कॉपर की बोतल को अंदर से साफ़ करने के लिए अपनाएं ये आसान ट्रिक्स

आयुर्वेद में तांबे के बर्तन से पानी पीना सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। खासतौर पर गर्मियों के मौसम में कॉपर यानी कि तांबे की बोतल से पानी पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। तांबे की बोतलों में भरकर कम से कम 3 घंटे के लिए पाने छोड़ दें और उसके बाद पिएं तो ये सेहत के लिए कई तरह से लाभदायक होता है। लेकिन अक्सर देखा जाता है कि इस बोतल के नियमित इस्तेमाल से ये गंदी दिखने लगती है और ठीक से सफाई न कर पाने की वजह से इसका रंग हरा होने लगता है। वैसे तो कॉपर अवांछित बैक्टीरिया और वायरस को मारता है तथा यह पानी को शुद्ध करने में मदद करता है।
लेकिन जब यही कॉपर पुराना होकर ऑक्सीकरण के कारण अपना रंग बदलने लगता है तब यह स्वास्थ्य लाभ देने की बजाय सेहत के लिए नुकसानदेह साबित होने लगता है। इसलिए कॉपर बोतल की नियमित रूप से सफाई जरूरी है जिससे इसमें हरे रंग का तत्व जमा हो कर इसकी चमक को खराब न कर दे। कई बार हम कॉपर की बोतल को बाहर से तो साफ़ कर देते हैं लेकिन इसे भीतर से साफ़ करना मुश्किल हो जाता है। कुछ आसान युक्तियों से कॉपर की बोतल को बाहर के साथ -साथ भीतर से भी साफ़ किया जा सकता है।
सिरका और नमक का इस्तेमाल
- नमक और सिरका के मिश्रण से कॉपर की बोतलों में होने वाले ऑक्सीकरण को कम किया जा सकता है।
- इसके लिए 4 चम्मच सिरका में एक चम्मच नमक मिलाकर इसका पेस्ट तैयार करें।
- इस पेस्ट को बोतल के बाहरी हिस्से में स्क्रब से रगड़ें और इस मिश्रण का एक पतला घोल बनाकर बोतल के भीतर डालकर बोतल को गर्म पानी से भर दें।
- इस पेस्ट को कम से कम 15 मिनट तक बोतल में लगाए रखें।
- 15 मिनट बाद तांबे की बोतल को स्क्रब से रगड़ें और भीतर से बोतल को अच्छी तरह हिलाते हुए गर्म पानी के पूरे लिक्विड को बाहर निकाल दें।
- किसी बोतल साफ़ करने वाले ब्रश से बोतल के भीतरी हिस्से को रगड़ें और इसमें पानी भरकर हिलाते हुए अच्छी तरह भीतर और बाहर से साफ़ करें।
- बोतल को एक साफ, मुलायम, सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें और इसका इस्तेमाल करें।
इसे जरूर पढ़ें:Easy Tips: घर में रखी पीतल की मूर्तियों को इन टिप्स से करें साफ़
नींबू और नमक से करें साफ़
- आप नींबू का उपयोग करके कॉपर की बोतल को बाहर और भीतर से साफ़ कर सकते हैं।
- इसके लिए 2 नींबू को बीच से काट लें और इनका रस निकाल लें।
- नींबू के रस को बोतल के अंदर डालें और इसमें एक चम्मच नमक और उबलता हुआ पानी डालें।
- नींबू के छिलके में एक चम्मच नमक डालकर बोतल के दाग वाले हिस्से पर अच्छी तरह रगड़ें।
- 15 मिनट के लिए इसे छोड़ दें और 15 मिनट बाद फिर से इस छिलके से गन्दी बोतल को रगड़कर साफ़ करें।
- इसके भीतरी हिस्से पर बोतल वाले ब्रश को डालकर साफ़ कर दें।
- कॉपर बोतल के भीतर के हिस्से को गर्म पानी डालकर फिर साफ़ करें।
इमली के जूस का इस्तेमाल
कॉपर बोतल को भीतर से साफ़ करने के लिए 1 कप इमली के जूस को बोतल के अंदर डालें और इसमें एक चम्मच नमक और एक कप उबलता हुआ पानी डालकर बोतल का ढक्कन बंद करके रख दें। बोतल में इस मिश्रण को आधे घंटे तक डालकर छोड़ दें। आधे घंटे बाद बोतल को बंद ढक्कन करके अच्छी तरह से हिलाते हुए इसके भीतर जमी गंदगी को हटाएं। बोतल के भीतर की सारी गंदगी इमली के जूस के साथ बाहर निकल जाती है और कॉपर बोतल अच्छी तरह से साफ़ हो जाती है।
इसे जरूर पढ़ें:जिन जगहों पर नहीं पहुंचता आपका हाथ, वहां की कुछ इस तरह करें सफाई
कॉपर बोतल को भीतर से साफ़ करने के लिए प्रो टिप
- तांबे की बोतल को अंदर से साफ करने के लिए बोतल में सिरका, गर्म पानी, नमक और नींबू के कुछ टुकड़े डालें।
- अच्छी तरह से हिलाएं और 10-15 मिनट तक रखें।
- 10-15 मिनट के बाद, आप कॉपर बोतल को अपने नियमित डिशवॉशिंग पाउडर या लिक्विड से साफ कर सकते हैं।
- आंतरिक भाग की सफाई के लिए आप बोतल की सफाई करने वाले ब्रश का उपयोग कर सकते हैं। जिससे बोतल के हर एक हिस्से को साफ़ किया जा सके।
उपर्युक्त सभी ट्रिक्स से आप कॉपर की बोतल को बाहर और अंदर दोनों तरफ से अच्छी तरह साफ़ कर सकती हैं और इसकी चमक को भी बरकरार रख सकती हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।