Main Hoon Apni Dhanlaxmi Part-52: सुख-समृद्धि के साथ चाहिए आर्थिक सुरक्षा, धन को लेकर अपनाएं ये आदतें

इस स्तंभ की शुरुआत एक साल पहले एक सामान्य विश्वास के साथ हुई थी कि हर महिला को अपने धन के विषय में समझने का अधिकार है। वित्तीय समझ-बूझ बढ़ाने की इस 52 हफ्तों की यात्रा में आपने मुझे जो पत्र लिखे उनसे मैंने क्या सीखा ये साझा करना चाहूगी। मैंने किसी को जो कुछ भी सीखने में मदद की उससे कहीं ज्यादा आपके पत्रों ने मुझे सिखाया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के डाक्टर ने कुछ सप्ताह पहले एक पत्र लिखा। उनके परिवार के पढ़े-लिखे सदस्यों, जिनमें दो डाक्टर और एक इंजीनियर थे, उनसे संवाद का मर्म भी यही था कि उन्हें अपनी वित्तीय मामलों के बारे में ज्यादा पता नहीं था। सभी अकाउंट, वित्तीय निर्णयों की जानकारी एक ही व्यक्ति के पास थी। उसी शाम उन्होंने सभी स्वजन को साथ बैठने को कहा ताकि आवश्यक जानकारियां साझा की जा सकें।
हाथ से लिखे एक पत्र में स्वतंत्रता दिवस की तारीख लिखी थी, उन्होंने नोट पर शीर्षक लिखा आर्थिक स्वतंत्रता। उन्हें ये महसूस हुआ कि राजनीतिक स्वतंत्रता प्राप्ति के 79 वर्ष बाद भी एक आवश्यक अध्याय लिखा जाना बाकी है। जब भी लोन, प्रापर्टी, इंश्योरेंस पालिसी खरीद जैसे बड़े वित्तीय निर्णय लिए जाते हैं तो महिलाओं की उपस्थिति औपचारिकता मात्र ही समझी जाती है। वे उस समय कमरे में मौजूद तो रहती हैं, पर निर्णय में उनकी भागीदारी नहीं होती।
इंदौर की एक महिला ने पत्र के माध्यम से अपने परिवार के तीन दृश्यों का उल्लेख किया।
परिवार में महिला सदस्य के नाम पर घर खरीदने का निर्णय लिया गया ताकि दो प्रतिशत स्टांप शुल्क की बचत हो सके, पर जब उसे बेचने का निर्णय लिया गया तो उसे सिर्फ हस्ताक्षर करने को कहा गया।
जब परिवार की संपत्ति का बंटवारा हो रहा था तो सभी महिलाओं को कमरे से बाहर निकल जाने को कहा गया।
यदि किसी महिला ने अपनी कमाई को लेकर कुछ कहने का प्रयास किया तो उसे पता था कि बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
इस महिला ने यह कहते हुए अपनी बात समाप्त की कि धन मेरा है, उससे जुड़े निर्णय भी मेरे होंगे, तभी वास्तविक स्वतंत्रता आएगी।

