History Of Nose Ring: सोलह श्रृंगार ही नहीं, परंपरा भी! जानिए भारत में कब और कैसे शुरू हुआ नाक में नथ पहनने का रिवाज
-1793350328639.webp)
जब भी हम किसी दुल्हन की बात करते हैं, तो उसकी नथ के बिना श्रृंगार अधूरा लगता है। चाहे वो मराठी नथ हो या पहाड़ी दुल्हन की नथुली, नथ हर लुक को रॉयल बना देती है। क्या आपने कभी सोचा है कि ये छोटा सा गहना भारत में आया कहां से? लोग समझते हैं कि नथ प्योर इंडियन है, पर इसका सफर तो मध्य-पूर्व के रेगिस्तानों से शुरू हुआ था। हजारों साल पहले इसे शानो-शौकत और दौलत का प्रतीक माना जाता था, और आज ये सोलह श्रृंगार का सबसे अहम हिस्सा बन चुका है।
नथ में छुपा है, सालों पुराना इतिहास
भारत में गहने सिर्फ सजने-संवरने के लिए नहीं पहने जाते हैं, हर गहने के पीछे एक कहानी और मान्यता जुड़ी होती है। नथ भी ऐसी ही है। इसे सिर्फ सुंदरता के लिए नहीं, बल्कि शादीशुदा जिंदगी की खुशहाली और आस्था से भी जोड़ा जाता है। कहा जाता है कि नथ पहनना देवी पार्वती को समर्पित है, जो वैवाहिक सुख और प्रेम की देवी हैं। तभी तो कन्याकुमारी मंदिर में देवी की नाक की नथ में लगा हीरा आज भी मीलों दूर से चमकता हुआ दिखता है। आइए Cultural and Historical implication of Museum Collection: Representation of Regions and Tribes in the Nose Rings of Amrapali Museum of Jaipur की रिसर्च से जानते हैं कि भारत में कहां से नथ परंपरा?
Photo Credit: Pinterest (Flickr)
कुछ ग्रंथों के अनुसार सुश्रुत संहिता में नाक छेदन का जिक्र मिलता है, लेकिन ज्यादातर इतिहासकार मानते हैं कि नथ भारत में मुगलों के साथ 16वीं सदी में आई। मुगल मध्य-एशिया से आए थे और वहां नाक में गहना पहनना आम था, जिसे शनफ कहा जाता था। बाइबिल में भी इसका जिक्र है जब अब्राहम के सेवक ने रिबका को सोने की नथ उपहार में दी थी। मुगलों के आने के बाद राजपूत और मराठा रानियों ने इसे अपनाया और फिर ये शाही महलों से निकलकर आम भारतीय महिलाओं तक पहुंच गया।
नथ का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व
1. शादी का प्रतीक
पश्चिम में जैसे शादी के बाद वेडिंग रिंग पहनी जाती है, भारत में नथ सुहाग का प्रतीक है। इसे पहनना पति की लंबी उम्र और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना से जुड़ा है।
2. देवी पार्वती से जुड़ाव
हिंदू मान्यता में नथ को देवी पार्वती का आशीर्वाद माना जाता है। इसलिए, दुल्हन अपनी नथ के जरिए देवी से सुखी दांपत्य जीवन का वरदान मांगती है।
3. बुरी नजर से बचाव
कई गांवों में आज भी माना जाता है कि नथ दुल्हन को बुरी नजर से बचाती है। ये एक सुरक्षा कवच की तरह काम करती है।
4. आयुर्वेद से कनेक्शन
आयुर्वेद में कहा गया है कि बाईं नाक का संबंध महिला के प्रजनन अंगों से होता है। बायीं नाक छिदवाने से मासिक धर्म का दर्द और प्रसव पीड़ा कम होती है। हालांकि, इसका वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है; पर यह मान्यता सदियों से चली आ रही है।
Photo Credit: Magnific
भारत में नथ हर राज्य की पहचान
नथ एक जैसी नहीं होती, भारत की विविधता इसमें भी दिखती है।
महाराष्ट्र की ब्राह्मणी नथ
ये नथ अर्धचांद के आकार की होती है। पेशवा काल से चली आ रही है, इसलिए इसे पेशवाई नथ भी कहते हैं। इसमें बीच में एक बड़ा मोती और किनारे पर छोटे-छोटे रूबी या पन्ने लगे होते हैं। इसका साइज काफी बड़ा होता है और ये गाल तक आती है। बाजीराव मस्तानी फिल्म के बाद ये नथ पूरे भारत में ट्रेंड में आ गई।
उत्तराखंड की नथुली
नथुली गढ़वाल-कुमाऊं की दुल्हनों की सबसे बड़ी पहचान है। ये शायद भारत की सबसे बड़ी और भारी नथ है, जो लगभग पूरे गाल को कवर कर लेती है। पूरी तरह शुद्ध सोने से बनती है और इसमें मोतियों का गुच्छा लटका होता है। मान्यता है कि नथुली जितनी बड़ी और भारी, परिवार उतना ही संपन्न रहेगा। आजकल इसमें लाइट वेट डिजाइन भी आने लगे हैं।
पंजाब और उत्तर प्रदेश की लटकन वाली नथ
इसे बड़ी नथ या कोका भी कहते हैं। ये गोल्ड की बड़ी गोल रिंग होती है जिसके नीचे मोतियों और कुंदन की कई लड़ियां लटकती हैं। पंजाबी और अवधी दुल्हनों में ये बहुत पसंद की जाती है क्योंकि इसका लटकन वाला डिजाइन चेहरे को बहुत रॉयल लुक देता है।
Photo Credit: Magnific
राजस्थान की भंवरिया
राजस्थान और गुजरात में इसे नथड़ी या कांटा कहते हैं। ये बिना छेद वाली नाक पर पहनी जाने वाली नथ है जो कान में एक चेन (भंवरिया) से अटकी होती है। इसका डिजाइन बड़ा और नक्काशीदार होता है। राजपूती पोशाक के साथ ये नथ राजशाही का प्रतीक मानी जाती है।
यह भी पढ़ें- शूरवीरों के दौर से लेकर रानियों के महलों तक: आखिर कहां से आई भारतीय संस्कृति में घूंघट रखने की प्रथा?
