कपड़े की कतरनों से करें इस दिवाली पूरे घर का मेकओवर! ये 3 आसान DIY आइडियाज बढ़ाएंगे फेस्टिव लुक
-1793192177028.webp)
दिवाली पर घर को सजाने के लिए जरूरी नहीं कि आप बाजार से महंगे शोपीस, तोरण और डेकोरेटिव आइटम खरीदकर लाएं। कई बार घर में पड़ी बेकार समझी जाने वाली चीजें भी सजावट में चार चांद लगा देती हैं। अगर आपके घर में सिलाई के बाद कपड़ों की छोटी-छोटी कतरनें बच जाती हैं, तो उन्हें फेंकने की बजाय इस दिवाली इस्तेमाल करें। रंग-बिरंगे कपड़ों के टुकड़ों, पुरानी लेस और गोटा-पट्टी की मदद से आप खूबसूरत तोरण से लेकर सजावटी लटकन तक बना सकती हैं। इन DIY आइडियाज की खास बात यह है कि इन्हें बनाने में ज्यादा खर्च नहीं होगा और घर को मिलेगा एकदम अलग, क्रिएटिव और फेस्टिव लुक।
कपड़ों के वेस्ट टुकड़ों से बनाएं तोरण
दिवाली की सफाई के दौरान अक्सर सिलाई के डिब्बे में रखी कपड़ों की कतरनें मिलती हैं, जिन्हें हम बेकार समझकर फेंक देते हैं। थोड़ी-सी क्रिएटिविटी से यही छोटे-छोटे टुकड़े आपके घर की सजावट का हिस्सा बन सकते हैं। खासकर, अगर आपके पास लाल, पीले, हरे या सुनहरे रंग के कपड़े बचे हैं तो इनसे फेस्टिव डेकोरेशन तैयार करना आसान होगा।
Photo Credit: Pinterest (Payal Fashion Mall)
1. कतरनों से बनाएं रंगीन तोरण
आपको बस अलग-अलग रंग की कतरनों को ट्रायंगल या गोल आकार में काटना है। उन्हें एक मोटे धागे या जूट की रस्सी पर एक-दूसरे के करीब सिल दें या फैब्रिक ग्लू से चिपका दें। उसके बाद बीच-बीच में कौड़ी, लकड़ी के मनके या छोटी लटकन लगा दें। लाल, पीला, रानी पिंक की कतरनों का तोरण देखते ही त्योहार वाली फील देगा और सालों तक चलेगा।
2. कतरनों से बनाएं डमरू शेप डेकोरेशन
कपड़ों की लंबी कतरनों से डमरू के आकार के सजावटी पीस भी बनाए जा सकते हैं। इसके लिए कार्डबोर्ड रोल, रंगीन कपड़े की पट्टियां, गोंद और गोटा-पट्टी लें। सबसे पहले कार्डबोर्ड को जरूरत के अनुसार काटकर डमरू जैसा आकार तैयार करें। इसके ऊपर कपड़े की पट्टियां करीने से लपेटें और सिरों को गोंद से चिपका दें। अब दोनों किनारों पर सुनहरी गोटा-पट्टी या लेस लगाएं। चाहें तो बीच में मोती या छोटी घंटियां भी जोड़ सकती हैं। तैयार सजावटी पीस को डोर हैंगिंग या दीवार की सजावट में इस्तेमाल किया जा सकता है। अलग-अलग रंगों के कपड़ों से इन्हें बनाकर आप अपनी पसंद के हिसाब से डेकोरेशन तैयार कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- दिवाली में रातभर जलते रहेंगे दीपक, कम तेल वाली यह ट्रिक आजमाएं
3. पुरानी लेस से बनाएं सजावटी कोन और लटकन
अगर आपके पास पुरानी साड़ी, दुपट्टे या सूट की बची हुई लेस है, तो उससे आकर्षक सजावटी लटकन बना सकती हैं। इसके लिए कार्डशीट, लेस, गोंद, मोती और सजावट के लिए छोटे मिरर इस्तेमाल करें। सबसे पहले कार्डशीट को मोड़कर कोन का आकार दें और किनारों को गोंद से चिपका दें। अब इसके ऊपर लेस को धीरे-धीरे लपेटकर चिपकाएं। सूखने के बाद मोतियों या छोटे सजावटी मिरर से इसे सजाएं। ऊपर की तरफ धागा या फीता लगा दें ताकि इसे आसानी से टांगा जा सके। इन लटकनों को दरवाजे के पास, खिड़की के किनारे या किसी सजावटी कोने में लगाया जा सकता है। ध्यान रखें कि इन्हें जलते हुए दीयों और मोमबत्तियों से दूर रखें।
Photo Credit: Pinterest (The Home Diary)
यह भी पढ़ें- इस दिवाली पूजा घर को दें बिल्कुल नया और साफ-सुथरा लुक, अपनाएं ये असरदार टिप्स
दिवाली की असली खुशी नई चीजें खरीदने में नहीं, पुरानी चीजों को नए प्यार से सजाने में है। कपड़े की कतरनें छोटी जरूर हैं, पर इनसे बना डेकोर आपके घर को सबसे अलग बनाएगा। यहीं कतरनें आपके घर की सबसे सस्ती और सबसे सुंदर दिवाली की तैयारी बन सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या बिना सिलाई मशीन के भी ये DIY कर सकते हैं?
- हां, बिल्कुल। ज्यादातर आइडियाज में फैब्रिक ग्लू, फेविकोल या हाथ से गूंथने से ही काम हो जाता है। सिलाई मशीन सिर्फ फिनिशिंग के लिए है, जरूरी नहीं।
- किस तरह के कपड़े की कतरन डेकोर के लिए बेस्ट है?
- कॉटन, सिल्क और बंधेज प्रिंट की कतरनें सबसे अच्छी रहती हैं। इनका रंग फेस्टिव होता है और ये आसानी से चिपक भी जाती हैं। नायलॉन या बहुत मोटे कपड़े से बचें।
- क्या कतरनों वाले डेकोर को धोया जा सकता है?
- हां। अगर आपने धागे से सिला है तो हाथ से हल्के पानी में धो सकते हैं। पर अगर फेविकोल से चिपकाया है तो सिर्फ सूखे कपड़े से साफ करें, वरना निकल जाएगा।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।