Cleaning Tips: टॉयलेट सीट पर जम गई है गंदगी और पीलापन, बिना ज्यादा मेहनत ऐसे करें साफ

Toilet Seat Cleaning Tips: टॉयलेट साफ करने के बाद भी सीट पर पीलापन और चिपचिपी गंदगी दिखती है? घर में मेहमानों के आने पर सबसे ज्यादा शर्म इसी वजह से आती है। रोज रगड़-रगड़कर हाथ दुख जाते हैं, लेकिन दाग वैसे के वैसे ही रहते हैं। असल में गलती आपके तरीके में है। सीट को लगे-लगे साफ करने से कोनों की गंदगी कभी निकलती ही नहीं। आज हम आपको एक ऐसी आसान ट्रिक बताएंगे, जिसमें आपको रगड़ना ही नहीं पड़ेगा। बस सीट को एक घोल में भिगोकर छोड़ देना है और 4 घंटे बाद वो खुद-ब-खुद साफ हो जाएगी।
टॉयलेट सीट का पीलापन क्यों आता है?
पहले यह समझ लीजिए, सीट पीली क्यों पड़ती है। दिनभर के इस्तेमाल से शरीर का पसीना, तेल, साबुन का पानी और हार्ड वाटर सीट पर जमते रहते हैं। धीरे-धीरे यह परत मोटी हो जाती है और सीट पीली दिखने लगती है। अगर समय पर साफ न किया जाए, तो यह दाग प्लास्टिक के अंदर तक बैठ जाते हैं। इसलिए सीट को सिर्फ ऊपर से पोंछना काफी नहीं है, उसे अंदर तक साफ करना जरूरी है।

image credit- pinterest
सीट साफ करने के लिए क्या-क्या चाहिए?
टॉयलेट की गंदी सीट को साफ करने के लिए सबसे पहले इन सामान को बाहर निकाल लें।
- गर्म पानी
- वॉशिंग सोडा- करीब 100 ग्राम (आधा कप)
- एंटीबैक्टीरियल क्लीनर / लिक्विड स्प्रे
- पुराना टूथब्रश
- एक साफ सूती कपड़ा
- ग्लव्ज
स्टेप-बाय-स्टेप तरीका बिना रगड़े सीट होगी साफ
पीली गंदी सीट एकदम चांद जैसी चमक जाएगी। बस नीचे दिए गए तरीके को फॉलो करें।
- सबसे पहले सीट को पीछे वाले हिंज से खोलकर अलग कर लें। लगी हुई सीट को साफ करने पर उसके नीचे और हिंज वाली जगह पर हाथ ही नहीं पहुंचता, वहीं सबसे ज्यादा गंदगी जमा होती है। सीट अलग करने पर आप हर कोना आसानी से साफ कर पाएंगी।
- अब सीट को बाथटब या किसी बड़ी बाल्टी में रख दें। इतना गर्म पानी डालें कि सीट पूरी तरह डूब जाए। अब इसमें 100 ग्राम वॉशिंग सोडा डालकर अच्छे से मिला लें।
- अब सीट को इसी घोल में 4 घंटे के लिए छोड़ दें। इस दौरान आपको कुछ नहीं करना है। गर्म पानी और वॉशिंग सोडा मिलकर सीट पर जमी पुरानी गंदगी, तेल और पीलापन को अंदर से नरम कर देंगे। यही इस ट्रिक का असली जादू है।
- 4 घंटे बाद सीट को बाहर निकालें। अब उस पर एंटीबैक्टीरियल क्लीनर का स्प्रे करें। पुराने टूथब्रश से हल्के हाथ से हिंज, स्क्रू वाली जगह और किनारों को साफ करें। क्योंकि गंदगी पहले ही नरम हो चुकी है, इसलिए आपको जोर लगाकर रगड़ना नहीं पड़ेगा।
- आखिर में एक साफ सूती कपड़े से पूरी सीट को अच्छे से पोंछ लें। इससे क्लीनर और बची हुई गंदगी निकल जाएगी। सीट को थोड़ी देर हवा में सूखने दें, फिर वापस टॉयलेट पर लगा दें। बस, आपकी सीट एकदम नई जैसी चमकने लगेगी।
image credit- pinterest
इस ट्रिक में ब्लीच क्यों नहीं इस्तेमाल करना है?
बहुत से लोग पीलापन हटाने के लिए सीधे ब्लीच डाल देते हैं, लेकिन इससे प्लास्टिक और भी ज्यादा पीला पड़ जाता है और कमजोर भी हो जाता है। वॉशिंग सोडा वाला तरीका सेफ है, इसमें न तो तेज बदबू आती है और न ही सीट खराब होती है।
यह भी पढ़ें- Urine Stain टॉयलेट सीट से जाने का नहीं ले रहे हैं नाम, तुरंत लगाएं 50 रुपये की यह एक चीज
टॉयलेट सीट साफ करते वक्त ध्यान रखने वाली बातें
टॉयलेट सीट को साफ करते वक्त इन बातों का जरूर ध्यान दें, वरना आपको नुकसान हो सकता है।
- पानी ज्यादा उबलता हुआ न लें, गुनगुना से थोड़ा ज्यादा गर्म पानी ही काफी है। ज्यादा गर्म पानी से प्लास्टिक टेढ़ी हो सकती है।
- वॉशिंग सोडा और कोई दूसरा केमिकल एक साथ कभी न मिलाएं। इससे जहरीली गैस बन सकती है।
- सीट साफ करते समय हाथों में ग्लव्ज जरूर पहनें।
- अगर सीट पर क्रैक आ गया है या अंदर से ही पीली हो गई है, तो उसे साफ करने से फायदा नहीं होगा, ऐसी सीट को बदलना ही बेहतर है।
अब टॉयलेट सीट के पीलेपन से परेशान होने की जरूरत नहीं है। रोज-रोज रगड़ने की बजाय महीने में एक बार इस 4 घंटे वाली भिगोने वाली ट्रिक को आजमा लें।
main image credit- pinterest
- टॉयलेट सीट को कितने दिन में साफ करना चाहिए?
- टॉयलेट सीट को हफ्ते में एक बार हल्के क्लीनर से पोंछना चाहिए और महीने में एक बार इस तरह गहराई से भिगोकर साफ करना चाहिए। इससे पीलापन जमता ही नहीं और सीट लंबे समय तक नई जैसी रहती है।
- क्या वॉशिंग सोडा की जगह बेकिंग सोडा इस्तेमाल कर सकते हैं?
- हां, अगर घर में वॉशिंग सोडा नहीं है, तो बेकिंग सोडा भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन वॉशिंग सोडा ज्यादा ताकतवर होता है। पुराने और जिद्दी दागों के लिए वॉशिंग सोडा ही ज्यादा अच्छा काम करता है। बेकिंग सोडा हल्के दागों के लिए ठीक है।
- क्या ये ट्रिक कलर वाली या डिजाइन वाली सीट पर भी काम करेगी?
- हां, ये ट्रिक सफेद और हल्के कलर की सीट पर सबसे अच्छा काम करती है। अगर आपकी सीट गहरे कलर की है, तो पहले किसी छोटे से कोने पर ट्राई करके देखें। अगर कलर नहीं उतर रहा है, तभी पूरी सीट को भिगोएं।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।