क्यों हमेशा एक साधारण कंबल में लिपटे रहते थे नीम करौली बाबा? बेहद अनोखी है वजह

हम सभी जब भी उत्तराखंड जाते हैं तो नीम करोली बाबा के आश्रम जरूर जाते हैं। बाबा का नाम आज भी लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी उनके भक्त माैजूद हैं। सालों साल भक्तों की भीड़ बाबा के दर्शन को कैंचीधाम पहुंचती है। कहा जाता है कि बाबा की सादगी, लोगों के प्रति उनका प्यार और मदद करने की भावना ने ही उन्हें खास बनाया। अगर आप भी उनके आश्रम गई होंगी या उनकी कोई फोटो देखी होगी, तो एक चीज जरूर नोटिस की हाेगी कि वो हमेशा एक साधारण से कंबल में ही नजर आते थे।
कहते हैं कि मौसम चाहे कोई भी हो, वो अपना कंबल कभी नहीं छोड़ते थे। ऐसे में ज्यादातर लोगों के मन में ये सवाल जरूर उठता है कि आखिर बाबा क्यों हमेशा कंबल ओढ़े रहते थे, क्या ये सिर्फ आदत थी या इसके पीछे कोई वजह थी? इसके बारे में बाबा के करीबियों ने लिखा है। आइए जानते हैं-
सादगी का प्रतीक था कंबल
nkbmeditation.org पर लिखे गए एक ब्लॉग में बताया गया है कि नीम करौली बाबा बहुत ही सिंपल लाइफ जीना पसंद करते थे। दरअसल, बाबा का मानना था कि इंसान को रूप-पैसे, गाड़ी-बंगले या सामान जैसी बाहरी चीजों से बहुत ज्यादा दिल नहीं लगाना चाहिए। यानी हमें चीजों के पीछे इतना नहीं भागना चाहिए कि हम उनके बिना रह ही न पाएं। उनका कंबल इसी सोच का प्रतीक माना जाता है। बाबा अपने भक्तों को ये संदेश देना चाहते थे कि जीवन में दिखावा करना जरूरी नहीं है। असली खुशी और शांति अंदर से आती है, बाहरी चीजों से नहीं।
यह भी पढ़ें- Miracle Mystery: नीम करौली बाबा के वो चमत्कार जो आज भी हैं सबको याद
-1783152290824.jpg)
अपनी शक्तियाें का बाबा ने नहीं किया प्रदर्शन
ऐसा भी कहा जाता है कि बाबा के पास कई आध्यात्मिक शक्तियां थीं, लेकिन उन्होंने कभी उनका प्रदर्शन नहीं किया। बाबा का कंबल उनकी विनम्रता का ही प्रतीक था। वे नहीं चाहते थे कि लोग उनकी शक्तियों को देखकर उनके पीछे आएं। इसलिए उन्होंने हमेशा खुद को एक नॉर्मल इंसान ही समझा।
यह भी पढ़ें- जानें कैंची धाम के नीम करौली बाबा आश्रम से जुड़े कुछ रोचक तथ्य
भक्तों के दुखों को भी छिपाता था कंबल
नीम करोली बाबा लोगों के दुख और परेशानियों को अपने ऊपर ले लेते थे। इसीलिए बाबा कंबल ओढ़ा करते थे। दरअसल, ये कंबल बाबा के शरीर को ही नहीं ढकता था, बल्कि उन तकलीफों को भी छिपाता था जिन्हें वे अपने भक्तों के लिए सहन करते थे। हालांकि ये सिर्फ आस्था और मान्यता का पर कहा गया है और उनके भक्त आज भी इस बात पर विश्वास करते हैं।
-1783152300872.jpg)
कंबल से जुड़े हैं कई रोचक किस्से
नीम करौली बाबा के जीवन से जुड़े कई किस्सों में उनके कंबल का जिक्र जरूर किया जाता है। ब्लॉग में लिखी गई बातों के मुताबिक, कभी-कभी बाबा के कंबल का वजन अचानक बहुत हल्का या बहुत भारी लगने लगता था। वहीं, कई बार कंबल से नवजात शिशु जैसी खुशबू भी आती थी। हालांकि इन बातों का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।
चमत्कारों से भी जोड़ा जाता है कंबल
नीम करौली बाबा के कंबल से जुड़े कई चमत्कार भी बताए जाते हैं। एक बार की बात है जब बाबा का एक भक्त एक गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और मदद के लिए परेशान था। बाबा ने बस उसे अपना कंबल ओढ़ा दिया और कुछ ही समय बाद वो बिल्कुल ठीक हो गया। ऐसी कई कहानियां हैं, लेकिन बाबा ने खुद कभी इन बातों को बढ़ा-चढ़ाकर नहीं बताया था। वे हमेशा यही कहते थे कि ये सब भगवान की इच्छा और कृपा से हुआ है, इसमें उनकी अपनी कोई शक्ति नहीं है।
कंबल देता है ये बड़ी सीख
कहा जाता है कि बाबा उस कंबल के नीचे पूरी दुनिया का दुख-दर्द छिपाकर रखते थे। वो हमारे बुरे कर्मों के असर और दुखों को अपने ऊपर ले लेते थे ताकि हम सुरक्षित रहें। ये बातें तो आप सब भी जानती होंगी कि भारत में ज्यादातर साधु-संत कंबल या शॉल ओढ़े हुए नजर आते हैं। इसका मतलब यही है कि वो मोह-माया और सुख-सुविधाओं को छोड़ चुके हैं। नीम करौली बाबा का कंबल भी यही दिखाता था कि वे भगवान के एक सच्चे सेवक थे।
तो अब जब भी आप नीम करौली बाबा को याद करें या उनके आश्रम कैंची धाम में दर्शन करने जाएं तो उनके कंबल को सिर्फ एक कपड़ा न समझें। ये कंबल हमें एक बड़ी सीख देता है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik/Pinterest (Vipin Kumar,Allahoda best collection,Sudarshan Murthy)
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।