अब केमिकल को कहें बाय-बाय, सिर्फ दस रुपये में रीठा से बनाएं नेचुरल फ्लोर क्लीनर

अगर घर के हाइजीन की बात हो तो उसके लिए जरूरी है कि क्लीनिंग पर पूरी तरह से फोकस किया जाए। अमूमन अपने घर की साफ-सफाई करने के लिए हम सभी तरह-तरह के केमिकल बेस्ड फ्लोर क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इनकी तेज गंध आपको परेशान कर सकती है। साथ ही साथ, केमिकल की वजह से आपके हाथों को भी नुकसान होने की संभावना भी बढ़ जाती है।
ऐसे में सबसे अच्छा तरीका होता है कि आप नेचुरल तरीके से अपने घर की साफ-सफाई का ध्यान रखें। ऐसे में अगर आप चाहें तो रीठा की मदद से एक नेचुरल, स्किन-फ्रेंडली और इको-फ्रेंडली फ्लोर क्लीनर बनाकर तैयार कर सकती हैं। यह फ्लोर क्लीनर आपके घर की बेहद ही असरदार तरीके से सफाई करता है। साथ ही साथ, इससे आपकी जेब पर भी अतिरिक्त जोर नहीं पड़ता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको रीठा की मदद से नेचुरल फ्लोर क्लीनर बनाने के आसान तरीके के बारे में बता रहे हैं-
रीठा से फ्लोर क्लीनर बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए
- 10 से 12 नग रीठा
- 1.5 लीटर पानी
- मुट्ठीभर नीम की पत्तियां
- एक नींबू के छिलके
- एक बड़ा बर्तन (उबालने के लिए)
- छलनी या मलमल का कपड़ा
- स्टोर करने के लिए कोई बोतल
रीठा से फ्लोर क्लीनर कैसे बनाएं-
- सबसे पहले 10-12 रीठा लें और इन्हें करीब 1 लीटर पानी में रातभर भिगोकर रख दें। इससे ये नरम हो जाएंगे और इनसे झाग वाला नेचुरल क्लीनर अच्छी तरह बन पाएगा।
- अगली सुबह वही रीठा और उसका पानी एक बर्तन में डालें।
- उसमें करीबन तीन कप पानी और डालें।
- अब इसमें नीम की पत्तियां और नींबू के छिलके डालें।
- इसे धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक उबालें।
- अब इसे ठंडा होने दें और फिर हाथों या चम्मच की मदद से रीठा को मसलें।
- अब तैयार मिश्रण को छलनी या मलमल के कपड़े से छान लें।
- अब इस लिक्विड को किसी साफ बोतल में भर लें।
- आप इसे ठंडी और छायादार जगह पर रखें।
रीठा फ्लोर क्लीनर को किस तरह इस्तेमाल करें-
- करीबन 5-7 लीटर पानी में आधा कप तैयार क्लीनर मिलाएं।
- अब पोंछे को इस मिश्रण में डुबोकर निचोड़ें।
- फिर इससे फ्लोर की सफाई करें।
यह भी पढ़ें-काला पड़ने लगा है पति की शर्ट का कॉलर? रगड़-रगड़कर अब नहीं होगा हाथों में दर्द...इस 1 घोल से करें साफ
रीठा फ्लोर क्लीनर से क्या-क्या फायदे मिलते हैं
- रीठा फ्लोर क्लीनर से ना केवल फर्श की सफाई अच्छी तरह होती है, बल्कि इससे अन्य भी कई तरह के फायदे मिलते हैं। मसलन-
- इसमें किसी तरह का हार्श केमिकल या आर्टिफिशियल खुशबू नहीं होती, इसलिए इसे बच्चों व पालतू जानवरों के लिए काफी अच्छा माना जाता है।
- रीठा और नीम दोनों में ही बैक्टीरिया और फंगस से लड़ने की ताकत होती है, इसे फ्लोर की क्लीनिंग के लिए केमिकल बेस्ड डिसइंफेक्टेंट की जरूरत नहीं होती है।
- रीठा गंदगी, तेल और चिपचिपे दाग को आसानी से हटाता है।
- नींबू के छिलकों की वजह से इसके इस्तेमाल से घर से हल्की खुशबू भी आती है।
- बाज़ार के क्लीनर की तुलना में यह बेहद सस्ता होता है।
यह भी पढ़ें-बारिश में सीढ़ियों या नालियों से घर में घुस रहे हैं केंचुए? बिना हाथ लगाए भगाने के लिए अपनाएं ये आसान उपाय
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।