बीते एक साल में मिले पत्रों ने मुझे जो सिखाया उसका सार यही है। वित्तीय अज्ञानता को दूर करने के इरादे से मैंने ये स्तंभ शुरू किया था, पर आपके पत्रों ने उससे भी बड़ी समस्या की ओर इंगित किया। ये अनुमति मांगने की बाध्यता के विषय में थी। जो महिलाएं अपने आस-पास के लोगों के मुकाबले अधिक जानकारी रखती थीं, उनसे कभी निर्णयों को लेकर पूछा ही नहीं गया। उन्हें कभी ये बताया ही नहीं गया कि धन से संबंधित प्रश्न वे भी पूछ सकती हैं। जहां उनसे हस्ताक्षर करने को कहा गया वहां उन्होंने हस्ताक्षर कर दिए। जब उनसे कमरे से निकल जाने को कहा गया तो वे बाहर निकल गईं। कहने को उनके नाम पर संपत्ति थी लेकिन व्यवहार रूप में उस पर अधिकार किसी और का था।
यह स्तंभ मैंने महिलाओं के लिए शुरू किया था, पर पत्र भेजने वालों में सिर्फ महिलाएं नहीं थीं। पुरुषों ने भी इस स्तंभ को पढ़ा, उन्होंने परिवार के साथ मिलकर बैठकर चर्चा की तो कुछ ने अपनी पत्नी और बेटी को इसे फारवर्ड किया। बाराबंकी के एक पाठक ने लिखा कि वह बीते दो साल से एसआइपी चला रहे थे। उन्होंने जब इस स्तंभ में एसआइपी में 10 प्रतिशत सालाना वृद्धि से रिटर्न में आने वाले बड़े बदलाव के विषय में पढ़ा तो अगली किस्त से ही राशि बढ़ाने का फैसला किया। यही नहीं हर साल उसमें वृद्धि का भी संकल्प लिया। ये किसी एक स्तंभ पर प्रतिक्रिया की बात नहीं थी, बल्कि वित्तीय अनुशासन विकसित करने का उनका प्रयास था। इस स्तंभ के माध्यम से जो मैंने सोचा था, वह उद्देश्य सफल होता प्रतीत होता है।
धन का कोई जेंडर नहीं होता, बल्कि उसके विषय में मौन से ये अंतर पनपता है। मैं एक बात में विश्वास करती हूं कि लक्ष्मी तिजोरी में नहीं रहतीं, बल्कि वो तो उस स्त्री के साथ होती हैं जो ये जानती है कि उनका सही स्थान कहां है। हम दीवाली पर लक्ष्मी पूजन करते हैं। घर की साफ-सफाई करते हैं। दीयों और लाइट्स से घर को सजाते हैं और लक्ष्मी के आगमन का स्वागत करते हैं। लक्ष्मी का वास्तविक स्वरूप तिजोरी में रखा सोना नहीं है, जिसका प्रबंधन किसी और की जिम्मेदारी हो, जिसे त्योहारों पर निकाला जाए, बल्कि जागरुकता, जानकारी और आवश्यकता के समय धन की उपलब्धता में ही लक्ष्मी का वास होता है। हर वो महिला लक्ष्मी का स्वरूप है, जो अपने वित्तीय जीवन को लेकर सजग है। जिसे अपनी परिसंपत्तियों और उद्देश्य तक ले जाने वाले मार्ग की जानकारी है। जो पुरुष ये समझते हैं कि परिवार के धन से जुड़ी जानकारियों को स्वयं तक सीमित रखने में परिवार की सुरक्षा नहीं है, बल्कि उन्हें स्वजन संग साझा करना जरूरी है, वे भी लक्ष्मी के प्रिय हैं।

52 सप्ताह पूर्व मैंने इस श्रृंखला का प्रथम स्तंभ लिखा था। तब मुझे ये नहीं पता था कि कितने लोग इससे जुड़ेंगे, पत्र लिखेंगे और कौन सी बातें पूछना व साझा करना चाहेंगे। उस समय ये नहीं पता था कि पाठकों के सबसे सामान्य सवाल टैक्स, रिटर्न या म्यूचुअल फंड्स के विषय में नहीं होंगे, बल्कि वे ये जानना चाहेंगे कि मैं शुरुआत कहां से और किस प्रकार करूं।
उसका उत्तर हमेशा से एक ही है कि सबसे उपयुक्त है वर्तमान। संबंधित विषय में जितना भी ज्ञान है, उसके आधार पर आज से ही शुरुआत करें।
यह भी पढ़ें- Main Hoon Apni Dhanlaxmi Part-51: क्या ज्वेलरी खरीदना वास्तव में निवेश है? लेने से पहले जान लें ये जरूरी बातें
इस स्तंभ का एक वर्ष पूर्ण हो चुका है, तो मैं चाहूंगी कि इस सप्ताह आप एक कार्य करें। कोई एक ऐसा फायनेंशियल स्टेटमेंट खोलें, जिसे अब तक हाथ नहीं लगाया। अपने परिवार के जिस धन के प्रबंधन की जिम्मेदारी किसी और को दे रखी हो, उसके विषय में कोई एक सवाल करें। इसकी वजह ये नहीं कि आप सबकुछ अपने हाथ में लेना चाहते हैं, बल्कि उसके विषय में आपको जानना चाहिए। यहीं से वित्तीय स्वतंत्रता की शुरुआत होती है। ये किसी उत्पाद, पालिसी या योजना के विषय में नहीं है। ये अहसास मजबूत होना चाहिए कि धन आपका है, निर्णय भी आपके होने चाहिए। बस यही एक अध्याय लिखा जाना शेष है। लक्ष्मी भी आपसे यही अपेक्षा रखती हैं।
यह स्तंभ मात्र शैक्षिक उद्देश्य के लिए है। निवेश से संबंधित निर्णय लेने से पहले किसी जानकार वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें।
आपका प्रत्येक पत्र हम पढ़ते हैं। पाठक हमें ईमेल कर सकते हैं- iamolaxmi@gmail.com
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।