Main Hoon Apni Dhanlaxmi Part-53: इमरजेंसी में पैसों की जरूरत पड़ जाए तो कहां से जुटाएंगे कैश? जानें ये तरीके

विभिन्न रूपों में आपके पास धन है, पर फिर भी अचानक आन पड़ी आवश्यकता के समय यदि उसे नगदी में न बदल सकें और मुसीबत के सामने बेबसी महसूस हो, तो आपको अपने धन प्रबंधन में कुछ आवश्यक बदलाव करने चाहिए। इस विषय में बता रही हैं डा. आरती गुप्ता...
Updated:- 2026-11-25, 15:08 IST
image

कल्पना कीजिए आधी रात को आपके पास काल आती है। अभिभावक को अचानक अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। उनकी सर्जरी होनी है, जिसके लिए आपको सुबह तक दो लाख रुपये का इंतजाम करना है। आप गरीब नहीं हैं, आपने परिसंपत्तियां बनायी हैं। दस साल पहले एक फ्लैट खरीदा, जिसकी कीमत दो लाख रुपये से कहीं आधिक होगी। लाकर में ज्वेलरी रखी है। पिता के कहने पर जो पीपीएफ अकाउंट खोला, उसमें भी राशि साल दर साल बढ़ती गई। फिक्स्ड डिपाजिट हैं, जिसे हर बार मैच्योर होने पर पुन: बढ़ा देते हैं। किसी ने सलाह दी कि सेवानिवृत्ति के लिहाज से एनपीएस खरीदना अच्छा रहता है तो वह भी ले लिया। आपके पास धन तो है पर आप उसे कागजी दस्तावेजों, अपने पोर्टफोलियो में देख सकते हैं, लेकिन जब कोई जरूरत आन पड़ती है, तो उसका इस्तेमाल नहीं कर सकतीं। आपके पास धन होना और उसे इस्तेमाल कर सकें, इसके मध्य जो अंतर है उसे तरलता (लिक्विडिटी) कहते हैं। पर्सनल फाइनेंस का यह सबसे महत्वपूर्ण पहलू है, पर इसकी चर्चा सबसे कम होती है। अधिकांश लोग इसी सवाल में उलझे रह जाते हैं कि क्या मेंरे पास पर्याप्त धन है। लिक्विडिटी का पहलू उससे काफी अलग है। इसमें यह देखा जाता है कि जो भी धन है, क्या उसे वर्तमान में आवश्यकता होने पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

Ways to get instant cash

इसका उत्तर इस बात पर निर्भर करेगा कि आपका धन किस मद में रखा है।

अपनी प्रत्येक परिसंपत्ति पर विचार करें, ये देखें कि कौन सा धन आप तत्काल इस्तेमाल कर सकती हैं और किस धन को नगदी में बदलने के लिए महीनों का इंतजार करना पड़ सकता है। कई बार परिसंपत्ति की कीमत भी मन मुताबिक नहीं मिल पाती। बहुत से परिवार बस परिसंपत्तियां जोड़ने पर ध्यान देते हैं। वे उसमें संतुलन पर ध्यान नहीं देते। जो भी लिक्विडिटी होती है, वो सेविंग अकाउंट में होती है। अगर आपको धन की जरूरत आज है तो वह तत्काल उपलब्ध होता है। लिक्विड म्यूचुअल फंड्स भी इसी प्रकार काम करते हैं, यदि उन्हें रिडीम करना चाहें तो अगले दिन धन मिल जाएगा। हालांकि ये निवेश बहुत अच्छा रिटर्न नहीं देते और ये उनकी विशेषता है भी नहीं। उनकी उपयोगिता आवश्यकता पर धन की उपलब्धता सुनिश्चित होने की वजह से है। इक्विटी म्यूचुअल फंड्स धन को बढ़त देने का उपकरण माने जाते हैं, किंतु वर्तमान व्यवस्था के अंतर्गत उन्हें रिडीम करने और धन अकाउंट में जमा होने में करीब दो कार्यदिवस लग जाते हैं। फिक्स्ड डिपाडिट्स को तोड़ा जा सकता है, पर बैंक पेनाल्टी के रूप में उस पर ब्याज 0.5 से एक प्रतिशत तक घटा देते हैं। ये कोई अपरिहार्यता नहीं, बल्कि उसकी कीमत होती है। अपने ही धन को जरूरत पर इस्तेमाल कर पाने के लिए आपको ये कीमत अदा करनी पड़ती है।

परिसंपत्तियों के परिदृश्य में बदलाव की शुरुआत यहीं से होती है।

भारतीय मानसिकता में पीपीएफ को सबसे सुरक्षित माना जाता है और वास्तव में ऐसा है। उस पर मिलने वाला रिटर्न टैक्स मुक्त होता है। सरकार भी इसे समर्थन देती हैं और चक्रवृद्धि ब्याज मिलाकर 15 साल में एक बड़ी राशि खड़ी हो जाती है, पर पीपीएफ लाक रहता है। कुछ विशेष परिस्थितियों में पांच साल के बाद ही उसमें से आंशिक निकासी की जा सकती है। चौथे वर्ष की समाप्ति पर जो जमा राशि होती है, उसका 50 प्रतिशत तक राशि निकाली जा सकती है। छठवें वर्ष से पहले उसमें से धनराशि नहीं निकाली जा सकती। तीन साल के बाद पीपीएफ के आधार पर लोन मिल सकता है, पर ये उसकी कुल राशि का 25 प्रतिशत तक ही होगा, जिसे तीन साल में अदा करना पड़ेगा। पीपीएफ की दर से एक प्रतिशत अधिक ब्याज देना पड़ेगा। इस प्रकार धन प्राप्त करना सहज नहीं होता।

