Fri Sep 11, 2026 | Updated 11:29 PM IST

आखिर क्यों अपनी हीरोइन्स को सफेद साड़ी पहनाया करते थे राज कपूर?

राज कपूर की फिल्मों में बहुत खूबसूरती के साथ हीरोइन्स को परदे पर सफेद साड़ी में दिखाया जाता था। इसके पीछे बहुत खास वजह थी और यह वजह राज कपूर की पसर्नल लाइफ से जुड़ी थी।  
Updated:- 2023-05-03, 18:07 IST
image

बॉलीवुड के गलियारों में अगर हम कदम रखते हैं तो बहुत सारी ऐसे किस्से और कहानियां बिखरी हुई मिलती हैं जो हमें अपने साथ मानो गुजरे हुए वक्त में ले जाती हैं। इन्हीं किस्सों और कहानियों को हम अपनी इस खास सीरीज 'बॉलीवुड रिवाइंड' के जरिए आप तक पहुंचाएंगे। चलिए फिर यादों के फ्लैश बैक टाउन में चलते हैं और आपको बताते हैं राज कपूर से जुड़ा ये खास किस्सा।

यश चोपड़ा ने बेशक बॉलीवुड में एक्ट्रेसेज को शिफॉन साड़ी पहनाकर उनकी खूबसूरती और उन पर फिल्माए गए गानों को एक नया आयाम दिया लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब सफेद साड़ी में बॉलीवुड की अभिनेत्रियां परदे पर जादू बिखेर रहीं थी। इस ट्रेंड को शुरू किया था बॉलीवुड के शो मैन राज कपूर ने। सफेद रंग को यूं तो सादगी का रंग माना जाता है लेकिन राज कपूर ने अपनी फिल्मों के जरिए मानो इस रंग की परिभाषा को ही बदल दिया। सफेद साड़ी में एक्ट्रेसेज राज कपूर की फिल्मों की पहचान बन गईं। आखिर क्यों अपनी हीरोइन्स को सफेद साड़ी पहनाया करते थे राज कपूर? इस रंग के क्यों उन्हें इतना लगाव था? राज कपूर से जुड़ी इस दिलचस्प कहानी को चलिए जानते हैं।

राज कपूर का सफेद साड़ी के लिए प्यार

raj kapoor and krishna raj kapoor

नरगिस, वैजयंती माला, साधना, तनुजा और सायरा बानो उस वक्त की लगभग सभी एक्ट्रेसेज को राज कपूर ने परदे पर सफेद साड़ी पहनाई। आर के फिल्म्स की हीरोइन्स का जिक्र आता है तो ज्यादातर दिमाग में सफेद साड़ी पहने एक एक्ट्रेस की छवि उभर कर सामने आती है। चाहे फिर मेरा नाम जोकर में पद्मिनी हों, संगम में वैजयंती माला हों, राम तेरी गंगा मैली में मंदाकिनी हों, सत्यम शिवम सुन्दरम में जीनत अमान हों, आवारा में नरगिस हों, राजकपूर की फिल्मों में हीरोइन्स का सफेद साड़ी में नजर आना एक ट्रेंड सा बन गया था। शायद आप इस बात से अनजान होंगे कि बरसात और आवारा में राज कपूर की हीरोइन रहीं नरगिस को जिस तरह से सफेद साड़ी में दिखा गया था वह ऑडियन्स को इतना पसंद आया था कि उन्हें 'लेडी इन व्हाइट' कहा गया था। फिल्म जागते रहो में राज कपूर की हीरोइन नरगिस फिल्म के आखिरी सीन में जब राज कपूर को पानी पिलाने आती हैं तब भी उन्होंने सफेद साड़ी ही पहनी होती है। 

यह भी पढ़ें- जानिए बिग बी की फिल्म डॉन से जुड़े कुछ मजेदार किस्से

इस वजह से था सफेद साड़ी से प्यार

raj kapoor and nargis

राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर भी हमेशा सफेद साड़ी ही पहना करती थी। इसके पीछे भी एक खास वजह थी। राज कपूर सफेद रंग को पसंद करते थे और यही वजह थी न केवल उनकी पत्नी हमेशा सफेद साड़ी में नजर आईं बल्कि उन्होंने पर्दे पर अपनी एक्ट्रेसेज को भी सफेद साड़ी पहने हुए दिखाया। राज कपूर की पहली मुलाकात जब उनकी पत्नी से हुई थी उस वक्त भी उनकी पत्नी ने सफेद साड़ी पहनी हुई थी और बालों में मोगरे का गजरा लगाया हुआ था। राज कपूर ने उन्हें पहली नजर में ही पसंद कर लिया था। राज कपूर जी ने खुद भी कुछ इंटरव्यूज के दौरान इस बात का जिक्र किया था। उनकी बेटी रीमा ने भी एक मैगजीन को दिए इंटरव्यू में अपने पेरेंट्स के रिश्ते के बारे में बात की थी।

यह भी पढ़ें-राज कपूर की दूसरी पत्नी बनने को तैयार थीं नरगिस, फिर इस एक बात ने बदल दिया फैसला

'बॉलीवुड रिवाइंड' के जरिए हम ऐसे ही किस्सों को आप तक पहुंचाते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Social Media

 

 

 

 

 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।