Lagna Patrika Ritual: क्या होती है लग्न पत्रिका और शादी से पहले क्यों निभाई जाती है यह परंपरा?
-1792668807774.webp)
हिंदू धर्म में शादी को सिर्फ दो लोगों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन माना जाता है। इसलिए, विवाह से पहले कई तरह की रस्में निभाई जाती हैं। इन्हीं में से एक है लग्न पत्रिका की परंपरा। आपने कई बार शादी के कार्ड पर विवाह की तारीख और समय लिखा देखा होगा, लेकिन लग्न पत्रिका इससे थोड़ी अलग होती है। इसमें वर-वधू के विवाह का शुभ मुहूर्त और दूसरी जरूरी जानकारियां लिखी जाती हैं। कई परिवारों में इसे शादी की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत भी माना जाता है।
शादी से पहली बनती है लग्न पत्रिका
शादी का रिश्ता तय होने के बाद हिंदू परिवारों में विवाह की तारीख निकालने की परंपरा निभाई जाती है। इसके बाद लग्न पत्रिका तैयार की जाती है, जो शादी से जुड़ी शुभ जानकारी का लिखित दस्तावेज होती है। कई परिवारों में इसे भगवान के सामने रखकर पूजा भी की जाती है। आइए पंडित अरुणेश कुमार शर्मा से जानते हैं कि लग्न पत्रिका क्या होती है और शादी से पहले इसे बनवाने की परंपरा क्यों है?
कई परिवारों में लग्न पत्रिका ज्योतिषी की मदद से तैयार कराई जाती है। इसके लिए वर-वधू की जन्म कुंडली और पंचांग के आधार पर विवाह का शुभ समय निकाला जाता है। इसके बाद उस मुहूर्त को पत्रिका में लिखा जाता है। इसे शादी के सामान्य निमंत्रण कार्ड से अलग समझना चाहिए। शादी का कार्ड मेहमानों को विवाह में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने के लिए होता है, जबकि लग्न पत्रिका का मुख्य उद्देश्य विवाह के शुभ समय और उससे जुड़ी धार्मिक परंपरा को महत्व देना है।
Photo Credit: Pinterest (The Wedding Station)
शादी से पहले क्यों निभाई जाती है लग्न पत्रिका की रस्म?
हिंदू परंपरा में किसी भी शुभ कार्य को शुरू करने से पहले शुभ मुहूर्त का ध्यान रखने की मान्यता है। विवाह को भी एक महत्वपूर्ण संस्कार माना जाता है। इसी वजह से कई परिवारों में शादी की तारीख और समय तय होने के बाद लग्न पत्रिका तैयार की जाती है। इस परंपरा के पीछे यह धार्मिक विश्वास है कि शुभ मुहूर्त में विवाह करने से दंपति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। परिवार के लोग भगवान से नवविवाहित जोड़े के सुखी जीवन की प्रार्थना भी करें। हालांकि, लग्न पत्रिका की रस्म हर हिंदू परिवार में एक जैसी नहीं होती है। कुछ जगहों पर इसे शादी की तैयारियों के शुरुआती चरण में किया जाता है, जबकि कुछ परिवारों में इसका आयोजन विवाह से कुछ दिन पहले होता है।
कैसे की जाती है लग्न पत्रिका की पूजा?
लग्न पत्रिका की पूजा करने का तरीका परिवार और क्षेत्र की परंपरा के अनुसार बदल सकता है। आमतौर पर इस रस्म में परिवार के लोग शुभ मुहूर्त में पूजा करते हैं और भगवान गणेश सहित दूसरे देवी-देवताओं का स्मरण करते हैं।
पूजा के दौरान लग्न पत्रिका को भगवान के सामने रखा जाता है। कुछ परिवारों में रोली, अक्षत, फूल और मिठाई चढ़ाई जाती है। इसके बाद परिवार के बड़े-बुजुर्ग वर-वधू के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हैं। कई परंपराओं में लग्न पत्रिका को दूसरे परिवार तक पहुंचाने की रस्म भी होती है।
यह भी पढ़ें- हिंदू शादी में क्या होती है मिलनी की रस्म? जानें इसके पीछे का कारण
लग्न पत्रिका में क्या-क्या लिखा जाता है?
लग्न पत्रिका में विवाह से जुड़ी जरूरी जानकारियां शामिल की जाती हैं। हालांकि, इसका रूप हर जगह एक जैसा नहीं होता है।
- वर और वधू का नाम: शादी करने वाले दोनों लोगों की पहचान के लिए।
- विवाह की तारीख: जिस दिन विवाह होना तय किया गया है।
- शुभ मुहूर्त: विवाह की रस्मों के लिए निर्धारित समय।
- धार्मिक मंत्र या प्रार्थना: कुछ परिवारों में भगवान का स्मरण करने के लिए मंत्र लिखे जाते हैं।
- परिवार का विवरण: कुछ परंपराओं में दोनों परिवारों के नाम और दूसरी जानकारियां भी शामिल की जाती हैं।
यह भी पढ़ें- हिंदू धर्म में गोत्र की है बहुत मान्यता, क्या आप जानती हैं ये है क्या और शुरू कहां से हुआ?
लग्न पत्रिका का धार्मिक महत्व क्या है?
हिंदू धर्म में विवाह को सोलह संस्कारों में से एक माना जाता है। इस संस्कार के जरिए दो लोग जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लेते हैं। लग्न पत्रिका की परंपरा इसी विवाह संस्कार से जुड़ी हुई है। इसका एक उद्देश्य विवाह के शुभ समय को धार्मिक रीति से तय करना है। इसके अलावा, यह दोनों परिवारों को शादी की तैयारियां शुरू करने और जरूरी रस्मों की योजना बनाने का अवसर भी देती है। लग्न पत्रिका का वास्तविक महत्व परिवार की परंपरा, धार्मिक विश्वास और विवाह संस्कार के प्रति सम्मान से जुड़ा है।
Photo Credit: Pinterest (sukhdev)
हिंदू संस्कृति में विवाह एक पवित्र संगम है। इस पूरे आयोजन की नींव और लग्न पत्रिका के जरिए रखी जाती है। इसे ईश्वर के चरणों में समर्पित कर आशीर्वाद लेने की परंपरा यह दर्शाती है कि आने वाला जीवन सुखमय हो। यह अनूठी रस्म न केवल ज्योतिषीय गणनाओं को सम्मान देती है, बल्कि दोनों परिवारों के बीच आपसी जुड़ाव और उत्सव की खुशियों को भी और अधिक प्रगाढ़ बनाती है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- लग्न पत्रिका कौन बनाता है?
- परिवार के पंडित या ज्योतिषी। वो वर-वधू की कुंडली देखकर शुभ मुहूर्त निकालते हैं।
- क्या बिना लग्न पत्रिका के शादी नहीं हो सकती?
- हो सकती है। ये धार्मिक मान्यता है, कानूनी जरूरत नहीं। कई परिवार आज सीधे शादी का कार्ड ही छपवाते हैं।
- लग्न पत्रिका में सिर्फ तारीख ही लिखी होती है क्या?
- नहीं। इसमें वर-वधू का नाम, शादी की तारीख, शुभ मुहूर्त और कई बार गणेश जी का मंत्र भी लिखा होता है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।