Black Friday Sale: 70% डिस्काउंट के नाम पर कहीं ठगी तो नहीं जा रहीं आप? इन 4 तरीकों से पहचानें असली डील

Image Credit- AI
नवंबर के आखिरी हफ्ते में ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों को Black Friday Sale का इंतजार रहता है। फोन पर 50%, 60% और 70% तक डिस्काउंट वाले मैसेज भी आने लगते हैं। बड़े-बड़े डिस्काउंट देखकर लगता है कि इस बार महंगे सामान भी कम दाम में मिल जाएंगे, लेकिन हर बार ज्यादा छूट दिखने का मतलब यह नहीं है कि आपको सच में अच्छी डील मिल रही है।
कई बार सामान की कीमत पहले बढ़ाई जाती है और फिर उस पर हैवी डिस्काउंट दिखाकर उसे उसी पुराने दाम पर बेच दिया जाता है। ऐसे में कस्टमर्स को लगता है कि उसने काफी पैसे बचा लिए, जबकि असल में ऐसा नहीं होता है। इसलिए सेल में खरीदारी करने से पहले कुछ बातें जरूर चेक कर लेनी चाहिए। हम आपको इसके बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। आइए जानते हैं-
कैसे होता है नकली डिस्काउंट का खेल?
मान लीजिए, आप एक ब्रांडेड जैकेट खरीदना चाहती हैं, जिसकी कीमत आम दिनों में दो हजार रुपये है। सेल शुरू होने से कुछ हफ्ते पहले दुकानदार या ऑनलाइन सेलर इसकी कीमत बढ़ाकर पांच हजार रुपये कर देता है। इसके बाद Black Friday Sale में उसी जैकेट पर 60 परसेंट की छूट दिखा दी जाती है। अब डिस्काउंट के बाद जैकेट की कीमत फिर से दो हजार रुपये ही हो गई। ऐसे में आपको लगेगा कि पांच हजार रुपये वाली जैकेट सिर्फ दो हजार में मिल गई और आपने तीन हजार रुपये बचा लिए, लेकिन असल में आपने वही कीमत चुकाई है जिस पर यह जैकेट पहले भी मिल रही थी।
Image Credit- Magnific
इसके अलावा, कुछ वेबसाइट पर 'सिर्फ 4 पीस बचे हैं' या काउंटडाउन टाइमर जैसी चीजें भी दिखाई जाती हैं। इन्हें देखकर लोग जल्दी में खरीदारी कर लेते हैं। ऐसे में जरूरी है कि सिर्फ डिस्काउंट देखकर कोई सामान न खरीदें।
असली डील पहचानने के लिए अपनाएं ये 4 तरीके
अगर आप सच में ब्लैक फ्राइडे सेल में खरीदारी कर रही हैं, तो असली डील को पहचानने के लिए हम आपको 4 आसान तरीके बता रहे हैं।
1. खरीदने से पहले प्रोडक्ट का पुराना रेट चेक करें
ऑनलाइन किसी सामान पर हैवी डिस्काउंट दिखे, तो तुरंत ऑर्डर करने के बजाय उसकी पुरानी कीमत चेक करें। इसके लिए इंटरनेट पर कई वेबसाइट और ब्राउजर एक्सटेंशन मौजूद हैं। इनमें प्रोडक्ट का लिंक डालने पर उसकी पिछले 3 से 6 महीने की कीमत आप देख सकती हैं। इससे आपको पता चल जाएगा कि सेल शुरू होने से पहले सामान का रेट बढ़ाया गया था या नहीं।
यह भी पढ़ें- Black Friday Sale 2026 में जरूर खरीदें ये 7 चीजें, Winters में आएंगी काम
2. 70% छूट देखकर तुरंत खुश न हों
कई बार कंपनियां सामान की MRP यानी उस पर लिखी कीमत के हिसाब से डिस्काउंट दिखाती हैं, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है कि वह प्रोडक्ट बाकी दिनों में भी उसी रेट पर बिकता हो। जैसे मान लीजिए कि किसी ईयर बड्स की MRP 4000 रुपये है, लेकिन वह पूरे साल 1200 रुपये में बिकती है। अब Black Friday Sale में उसी ईयर बड्स पर 70% छूट दिखाकर कीमत 1200 रुपये रख दी जाती है। ऐसे में आपको लगेगा कि आपने सेविंग कर ली, जबकि कीमत में कोई खास बदलाव नहीं किया गया है।
Image Credit- Magnific
3. दूसरी वेबसाइट पर भी कीमत जरूर देखें
कई लोग जिस वेबसाइट पर सामान देखते हैं, वहीं से ऑर्डर कर देते हैं, लेकिन ऐसा करने से पहले उसी प्रोडक्ट की कीमत दूसरी जगहों पर भी चेक कर लें। इसके लिए प्रोडक्ट का नाम गूगल पर सर्च करें और अमेजन, फ्लिपकार्ट या कंपनी की अपनी वेबसाइट पर उसका रेट देखें। हो सकता है कि एक वेबसाइट पर जिस कीमत को Black Friday की खास डील बताया जा रहा हो, वही कीमत दूसरी वेबसाइट पर पहले से मिल रही हो। इस तरह अलग-अलग जगह पर रेट देखने से आपको समझ आएगा कि कौन सा ऑफर सच में अच्छा है।
4. सेल से पहले ही अपनी विशलिस्ट बना लें
अगर आप सेल में कोई महंगा फोन, शूज या इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने की सोच रही हैं, तो आखिरी दिन तक इंतजार न करें। कम से कम एक महीने पहले से ही उस सामान को अपनी विशलिस्ट या कार्ट में रख लें। उस समय उसकी कीमत भी कहीं नोट कर लें। जब सेल शुरू होगी, तो आप आसानी से दोनों कीमतों की तुलना कर पाएंगी।
यह भी पढ़ें- Black Friday: जानें क्या होता है ब्लैक फ्राइडे और क्यों मनाते हैं लोग
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या ब्लैक फ्राइडे सेल के दौरान मिलने वाले बैंक ऑफर या कूपन कोड से असली बचत बढ़ सकती है?
- हां, अगर प्रोडक्ट की कीमत वाकई सही और कम है, तो चुनिंदा बैंक कार्ड डिस्काउंट या कूपन कोड से अतिरिक्त बचत हो सकती है। बस पेमेंट करने से पहले देख लें कि वह ऑफर किसी न्यूनतम शॉपिंग अमाउंट या खास कैटेगरी पर ही तो लागू नहीं है।
- ऑनलाइन सेल में 'लाइटनिंग डील' या फ्लैश सेल के समय क्या ध्यान रखना चाहिए?
- फ्लैश सेल में समय और स्टॉक कम होता है, इसलिए हड़बड़ी में गलत साइज, मॉडल या बिना रिटर्न पॉलिसी देखे ऑर्डर होने का खतरा रहता है। पेमेंट से पहले डिलीवरी डेट और रिटर्न/रिप्लेसमेंट नियम जरूर पढ़ लें।
- क्या किसी अनजान या नई शॉपिंग वेबसाइट पर बड़े डिस्काउंट देखकर पेमेंट करना सुरक्षित है?
- बिल्कुल नहीं, बड़े डिस्काउंट का लालच देकर फर्जी वेबसाइट या फेक पेमेंट लिंक भी चलाए जा सकते हैं। हमेशा भरोसेमंद प्लेटफॉर्म या ऑफिशियल स्टोर से ही शॉपिंग करें और अनजान लिंक पर कार्ड या बैंक डिटेल डालने से बचें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।