सुरक्षित भविष्य के लिए कहां निवेश करना ठीक है? एक्सपर्ट से जानें सेविंग प्लान से जुड़े सवालों के सही जवाब

आज के समय में केवल कमाई के साथ सही जगह पर निवेश करना बेहद जरूरी हो गया है। नौकरी की शुरुआत हो, बच्चों की पढ़ाई और शादी की चिंता हो या फिर रिटायरमेंट के बाद कैसे अपनी सेविंग्स का सही उपयोग करें, हर व्यक्ति अपने भविष्य को सुरक्षित बनाना चाहता है। हालांकि, जब भी सही जगह पर इन्वेस्टमेंट करने की बात आती है तब कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि आखिर किस सेविंग स्कीम या निवेश योजना में पैसा लगाना बेहतर हो सकता है। आजकल सेविंग के लिए पब्लिक प्रॉविडेंट फंड, सुकन्या समृद्धि योजना, म्यूचुअल फंड और पोस्ट ऑफिस सेविंग स्कीम जैसे कई ऑप्शन हैं। आइए सीए डॉ आशीष अग्रवाल से जानते हैं निवेश और सेविंग प्लान से जुड़े कुछ जरूरी सवालों के आसान जवाब।
मेरी उम्र 26 साल है। हाल ही में मैंने नई नौकरी की शुरुआत की है, जहां से मुझे 35 हज़ार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता है। सुरक्षित भविष्य के लिए मुझे कहां-कहां निवेश करना चाहिए?
निशा रानी, गाजियाबाद
आपकी सेवानिवृत्ति में अभी लगभग 34 वर्ष बाकी हैं। अभी से छोटी-छोटी बचत प्रारंभ करेंगी, तो अगले कुछ वर्र्षों में सुरक्षित भविष्य के लिए ढेर सारा धन जमा हो जाएगा। आपके लिए सबसे अच्छा, सबसे सुरक्षित एवं सबसे अधिक ब्याज़ देने वाला पब्लिक प्रॉविडेंट फंड ठीक रहेगा। आप इस फंड में 5,000 रु. महीना जमा कर सकती हैं। अधिकतम सीमा डेढ़ लाख रुपये प्रतिवर्ष है, जिस पर इनकम टैक्स एक्ट की धारा ८०ष्ट की छूट भी मिलती है और इससे प्राप्त होने वाले ब्याज पर भी इनकम टैक्स नहीं लगता।
यह भी पढ़ें- क्यों थम रही है SIP की रफ्तार? म्यूचुअल फंड से किनारा कर रहे हैं निवेशक, ये हैं वो 4 बड़े कारण

मेरी बेटी अभी आठ साल की है। उसकी पढ़ाई और शादी के लिए मैं अपनी आय का दस प्रतिशत हिस्सा निवेश करना चाहता हूं। मेरी आय सालाना दस लाख है। मुझे किन योजनाओं में पैसा जमा करना चाहिए।
अनिकेत सिंह, रोहतक
आप अपनी बेटी के लिए पोस्ट ऑफिस में 'सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत पैसा जमा कर सकते हैं, जिसकी ब्याज़ दर 7.6 प्रतिशत है। जब आपकी बिटिया की उम्र 21 साल हो जाएगी, तो इसमें जमा पैसा आपको मिल जाएगा। इसके अतिरिक्त आप पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट, पोस्ट ऑफिस रेकरिंग डिपॉजिट, पोस्ट ऑफिस पब्लिक प्रोविडेंट फंड, पोस्ट ऑफिस नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट में भी पैसा जमा कर सकते हैं।
पोस्ट ऑफिस, केंद्रीय सरकार के अंतर्गत आते हैं, इसलिए आपका पैसा हमेशा के लिए सुरक्षित है और ब्याज की दरें भी बैंक ब्याज दरों से अधिक हैं।
यह भी पढ़ें- अब बिना किसी डॉक्यूमेंट के PF खाते से निकाल सकते हैं 5 लाख रुपये, जानिए सबसे आसान तरीका
मैं प्रतिमाह 10 हज़ार रुपये इनवेस्ट करना चाहती हूं। इन दिनों किन सेविंग स्कीम में निवेश करना ठीक होगा।
अनामिका शेखर, नोएडा
आप निम्नलिखित में से कोई एक विकल्प चुन सकती हैं -
1. रु.10,000 प्रतिमाह किसी सरकारी बैंक द्वारा संचालित म्यूचुअल फंड में जमा कर सकती हैं। कुछ समय बाद आपके द्वारा किए गए निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलेगा।
2. रु.5,000 प्रतिमाह म्यूचुअल फंड में और 5,000 प्रतिमाह पोस्ट ऑफिस की 'रेकरिंग डिपॉजि़ट स्कीम में जमा कर सकती हैं।
3. रु.10,000 प्रतिमाह स्टेट बैंक या पोस्ट ऑफिस के 'पब्लिक प्रॉविडेंट फंड में भी जमा कर सकती हैं, जिस पर मिलने वाला ब्याज़ भी कर मुक्त रहेगा।
प्रस्तुति वंदना
यहां दिए गए ईमेल एड्रेस पर आप अपने सवाल हमें भेज सकती हैं।
sakhi@jagran.com
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।