Sat Sep 12, 2026 | Updated 02:54 AM IST

शिवलिंग पर चढ़े पुराने बेलपत्र और फूलों से बनाएं कुदरती खाद, सस्ते में होगा काम

सावन में शिवलिंग पर अर्पित किए गए फूल औरबेलपत्र कोफेंकने के बजाय अब आप घर पर ही इन चीजों से ऑर्गेनिक खाद तैयार कर सकती हैं। आइए जानते हैंइसे बनाने की आसान विधि - 
Updated:- 2026-08-06, 21:01 IST
image

सावन में भगवान शिव की पूजा के दौरान लोग शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र और तरह-तरह के फूल अर्पित करते हैं। पूजा में चढ़ाई गई यह सामग्री जब एक-दो दिनों में सूख जाती है, तो कुछ लोग इसे फेंक देते हैं या जल में प्रवाहित कर देते हैं, लेकिन अब आप इसे फेंकने के बजाय एक खास तरीके से इस्तेमाल कर सकती हैं। इन पुराने फूलों और बेलपत्रों से आप घर पर ही पौधों के लिए कुदरती जैविक खाद तैयार कर सकती हैं। 

कुदरती जैविक खाद 

बाजार के महंगे खाद खरीदने के बजाय आप इस सावन कुदरती जैविक खाद तैयार कर सकती हैं। इस खाद को बनाने के लिए नीचे बताएं गए कुछ आसान टिप्स फॉलो करें - 

1. फूल और बेलपत्र इकट्ठे कर बारीक काटें

भगवान शिव पर चढ़ाए गए सभी फूलों के अलावा धतूरा और बेलपत्र की पत्तियों को इकट्ठा कर लें। ध्यान रहे, जब भी आप इन सभी चीजों को इकट्ठा करें, तो केवल जैविक और प्राकृतिक पत्तियों-फूलों का ही इस्तेमाल खाद बनाने के लिए करें। दूसरी किसी भी तरह की चीज इसमें शामिल न करें। इन सभी बेलपत्र और फूलों को कैंची की मदद से छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। आप जितना इन चीजों को बारीक और छोटे रखेंगी, ये उतनी ही आसानी से गलेंगी और खाद भी जल्दी बनकर तैयार होगी।  

2 - 2026-08-06T205425.073

2. सही बर्तन का करें चुनाव

खाद तैयार करने के लिए एक बड़ा बर्तन जरूरी है। इसके लिए आप मिट्टी का मटका, प्लास्टिक की कोई पुरानी बाल्टी या डिब्बा इस्तेमाल कर सकती हैं। ध्यान रहे, जो भी बर्तन आप ले रही हैं, उसके निचले हिस्से और किनारों में हवा के आवागमन के लिए कुछ छोटे-छोटे छेद जरूर कर लें। ऐसा करने से नमी का संतुलन बना रहेगा और बदबू भी नहीं आएगी।  

यह भी पढ़ें- पौधों को मिलेगी नई जान, तरबूज के छिलकों को फेंकने की बजाएं इन 2 चीजों को मिलाकर बनाएं ऑर्गेनिक खाद

3. खाद के लिए सही लेयरिंग बनाएं

बर्तन के सबसे निचले हिस्से में थोड़ी सी सूखी मिट्टी या सूखे पत्तों की परत बिछाएं। इसके ऊपर बारीक कटे हुए बेलपत्र और फूलों को डालें। ऊपर से हल्की मिट्टी, गुड़ का पानी या छाछ छिड़कें। इसी तरह बर्तन भरने तक एक के ऊपर एक परतें बनाती जाएं। बर्तन भरने के बाद इसे छांव वाली जगह पर 30 से 45 दिनों के लिए ढककर रख दें। इस मिश्रण को बीच-बीच में लकड़ी की मदद से ऊपर-नीचे करती रहें और जरूरत के हिसाब से हल्का पानी छिड़कती रहें, ताकि नमी बनी रहे।

4. ऑर्गेनिक खाद बनकर तैयार

कुछ ही दिनों में यह मिश्रण सड़कर काले रंग की भुरभुरी और बदबू रहित कुदरती खाद में बदल जाएगा। इस होममेड खाद को आप अपने होम गार्डन, गमलों या फल-फूल के पौधों की मिट्टी में मिला सकती हैं। ऐसा करने से पौधों की ग्रोथ तेजी से बढ़ेगी और उनमें कीट लगने का खतरा भी कम हो जाएगा।   

1 - 2026-08-06T205428.052

यह भी पढ़ें- गोबर की खाद vs वर्मीकंपोस्ट: पौधों के लिए क्‍या है बेस्ट? जानिए फर्क

अगर आप भी पूजा के बाद पुराने फूलों को फेंकने की सोच रही हैं, तो इनसे कुदरती खाद तैयार कर सकती हैं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से। 

Image Credit :  magnific 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।