महीनों बंद रहने के बाद चला रही हैं Geyser? ऑन करने से पहले जरूर चेक कर लें ये 4 चीजें

गर्मियों में हर किसी के घर में गीजर का इस्तेमाल बंद हो जाता है, लेकिन जैसे ही सर्दियां शुरू होती हैं, सुबह नहाने से लेकर बर्तन धोने तक गर्म पानी की जरूरत महसूस होने लगती है। ऐसे में लोग बिना कुछ सोचे महीनों से बंद पड़े गीजर को तुरंत चालू कर देते हैं, लेकिन यह तरीका सही नहीं है।
महीनों बाद गीजर चलाने से पहले क्या चेक करें?
लंबे समय तक इस्तेमाल न होने पर गीजर के पाइप में लीकेज, तारों में खराबी या अंदर गंदगी जमने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। इसलिए इस सर्दी पहली बार गीजर चलाने से पहले कुछ जरूरी चीजें जरूर देख लें। जैसे- तार और स्विच, पाइप और पानी की लीकेज और अंदर जमी गंदगी। इससे खराबी का समय रहते पता चल जाएगा। हम आपको इसके बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। आइए जानते हैं-
image credit- magnific
1. गीजर के तार और स्विच जरूर देखें
गीजर बिजली से चलता है और बाथरूम में पानी भी रहता है, इसलिए बिजली से जुड़ी छोटी-सी खराबी को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
- गीजर के बाहर दिख रहे तारों पर कट, दरार या जलने के निशान तो नहीं हैं, यह देख लें।
- स्विच या प्लग के आसपास पिघलने के निशान या टूट-फूट दिखे, तो गीजर न चलाएं।
- गीजर के लिए सही अर्थिंग और बिजली की सुरक्षा का इंतजाम होना जरूरी है।
- अगर तार ढीले हैं या स्विच से चिंगारी निकलती हुई दिखाई दे, तो तुरंत इलेक्ट्रीशियन को बुलाकर चेक कराएं।
यह भी पढ़ें- क्या आपका गीजर पानी कम गर्म कर रहा है? घर पर ही करें इसकी सफाई, बढ़ जाएगी मशीन की उम्र
2. पाइप और पानी के लीकेज देखें
कई बार गीजर के लंबे समय तक बंद रहने पर पाइप के जोड़ या वाल्व से पानी टपकने लगता है। इसलिए इसे चालू करने से पहले आसपास की जगह को ध्यान से देख लें।
- गीजर से जुड़े पानी के पाइप और उनका कनेक्शन देखें।
- कहीं पानी की बूंदें, जंग या गीला निशान दिखें, तो पहले वजह पता करवाएं।
- सेफ्टी वाल्व में खराबी होने पर भी परेशानी हो सकती है। इसे ठीक करने के लिए टेक्नीशियन को बुलाएं।
3. टंकी में पानी भरने के बाद ही चालू करें
कई लोग टंकी में पानी न होने पर भी इसे चालू कर देते हैं, लेकिन गीजर की टंकी खाली होने पर उसे चालू करने से हीटिंग वाला हिस्सा खराब हो सकता है। इसके लिए-
- पहले पानी आने वाली सप्लाई खोलें।
- गर्म पानी का नल खोलकर देखें कि लगातार पानी आ रहा है या नहीं। इससे टंकी में पानी भरने का पता लगेगा।
- पानी का फ्लो ठीक होने और कहीं लीकेज न हो, तो इसके बाद ही स्विच ऑन करें।
- अगर पानी नहीं आ रहा है, तो गीजर को चालू न करें।
image credit- magnific
4. गीजर के अंदर जमी गंदगी को नजरअंदाज न करें
पानी में मौजूद मिनरल्स की वजह से गीजर की टंकी और पानी गर्म करने वाले हिस्से में सफेद परत जम जाती है। ऐसे में इसे चेक करना भी जरूरी है।
- अगर पिछले सीजन में पानी गर्म होने में ज्यादा समय लगता था या गीजर से अजीब आवाज आती थी, तो सर्विसिंग जरूर करवाएं।
- टंकी की सफाई और अंदर जमी परत हटाने का काम टेक्नीशियन से करवाएं।
- गीजर का ढक्कन खुद खोलकर सफाई न करें, खासकर जब बिजली का कनेक्शन जुड़ा हो।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
image credit- magnific
- गीजर का सही तापमान क्या है?
- गीजर का थर्मोस्टेट 50 से 60 Degree Celsius के बीच रखना चाहिए। इससे बिजली की बचत होती है और स्किन जलने का खतरा भी नहीं रहता।
- गीजर कितना पुराना बदलना चाहिए?
- आमतौर पर 7 से 10 साल पुराने गीजर को बदल देना चाहिए। ज्यादा पुराना गीजर ज्यादा बिजली खपत करता है और लीकेज का रिस्क रहता है।
- गैस गीजर सुरक्षित है या इलेक्ट्रिक?
- सही वेंटिलेशन हो तो दोनों सुरक्षित हैं। लेकिन बाथरूम में वेंटिलेशन न हो, तो गैस गीजर की जगह इलेक्ट्रिक गीजर लगाना ज्यादा सुरक्षित रहता है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।