Eco-Friendly Diwali Celebration: इस बार मनाएं वीगन दिवाली, जानें पूजा से लेकर स्नैक्स तक में कैसे करें बदलाव?

दिवाली का त्योहार आते ही घरों में मिठाइयां बनने लगती हैं, दीये जलाए जाते हैं और हर तरफ सजावट की जाती है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि त्योहार मनाते समय हम कुछ ऐसी चीजों का इस्तेमाल करते हैं, जिनके लिए जानवरों को तकलीफ उठानी पड़ती है? इसी सोच के साथ अब वीगन दिवाली मनाने की बात भी की जा रही है।
इसका मतलब यह नहीं है कि आपको दिवाली की पुरानी परंपराएं छोड़नी होंगी या मिठाइयों का स्वाद कम करना होगा। आप बिना घी, दूध और मावा के भी स्वादिष्ट पकवान बना सकती हैं। साथ ही पूजा, कपड़ों, सजावट और गिफ्ट में भी कुछ छोटे बदलाव करके जानवरों के प्रति प्यार और दया दिखा सकती हैं।
क्या होती है वीगन दिवाली?
वीगन्यूरी के भारत निदेशक प्रशांत विश्वनाथ का कहना है कि वीगन दिवाली का मतलब है ऐसा त्योहार मनाना, जिसमें जानवरों से मिलने वाली चीजों का इस्तेमाल न किया जाए। इसमें दूध, दही, घी, शहद, चमड़ा, रेशम और मधुमक्खी के मोम जैसी चीजों से बचने की कोशिश की जाती है। इसके बजाय पौधों से मिलने वाली चीजों का इस्तेमाल हाेता है। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि दिवाली की खुशियों में कोई कमी आएगी। आप घर सजाएं, रंगोली बनाएं, मिठाई खाएं और अपनों के साथ त्योहार मनाएं। बस कुछ चीजों को बदलकर इस त्योहार को जानवरों के लिए भी बेहतर बना सकती हैं।
-1794050399526.webp)
image credit- magnific
मिठाई और पूजा में करें ये छोटे बदलाव
दिवाली पर मिठाई और पूजा की थाली में कई ऐसी चीजें होती हैं, जो दूध या दूसरे पशु उत्पादों से बनती हैं। इनकी जगह कुछ दूसरे ऑप्शंस अपनाए जा सकते हैं। जैसे-
- बर्फी, पेड़ा और गुलाब जामुन जैसी मिठाइयों में घी या खोया इस्तेमाल होता है। इनकी जगह नारियल तेल और काजू पेस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है।
- पंचामृत की बात करें तो इसमें भी दूध, दही, घी और शहद जैसी चीजें होती हैं। इसकी जगह प्लांट मिल्क और गुड़ का इस्तेमाल कर सकती हैं।
- घी के दीये की जगह सरसों या तिल के तेल वाले दीये जलाएं।
- शंख, रेशम और मोती की जगह घंटी, सूती कपड़े और कांच के मोती चुनें।
- मधुमक्खी के मोम की जगह सोया या नारियल वैक्स से बनी मोमबत्तियां लें।
यह भी पढ़ें- दिवाली पार्टी में तारीफ बटोरेंगे ये 5 झटपट बनने वाले Veg Starters, मेहमान भी पूछेंगे रेसिपी
सजावट और कपड़ों में भी अपनाएं वीगन तरीका
दिवाली पर घर को सजाने के लिए आपको बहुत कुछ बदलने की जरूरत नहीं है। रंगोली तो पहले से ही वीगन होती है। आप चावल के आटे, फूलों की पंखुड़ियों, हल्दी और कलरफुल चावलों से सुंदर रंगोली बना सकती हैं। बस चमकीले सिंथेटिक पाउडर से बचना चाहिए। वहीं कपड़े खरीदते समय सूती और हैंडलूम के कपड़ों को ही लें। इसी तरह चमड़े के बैग और जूतों की जगह कपड़े, कैनवास या रबर से बने सामान ले सकती हैं। जहां तक घर के सजावट की बात है तो आप ये चीजें भी इस्तेमाल कर सकती हैं-
- मिट्टी के दीये
- कागज की लालटेन
- सजावटी झालर
- फूलों की पंखुड़ियां
- रंगीन चावल से बनी रंगोली
आपको बता दें कि पटाखों से भी कई जानवर डर जाते हैं। तेज आवाज से गली के कुत्ते, गाय और पक्षी परेशान होते हैं। इसलिए पटाखों की जगह दीये, लालटेन और झालर से घर को रोशन करें। अपने पालतू जानवरों को घर के अंदर रखें और आसपास के कुत्तों-बिल्लियों के लिए पानी और सुरक्षित जगह का इंतजाम करें।
घर पर बनाएं ये 3 स्वादिष्ट वीगन मिठाइयां
अगर आपको लगता है कि बिना घी और दूध के मिठाई बनाना मुश्किल है, तो ऐसा नहीं है। आप घर पर इन तीन आसान रेसिपी को ट्राई कर सकती हैं।
1. बेसन के लड्डू
बेसन के लड्डू बनाने के लिए 120 ग्राम बेसन और 80 ग्राम नारियल तेल लें। बेसन को धीमी आंच पर नारियल तेल के साथ करीब 15-20 मिनट तक भूनें। इसके बाद इसमें चीनी और इलायची मिलाएं। जब यह थोड़ा ठंडा हो जाए तो इससे छोटे-छोटे लड्डू बना लें।
2. नारियल के लड्डू
एक बर्तन में नारियल का दूध और चीनी डालकर करीब 5 मिनट उबालें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल मिलाएं। इसे 10-12 मिनट तक पकाएं। जब यह लड्डू बनाने लायक हो जाए तो इसे थोड़ा ठंडा करके छोटे लड्डू बना लें।
3. गाजर का हलवा
गाजर का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले गाजर को कद्दूकस कर लें। अब इसे नारियल तेल में भूनें। इसमें ओट मिल्क या बादाम का दूध डालकर करीब 25-30 मिनट तक पकाएं। आखिर में चीनी और इलायची मिला दें। इस तरह बिना दूध और घी के गाजर का हलवा तैयार हो जाएगा।
-1794050457196.webp)
image credit- magnific
इसके अलावा खीर बनाने के लिए चावल को नारियल या काजू के दूध में गुड़ के साथ पका सकती हैं। अगर किसी डिश में पनीर डालना है, तो उसकी जगह टोफू का इस्तेमाल किया जा सकता है।
वीगन मेहमान आएं तो खाने में रखें इन बातों का ध्यान
अगर आपके घर कोई वीगन मेहमान आ रहा है, तो उसके लिए अलग से बहुत बड़ा मेन्यू बनाने की जरूरत नहीं है। आप अपने खाने में कुछ छोटे बदलाव कर सकती हैं।
- दाल में घी की जगह तेल का तड़का लगाएं।
- सब्जी में मलाई या दूध न डालें।
- पूड़ियां तेल में बनाएं।
- रायते की जगह कोई दूसरी ऐसी डिश रखें जिसमें दही न हो।
- चाय के लिए नींबू-अदरक वाली काली चाय या ओट-सोया मिल्क का ऑप्यान देखें।
- मिठाई में फल, खजूर या दूध से बनी चीजों के बिना वाली डार्क चॉकलेट दे सकती हैं।
यह भी पढ़ें- चारों तरफ है खुशियों का सवेरा, घर में मां लक्ष्मी का है बसेरा... इन विशेज को भेजकर अपनों को दें छोटी दिवाली की बधाई
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।
