Gardening Tips: छठ पूजा में क्यों खास है डाभ नींबू? जानें घर पर उगाने का आसान तरीका

डाभ नींबू छठ पूजा का एक महत्वपूर्ण फल है, जिसे घर पर भी आसानी से उगाया जा सकता है। आज के इस लेख में हम आपको इसे उगाने का सही समय, तरीका और देखभाल के साथ-साथ छठ पूजा में इसके महत्व के बारे में बताने जा रहे हैं।
Updated:- 2026-11-12, 16:19 IST
Dabh Nimbu Plant Growing Tips

Dabh Nimbu Plant Growing Tips: छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली हर चीज का अपना अलग महत्व होता है। पूजा के प्रसाद से लेकर फल और पूजा सामग्री तक, हर चीज को विशेष मान्यता दी जाती है। इन्हीं खास फलों में एक है डाभ नींबू, जिसे डाभी नींबू या बड़ा नींबू भी कहा जाता है। छठ के बाजार में यह आसानी से देखने को मिल जाता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसे घर पर भी उगाया जा सकता है। अगर आपके घर में थोड़ी-सी खुली जगह, छत या बालकनी है, तो आप इसका पौधा लगा सकती हैं। आज के इस आर्टिकल में हम आपको डाभ नींबू का पौधा उगाने का समय और छठ पूजा में इसका क्या महत्व है इसके बारे में बताने जा रहे हैं।

छठ पूजा में डाभ नींबू क्यों चढ़ाया जाता है और इसका महत्व क्या है?

छठ पूजा में डाभ नींबू को एक विशेष फल के रूप में शामिल किया जाता है। इसका आकार सामान्य नींबू से काफी बड़ा होता है और इसका छिलका मोटा होता है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इसे छठ के प्रसाद और पूजा सामग्री के साथ रखने की परंपरा है।

51+ZNQSPtfL

Image Credit-amazon

छठ पूजा में सूर्य देव और छठी मैया की उपासना की जाती है। इस दौरान व्रती प्रकृति से मिलने वाले फल, सब्जियां और अन्य शुद्ध सामग्री अर्पित करते हैं। डाभ नींबू भी इन्हीं प्राकृतिक फलों में शामिल है। हालांकि, इसे चढ़ाने के पीछे अलग-अलग क्षेत्रों में मान्यताएं और परंपराएं अलग हो सकती हैं। इसका महत्व केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि हमारी पारंपरिक फल-संस्कृति से भी जुड़ा हुआ है।

डाभी नींबू की पैदावार सबसे ज्यादा कहां होती है?

डाभ नींबू यानी पोमेलो की खेती भारत के कई हिस्सों में होती है। हालांकि, बिहार और पश्चिम बंगाल में इसकी विशेष पहचान है। बिहार के मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा जैसे इलाकों में इसके अच्छे फल पाए जाते हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड और मणिपुर में भी इसकी अच्छी किस्में मिलती हैं। कर्नाटक में भी इसकी खेती होती है। यहां का देवनहल्ली पोमेलो अपनी अलग पहचान रखता है।

dabh nimbu

Image Credit-amazon

ICAR से जुड़े शोध के अनुसार, भारत में डाभ नींबू के कई अलग-अलग प्रकार पाए जाते हैं। बिहार में लोग इसे अपने घर के बगीचे में भी लगाते हैं, ताकि छठ पूजा के समय बाजार से खरीदने की जरूरत न पड़े।

डाभ नींबू का पौधा उगाने का सही तरीका और सही समय

डाभ नींबू का पौधा लगाने के लिए सबसे अच्छा समय मानसून यानी जून से जुलाई का महीना माना जाता है। इस समय मिट्टी में नमी रहती है, जिससे पौधे की जड़ें आसानी से विकसित होती हैं। उत्तर भारत में फरवरी-मार्च के दौरान भी अनुकूल मौसम में पौधा लगाया जा सकता है।

