
बची हुई सब्जियों को फेंके नहीं, तैयार करें ये नई रेसिपीज
कई बार ऐसा होता है कि रात में खाना ज्यादा बन जाए तो बच ही जाता है। कई बार किसी को सब्जी नहीं पसंद आती तो तब वो बच जाती है। लेकिन क्या आप इन्हें सुबह होते ही फेंक देती हैं? क्या आपको पता है कि आप इनसे अलग-अलग चीजें बना सकती हैं और हो सकता है वो आपके बच्चों को भी बेहद पसंद आ जाए। चलिए आपको बताते हैं वो 8 चीजें जो आप बची-कुची सब्जियों से बना सकते हैं।

बची सब्जियों से बनाएं सांभर

साउथ इंडियन रेसिपी जिसे डोसा, इडली और वड़ा के साथ खूब खाया जाता है, वो सांभर होता है। इसे दाल और सब्जियों से बनाया जाता है। अगर आपकी रात की दाल और सब्जी बच गई हैं, तो आप उसमें इमली प्यूरी और पानी डालकर उबाल लें। आपका सांभर तैयार हो जाएगा।
बची सब्जियों से बनाएं रोल्स

क्या आपके बच्चों ने भी सब्जी और रोटी छोड़ दी है? सुबह इसे फेंकने की बजाय इससे टेस्टी रोल बना लें। रोटी को घी में तवे पर गर्म करें और इसमें सब्जियों के साथ सॉस और चीज़ डालकर दोनों तरफ से सेंक लें। आपके स्वादिष्ट वेज रोल तैयार है, इसे बच्चों के टिफिन में रखा जा सकता है।
बची सब्जियों से बनाएं पिज्जा

बच्चे पिज्जा खाने की जिद करते हैं तो उन्हें घर पर बना हेल्दी पिज्जा खिलाएं। इसके लिए आपको पिज्जा बेस की भी जरूरत नहीं पडे़गी। रात की बची रोटी में टोमैटो सॉस लगाएं, चीज़ डालें और सब्जियां फैला लें। फिर चीज़ डालकर इसे धीमी आंच पर रखे तवे पर पका लें।
बची सब्जियों से बनाएं पकोड़े

आप रात की बासी सब्जियों से अब अपनी चाय के साथ स्नैक्स तैयार कर सकती हैं। अपनी सब्जियों में 2-3 चम्मच बेसन डालें और थोड़ा सा घोल बनाकर उन्हें गाढ़े घोल में तैयार करें। बस कढ़ाही में तेल डालकर इन्हें तल लें। आपकी सब्जियों के पकोड़े भी तैयार हो जाएंगे।
बची सब्जियों से बनाएं पास्ता

अगर आप पास्ता बनाना चाहती हैं तो उसमें भी इन लेफ्टओवर सब्जियों को डालकर तैयार किया जा सकता है। जब आप पास्ता तैयार कर लें तो ऊपर से इन सब्जियों को डालकर पास्ता और सॉस के साथ अच्छे से मिला लें। टेस्ट के साथ-साथ पूरा पोषण भी आपको इससे मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : घर पर झटपट बनाएं इंस्टेंट मग पास्ता, जानें रेसिपी
बची सब्जियों से बनाएं सैंडविच

कई बार ऐसा होता है न कि सलाद में कटा हुआ खीरा, प्याज, टमाटर गाजर बच जाता है। वहीं कुछ सब्जियां भी बच्चे प्लेट में छोड़ देते हैं, जिन्हें आप दोबारा यूज़ करने के बारे में सोचती भी नहीं। उन चीज़ों से आप सैंडविच बना सकती हैं। ब्रेड में मेयोनेज और सॉस लगाकर इन सब्जियों को फैलाएं और टेस्टी सैंडविच (डिफरेंट सैंडविच रेसिपीज) तैयार कर लें।
बची सब्जियों से बनाएं वेज ऑमलेट

अपने ऑमलेट में खूब सारी सब्जियों को डालकर उसका टेस्ट बढ़ा सकते हैं। आप प्याज और टमाटर के साथ ऑमलेट बनाते तो होंगे ही। बस उसमें रात की बची कुछ और सब्जियां भी मिला लें। आपका ऑमलेट ज्यादा पौष्टिक बनेगा। पराठे के साथ इसका मजा लिया जा सकता है। ऑमलेट की जगह आप सब्जियों के साथ अंडे की भुर्जी भी बना सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : घर में 5 मिनट में टेस्टी मिक्स्ड ऑमलेट बनाएं, जानें आसान रेसिपी
बची सब्जियों से बनाएं रोस्टेड वेजिटेबल्स

नाश्ते में क्या बनाया जाए आपको भी समझ नहीं आ रहा है? तो ऐसा करें कि अपनी एक दिन पहले की सब्जियों को फ्रिज से निकालकर थोड़े से तेल या बटर में रोस्ट कर लें। इसमें ऊपर से धनिया पत्ता और कसूरी मेथी क्रश करके डालकर 1-2 मिनट सॉते करें। जब सब्जियां फ्राई हो जाएं तो इन्हें पराठे या रोटी के साथ खाया जा सकता है।
अब अपने बचे हुए खाने को फेंके नहीं और उनसे अलग-अलग डिशेज बनाएं। उन्हीं सब्जियों को ट्विस्ट के साथ आपके बच्चे भी खाएंगे और उन्हें खाने से पोषण भी पूरा मिलेगा। हमें उम्मीद है यह लेख आपको पसंद आएगा। इसे लाइक और शेयर करें और ऐसे ही रोचक लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit : Freepik & Thecozyapron