ज्यादा जोर से ब्रश करना भी पड़ सकता है भारी, दांतों को नुकसान पहुंचा रही हैं आपकी ये 5 रोजमर्रा की आदतें

दांतों की सेहत को लेकर आजकल एक नई परेशानी तेजी से बढ़ रही है। बहुत से लोगों के दांतों में झनझनाहट,कैविटी, इनेमल का पतला होना और दांतों के किनारों का टूटना आम हो गया है, जो पहले उम्र बढ़ने या लापरवाही से जुड़ा माना जाता था। लेकिन अब डेंटिस्ट एक अलग ही पैटर्न देख रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि इसका ज्यादातर नुकसान हम खुद ही पहुंचा रहे हैं। यह सब देखभाल की कमी से नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदतों से हो रहा है, जो नुकसानदायक होती हैं।
5 आदतें जो आपके दांतों को नुकसान पहुंचा रही
क्या आपने कभी सोचा है कि दांतों में सेंसिटिविटी या बार-बार कैविटी होने की वजह आपकी बदकिस्मती नहीं, बल्कि ऐसी चीज है जो आप रोज करती हैं? आइए जानते हैं।
1- ज्यादा जोर से ब्रश करना बन रहा है नुकसानदायक
सासेन डेंटल क्लीनिक एंड इंप्लांट सेंटर की रिसर्च के मुताबिक बहुत से लोगों के लिए दिन की शुरुआत तेज-तेज ब्रश करने से होती है, जो उन्हें लगता है कि सफाई के लिए जरूरी है। लेकिन यह सोचना कि जोर से ब्रश करने से दांत ज्यादा साफ होंगे, बिल्कुल गलत है। खासतौर पर हार्ड ब्रिसल वाले टूथब्रश से अगर ज्यादा जोर लगाकर ब्रश करते हैं, तो इससे इनेमल घिस जाता है। यह दांतों को सड़ने और सेंसिटिविटी से बचाने वाली सबसे जरूरी परत होती है। इसलिए आराम से ब्रश करें।

2- एसिड, चीनी और मॉडर्न डाइट
आजकल के खानपान में एसिड और शुगर वाली चीजें ज्यादा हैं। इसमें कोल्ड ड्रिंक्स, एनर्जी ड्रिंक्स, खट्टे फलों के जूस, चाय, कॉफी और तरह-तरह की मिठाइयां शामिल हैं। यह दांतों को एसिड के संपर्क में लाती हैं और धीरे-धीरे इनेमल को कमजोर कर देती है। रोज अच्छी तरह ब्रश करने वाले लोग भी इस नुकसान के शिकार हो रहे हैं। एसिड वाली ड्रिंक्स पीने के बाद पानी से कुल्ला करना या स्ट्रॉ का इस्तेमाल करना जैसी छोटी आदतें इनेमल को बचाने में मदद कर सकती हैं।
3- पानी कम पीना भी है बड़ी वजह
लार मुंह का नेचुरल डिफेंस सिस्टम है, जो एसिड को न्यूट्रल करता है और इनेमल को मजबूत करने वाले मिनरल्स को वापस लाता है। आजकल लोग कैफीन का सेवन ज्यादा करते हैं और पानी कम पीते हैं, जिसकी वजह से डिहाइड्रेशन होना आम बात है। पानी कम पीना, साथ में बार-बार कॉफी या शराब पीने से लार बनना कम हो जाता है और इनेमल खुला रह जाता है। दिन भर हाइड्रेटेड रहने से आपके दांत बच सकते हैं। इसलिए ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं।
यह भी पढ़ें- पतली बनती है कोल्ड कॉफी? अपनाएं ये 3 ट्रिक्स, मिनटों में मिलेगा कैफे जैसा थिक फ्रॉथ
4- घर पर दांत चमकाने के नुस्खे कर रहे हैं नुकसान
परफेक्ट स्माइल पाने की चाह में सोशल मीडिया पर घरेलू नुस्खे बहुत पॉपुलर हो गए हैं, जैसे नींबू के रस और बेकिंग सोडा से लेकर एक्टिवेटेड चारकोल तक जो तुरंत सफेदी का वादा करते हैं। भले ही इनसे कुछ देर के लिए चमक आ जाए, लेकिन इनकी रगड़ने वाली या एसिडिक प्रकृति इनेमल इरोजन को तेज कर देती है। सेफ रास्ता डेंटिस्ट द्वारा अप्रूव्ड व्हाइटनिंग ट्रीटमेंट या हल्के, फ्लोराइड-बेस्ड टूथपेस्ट में है जो पॉलिश के साथ-साथ सुरक्षा भी देते हैं।
यह भी पढ़ें- घर के बने साबूदाना पापड़ तलने के बाद दांतों में चिपकते हैं? सुखाते समय न करें ये गलतियां
5- जीभ की सफाई न करना
आपकी जीभ पर सैकड़ों बैक्टीरिया पनपते हैं। इसे साफ न करने का मतलब है कि ये कीटाणु आपके दांतों पर फैल जाते हैं, जिससे मुंह से बदबू आती है और प्लाक जमा होता है। इसलिए, रात की अपनी रूटीन में जीभ को साफ करने (स्क्रैप करने) को भी शामिल करें।

इनेमल चुपचाप कमजोर होता है। इसमें कोई चेतावनी या अचानक लक्षण नहीं होते। इसकी शुरुआत छोटी, रोजमर्रा की आदतों से होती है जो हानिरहित लगती हैं। इन आदतों को सुधार आप अपने दातों को मजबूत बना सकती हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या ठंडा पानी पीने से दांतों में झनझनाहट होना इनेमल कमजोर होने का संकेत है?
- हां, अक्सर यही पहला संकेत होता है। जब इनेमल पतला हो जाता है तो दांतों की अंदरूनी नसें ठंडा-गरम के सीधे संपर्क में आ जाती हैं, जिससे तेज झनझनाहट महसूस होती है। इसे नजरअंदाज न करें।
- क्या दांतों को मजबूत बनाने के लिए कैल्शियम वाली चीजें खाने से इनेमल वापस आ जाता है?
- नहीं, एक बार घिसा हुआ इनेमल नेचुरली वापस नहीं आता, क्योंकि इसमें जीवित कोशिकाएं नहीं होतीं।
- रात में ब्रश न करने से ज्यादा नुकसान होता है या सुबह न करने से?
- रात में ब्रश न करने से ज्यादा नुकसान होता है। रात भर मुंह में लार कम बनती है और दिन भर खाया हुआ खाना बैक्टीरिया के साथ मिलकर एसिड बनाता है, जो पूरी रात इनेमल को गलाता रहता है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।