कश्मीर की देहर और बंगाल की नोलोक
देहर (Dejhoor): कश्मीरी पंडित महिलाएं शादी के बाद जो लंबी झुमके जैसी ज्वेलरी पहनती हैं, उसे देहर कहते हैं। ये नथ नहीं बल्कि कान की ज्वेलरी है पर नथ की तरह ही सिंदूर और सुहाग से जुड़ी है। कई लोग कश्मीरी गोल्डन चेन वाली बड़ी नथ को भी देहर ही समझ लेते हैं।
नोलोक: बंगाली दुल्हनों की फूल के आकार की छोटी नथ। इसमें बीच में एक बड़ा मोती और चारों तरफ पंखुड़ियों जैसा डिजाइन होता है। ये नाक के बीचो-बीच पहनी जाती है और बहुत ही नाजुक दिखती है।
दक्षिण भारत की मुक्कुथी
तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में इसे मुक्कुथी या बुलाकू कहते हैं। ये सबसे सिंपल नथ है, सोने या हीरे की एक छोटी सी लौंग। कॉलेज गोइंग लड़कियों से लेकर शादीशुदा महिलाओं तक सभी इसे रोज पहन सकती हैं। कई डिजाइन में इसमें देवी लक्ष्मी की छोटी मूर्ति भी बनी होती है।
यह भी पढ़ें- Indian Culture: भारत में महिलाओं के माथे पर बिंदी लगाने की प्रथा कैसे शुरू हुई? जानिए इसका इतिहास
नथ का सफर 4000 साल पहले मध्य-पूर्व के कबीलों से शुरू होकर भारतीय दुल्हनों के सोलह श्रृंगार तक पहुंचा है। ये सिर्फ सोने-हीरे का टुकड़ा नहीं है, बल्कि हमारी परंपरा, आस्था, औरत की पहचान और उसके आत्मविश्वास का प्रतीक है। चाहे वो फिल्मों में फैशन स्टेटमेंट के तौर पर हो या किसी दादी की तिजोरी में रखा खानदानी गहना, नथ ने हर दौर में खुद को साबित किया है। ये हमें याद दिलाती है कि परंपरा कभी पुरानी नहीं होती, बस उसका अंदाज बदल जाता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या शादी के बाद नथ पहनना जरूरी है?
- बिल्कुल नहीं, ये पूरी तरह आपकी पसंद पर है। पहले के समय में इसे सुहाग का प्रतीक माना जाता था, लेकिन आज नथ एक फैशन स्टेटमेंट बन गई है। कई लड़कियां कुंवारी होते हुए भी इसे स्टाइल के लिए पहनती हैं।
- नाक छिदवाने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
- हमेशा प्रोफेशनल पियर्सर से ही छिदवाएं, गन से नहीं सुई से छेदन करवाएं। छिदवाने के बाद 2-3 हफ्ते तक सोने या सर्जिकल स्टील की लौंग ही पहनें और रोज साफ पानी से सफाई करें। ताकि इंफेक्शन न हो।
- बिना नाक छिदवाए नथ कैसे पहन सकते हैं?
- आजकल बाजार में क्लिप-ऑन और प्रेस-ऑन नथ बहुत ट्रेंड में हैं। ये बिना छेद के ही नाक पर चिपक जाती हैं और देखने में असली जैसी ही लगती हैं। फोटोशूट, शादी या फेस्टिवल के लिए ये बेस्ट ऑप्शन हैं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।