इसे लगाने के लिए सबसे पहले किसी अच्छी नर्सरी से स्वस्थ और कलम या एयर लेयरिंग से तैयार किया हुआ पौधा खरीदें। बीज से भी इसे उगाया जा सकता है, लेकिन इसमें फल आने में ज्यादा समय लग सकता है और फल की गुणवत्ता भी मातृ पौधे जैसी हो, यह जरूरी नहीं है।

dabh lemon tree kaise grow karein

Image Credit-amazon

  • अगर आप घर की छत या बालकनी में इसे लगाना चाहते हैं, तो कम से कम 24-30 इंच का बड़ा और गहरा गमला लें। उसमें पानी निकलने के लिए छेद जरूर होने चाहिए।
  • बगीचे की मिट्टी में गोबर की सड़ी खाद और थोड़ी रेत या कोकोपीट मिलाकर हल्की मिट्टी तैयार करें।
  • गमले के बीच में पौधा रखें और चारों तरफ मिट्टी डालकर हल्के हाथों से दबा दें। इसके बाद थोड़ा पानी डालें।
  • अगर आपके पास खुली जमीन है, तो पौधे को वहां भी लगा सकते हैं। 
  • ध्यान रखें कि यह समय के साथ बड़ा पेड़ बनता है, इसलिए इसे पर्याप्त जगह देना जरूरी है।

डाभ नींबू का पौधा लगाने के बाद देखभाल कैसे करें?

डाभ नींबू का पौधा लगाने के बाद उसकी सही देखभाल करना जरूरी है। इसके लिए कुछ आसान बातों का ध्यान रखें।

  • इस पौधे को अच्छी धूप की जरूरत होती है। इसलिए इसे ऐसी जगह रखें जहां रोजाना कम से कम 6 घंटे धूप आती हो।
  • गर्मियों में मिट्टी जल्दी सूखती है, इसलिए नियमित रूप से पानी दें। सर्दियों में पानी की मात्रा कम कर सकते हैं। ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो, वरना जड़ें खराब हो सकती हैं।
  • पौधे की अच्छी बढ़त के लिए हर 2-3 महीने में थोड़ी पुरानी गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट डालें। फल देने वाले पौधे को संतुलित पोषण की जरूरत होती है।
  • पौधे की सूखी, कमजोर और आपस में उलझी हुई डालियों को हटा दें। इससे नई शाखाएं निकलती हैं और पौधे को अच्छा आकार मिलता है।
  • समय-समय पर पत्तियों को देखें। अगर पत्तियों पर छोटे कीड़े या सफेद धब्बे दिखाई दें, तो प्रभावित हिस्से को साफ करें और जरूरत पड़ने पर पौधों के लिए जरूरी इलाज अपनाएं।

ICAR के अनुसार, पोमेलो के पौधे में सामान्यतः 4-5 साल बाद फूल आने शुरू हो सकते हैं। उत्तर भारत में इसके फल अक्टूबर से नवंबर के बीच पकते हैं। हालांकि, यह समय पौधे की किस्म और स्थानीय मौसम पर निर्भर करता है।

निष्कर्ष

छठ पूजा में डाभ नींबू सिर्फ एक फल नहीं, बल्कि बिहार और पूर्वांचल की पुरानी परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है। अगर आप भी हर साल छठ के समय इसे बाजार से खरीदते हैं, तो घर के बगीचे या छत पर इसका पौधा लगाने की कोशिश कर सकती हैं। सही पौधा, अच्छी मिट्टी और थोड़ी देखभाल से आने वाले वर्षों में आपको अपने घर का उगाया डाभ नींबू मिल सकता है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit-Main image (ai)

FAQ
छठ पूजा में डाभ नींबू का क्या महत्व है?
डाभ नींबू छठी मैया को अत्यंत प्रिय माना जाता है और इसका मोटा छिलका इसे शुद्ध व कीटों से सुरक्षित रखता है।
डाभ नींबू को अन्य किस नाम से जाना जाता है?
डाभ नींबू को स्थानीय भाषा में गलगल या बड़ा नींबू भी कहा जाता है।
डाभ नींबू उगाने का सबसे सही मौसम कौन-सा है?
डाभ नींबू लगाने के लिए मानसून (जुलाई-अगस्त) या वसंत ऋतु (फरवरी-मार्च) का समय सबसे उपयुक्त होता है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।