How to arrange money in an emergency

एनपीएस के साथ कई दूसरी बाध्यताएं जुड़ी हैं। इसे सेवानिवृत्ति के लिहाज से उपयोगी निवेश समझा जाता है। तीन साल बाद उसमें से आंशिक निकासी संभव है, पर उसके लिए आवश्यक आधार होना चाहिए जैसे मेडिकल इमरजेंसी, शिक्षा या घर खरीद। यहां भी कुल योगदान की 25 प्रतिशत तक राशि ही निकाली जा सकती है। 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 60 प्रतिशत राशि निकाल सकते हैं, शेष 40 प्रतिशत राशि वार्षिक भत्ते के मद में जमा हो जाएगी। एनपीएस को सेवानिवृत्ति के लिहाज से सर्वाधिक उपयुक्त माना जाता है, पर ये इमरजेंसी फंड का स्रोत नहीं हो सकता।

भौतिक गोल्ड और ज्वेलरी हम ये सोचकर खरीदते हैं कि आवश्यकता पड़ने पर उसे बेचकर नगद धन मिल जाएगा। हालांकि खरीद का जो मूल्य होता हैै वही उसे बेचने पर नहीं मिल पाता। उसके साथ मेकिंग चार्ज और शुद्धता के सवाल जुड़े होते हैं। कई बार उसे बेचने के लिए कई ज्वेलर्स के पास जाना पड़ता है, इस वजह से संकट के समय उससे धन मिलने को लेकर आश्वस्त नहीं रहा जा सकता।
इस परिदृश्य में सबसे अंत में आता है रियल एस्टेट। एक करोड़ के फ्लैट को दो लाख की जरूरत के लिए नहीं बेचा जा सकता। उसे टुकड़ों में भी नहीं बेचा जा सकता। लेन-देन पूरा होने में कई माह लग सकते हैं। जिस रियल एस्टेट को बनाने में कई दशक लगे, वह किसी रात आन पड़ी आपात स्थिति से आपके बचाव का साधन नहीं हो सकती।
हालांकि इन बातों का ये मतलब नहीं कि इन परिसंपत्तियों की खरीद गलत है। पीपीएफ पर चक्रवृद्धि का नियम काम करता है और टैक्स मुक्त रिटर्न मिलता है। एनपीएस से सेवानिवृत्ति पर वित्तीय अनुशासन बनता है। गोल्ड के साथ भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव होता है। रियल एस्टेट विरासत से संबंद्ध है। ये सभी बातें इनके पक्ष में काम करती हैं। हम जब उन्हें धन की तात्कालिक जरूरत पूरी करने का उत्पाद मानने लगते हैं, बस वहीं गल्ती कर जाते हैं। जो परिवार अपना संपूर्ण धन परिसंपत्तियों के निर्माण में लगा देते हैं और वो कागजों पर दिखती हैं, वो उससे व्यवहार रूप में अचानक धन की आवश्यकता को पूरा नहीं कर सकते।

यह भी पढ़ें- Main Hoon Apni Dhanlaxmi Part-52: सुख-समृद्धि के साथ चाहिए आर्थिक सुरक्षा, धन को लेकर अपनाएं ये आदतें

यही वजह है कि फाइनेंशियल प्लानिंग में एक अलग लिक्विड इमरजेंसी फंड बनाने की सलाह दी जाती है। इसे रिटर्न के लिए नहीं, बल्कि धन की उपलब्धता की खातिर तैयार किया जाता है। इसमें तीन से छह माह के घर खर्च बराबर राशि किसी सेविंग अकाउंट या लिक्विड म्यूचुअल फंड में रखनी चाहिए। इसे कहीं और रखने का लाभ नहीं है।

Emergency cash

इस सप्ताह एक कार्य करें। अपनी सभी परिसंपत्तियों का ब्यौरा लिखें। साथ ही ये उल्लेख करें कि उसे लिक्विड में बदलने में संभावित कितना समय लगेगा। फिर स्वयं से सवाल पूछें, यदि मुझे 48 घटों के भीतर दो लाख रुपये की आवश्यकता होगी तो वो धन कहां से आएगा। यदि उत्तर स्पष्ट है और उसे लेकर मन शांत है तो आप सही पथ पर हैं। यदि उस सवाल को लेकर मन में दुविधा उत्पन्न हो तो कोई अपरिहार्य स्थिति बने उससे पहले इस दिशा में काम करने की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें- Main Hoon Apni Dhanlaxmi Part-50: त्योहारों में घर की सफाई के साथ कर लें पैसों से जुड़े ये 9 काम, भविष्य में नहीं होगी परेशानी 

एक और महत्वपूर्ण बात कहना चाहूंगी। दीवाली में अभी एक सप्ताह का समय है। आप प्रियजनों के लिए उपहारों के विषय में सोच रहे होंगे, तो बेहतर होगा कि सोनपापड़ी के डिब्बे से ऊपर उठकर कुछ सोचें। लिक्विडिटी के विषय में मैंने स्तंभ में बताया है, अपनी पुस्तक आइ एम माइ ओन लक्ष्मी में मैंने इस पर विस्तार से बात की है। ऐसे उपहारों के विषय में सोचें जिससे धन को लेकर एक अनुशासन व समझ बनाने में मदद मिले।
यह स्तंभ मात्र शैक्षिक उद्देश्य से है। परिवार से संबंधित कोई भी वित्तीय निर्णय लेने से पहले किसी पंजीकृत वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें।
आपका प्रत्येक पत्र हम पढ़ते हैं। पाठक हमें ईमेल कर सकते हैं- iamolaxmi@gmail.com

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।