई गई मिट्टी को सामान्य मिट्टी की तरह इस्तेमाल नहीं किया जाता, बल्कि इसे शुभ मानकर संभालकर रखा जाता है। कई परिवारों में इस मिट्टी से शादी के लिए चूल्हा बनाया जाता है, जिस पर विवाह से जुड़े पारंपरिक पकवान तैयार किए जाते हैं। कुछ जगहों पर इसका इस्तेमाल विवाह की वेदी या दूसरी मांगलिक तैयारियों में भी किया जाता है।

Wrdding Rituals

Image Credit-herzindagi

हालांकि, हर गांव और परिवार में इस रस्म का तरीका एक जैसा नहीं होता। कहीं मिट्टी लाने के बाद उसकी पूजा की जाती है, तो कहीं उसे घर के आंगन में रखकर आगे की शादी की रस्में पूरी की जाती हैं। यही वजह है कि मटकोर की परंपरा में स्थानीय रीति-रिवाजों की झलक भी देखने को मिलती है।

मटकोर के दौरान गाए जाते हैं खास लोकगीत

मटकोर की रस्म बिना लोकगीतों के अधूरी मानी जाती है। महिलाएं पारंपरिक विवाह गीत गाते हुए मिट्टी खोदने जाती हैं। इन गीतों में कभी माता-पिता की भावनाएं झलकती हैं, तो कभी दूल्हा-दुल्हन के आने वाले जीवन के लिए शुभकामनाएं दी जाती हैं। इन गीतों की खास बात यह है कि इन्हें पीढ़ियों से महिलाएं एक-दूसरे से सीखती आई हैं। 

यह भी पढ़ें- Lagna Patrika Ritual: क्या होती है लग्न पत्रिका और शादी से पहले क्यों निभाई जाती है यह परंपरा?

यूपी और बिहार में होने वाली मटकोर रस्म अगर आपके यहां भी होती है, तो आपको इसके बारे में जरूर पता होगा। वहीं जो लोग इस रस्म को नहीं उनके लिए नई हो सकती है। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-ai


Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।