बुर्के और महिलाओं की आजादी को छिड़ी चर्चा पर शबाना आजमी का तीखा पलटवार, बोलीं- 'लोगों के बीच भ्रम फैलाया गया है'

शबाना आजमी ने बुर्के को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा कुरान में बुर्का पहनना नहीं लिखा। जानिए उन्होंने हया, आजादी और कट्टरवाद पर क्या कहा।
Updated:- 2026-11-23, 18:12 IST
Shabana Azmi Burkha Statement

बुर्का और हिजाब को लेकर देश में बहस कभी खत्म ही नहीं होती है। कभी कॉलेज में हिजाब पर रोक लगती है, तो कभी किसी के पहनावे पर सवाल उठता है। अब इस बहस में दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी का एक बयान फिर से आग की तरह फैल गया है। उन्होंने साफ कहा है कि वो खुद बुर्का नहीं पहनती हैं, लेकिन अगर कोई उन्हें रोकेगा तो वो तीन-तीन बुर्के पहन लेंगी। इस एक लाइन ने फिर से महिला आजादी की बहस छेड़ दी है।

शबाना ने बताया कुरान में क्या लिखा है?

शबाना आजमी हमेशा से अपनी बेबाक राय के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने बुर्के को लेकर ऐसी बात कह दी, जिस पर सबकी नजरें टिक गईं। उन्होंने कहा कि कुरान में कहीं भी बुर्का पहनने का आदेश नहीं है। कुरान में सिर्फ नजरों में हया की बात कही गई है। ये हया सिर्फ महिलाओं के लिए नहीं, पुरुषों के लिए भी है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।

कुरान में बुर्के का जिक्र है या नहीं?

इंटरव्यू में शबाना आजमी ने धार्मिक शिक्षाओं को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि, 'कुरान में कहीं भी इस तरह का बुर्का पहनने के लिए नहीं कहा गया है। कुरान में बस इतना लिखा है कि आपकी आंखों में शर्म और मर्यादा होनी चाहिए। और ये मर्यादा महिलाओं और पुरुषों, दोनों के लिए बराबर है।'

Shabana Azmi Three Burqa Comment

Photo Credit: Instagram (shabanazmi)

शबाना का बड़ा आरोप

शबाना आजमी ने इस दौरान उन लोगों पर भी निशाना साधा, जो धर्म की व्याख्या अपने हिसाब से करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने धर्म की शिक्षाओं को तोड़-मरोड़कर पेश किया है। इन्हीं लोगों ने ये भ्रम फैलाया है कि कुरान महिलाओं को पर्दा करने के लिए कहता है। शबाना के मुताबिक, असली धर्म में ऐसा कुछ नहीं है। लोगों को डराकर और गलत जानकारी देकर उन्हें भ्रमित किया जा रहा है।

'मैं तीन-तीन बुर्के पहन लूंगी' इसका क्या मतलब है?

शबाना आजमी का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला बयान यही है। शबाना खुद बुर्का नहीं पहनती हैं, लेकिन उनका मानना है कि पहनना या न पहनना, ये महिला की अपनी पसंद होनी चाहिए। अगर कोई ये कहे कि तुम बुर्का नहीं पहन सकती, तो वो भी गलत है। कोई दूसरा ये फैसला नहीं कर सकता कि महिला क्या पहनेगी और क्या नहीं। साथ ही उन्होंने ये भी साफ किया कि धर्मनिरपेक्षता की आड़ में कट्टरवाद फैलाना भी सही नहीं है। आजादी के नाम पर किसी भी तरह की कट्टरता को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता है।

शबाना आजमी कौन हैं?

शबाना आजमी एक बड़े और मशहूर परिवार से आती हैं। वो मशहूर शायर और गीतकार कैफी आजमी और अभिनेत्री शौकत आजमी की बेटी हैं। उनके पति मशहूर शायर, गीतकार और लेखक जावेद अख्तर हैं। जावेद अख्तर खुद को नास्तिक बताते हैं, भले ही उनका जन्म एक मुस्लिम परिवार में हुआ हो। शबाना हमेशा से कहती आई हैं कि वो धार्मिक रीति-रिवाजों से दूर रहती हैं, लेकिन खुद को सांस्कृतिक तौर पर मुस्लिम मानती हैं। यानी धर्म की रस्मों से ज्यादा उन्हें अपनी संस्कृति और तहजीब से लगाव है।

Shabana Azmi Burkha Hijab Controversy

Photo Credit: Instagram (tajmahalamumbai)

शबाना ने हिजाब पर पहले भी रखी है राय

ये पहली बार नहीं है, जब शबाना आजमी ने हिजाब और बुर्के पर अपनी राय रखी हो। साल 2022 में कर्नाटक का हिजाब विवाद सबको याद होगा। उडुपी के एक कॉलेज में हिजाब पहनने की वजह से 6 लड़कियों को कथित तौर पर कॉलेज में घुसने से रोक दिया गया था। उस समय भी शबाना ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी थी। तब भी उनका यही कहना था कि महिला को ये हक होना चाहिए कि वो क्या पहनना चाहती है?

यह भी पढ़ें- Ramayana पर तीसरे रविवार बरसी लक्ष्मी की कृपा, रणबीर कपूर की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर छापे नोट

राजनीति में भी रही हैं शबाना

शबाना आजमी ने कभी चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन वो जावेद अख्तर की तरह राज्यसभा की सदस्य रही हैं। साल 1997 में राष्ट्रपति ने उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया था। अपने कार्यकाल के दौरान, फिल्मों में व्यस्त होने के बाद भी वो नियमित रूप से संसद के सत्रों में जाती थीं। राज्यसभा में उन्होंने हमेशा महिलाओं के अधिकारों, बच्चों की भलाई और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा के लिए आवाज उठाई। उन्होंने झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों और वंचित समुदायों की परेशानियों को भी संसद में रखा। उन्होंने अपनी सांसद निधि का इस्तेमाल मुंबई में सार्वजनिक जगहों को सुंदर बनाने के लिए किया, जिसमें समुद्र तट के इलाकों का जीर्णोद्धार भी शामिल था।

यह भी पढ़ें- Panchayat 5 Trailer Out: फुलेरा में फिर छिड़ेगी कुर्सी की जंग, पंचायत 5 का ट्रेलर हुआ जारी; सचिव जी की लव लाइफ में भी ट्विस्ट

इस बयान पर क्यों हो रही है इतनी बहस?

शबाना के बयान पर बहस इसलिए हो रही है, क्योंकि उन्होंने दो बातें एक साथ कही हैं। पहली, कुरान में बुर्के का आदेश नहीं है। दूसरी, अगर किसी महिला को बुर्का पहनने से रोका जाएगा, तो वो उसका विरोध करेंगी।

एक तरफ वो धार्मिक दबाव के खिलाफ हैं, तो दूसरी तरफ वो पहनावे पर रोक के भी खिलाफ हैं। यही बात उन्हें बाकी लोगों से अलग करती है। उनका कहना है कि आजादी का मतलब ही यही है कि महिला खुद फैसला करे।

Shabana Azmi Hijab Row

Photo Credit: Instagram (shabanazmi)

शबाना आजमी का बयान एक बार फिर ये सवाल खड़ा करता है कि क्या महिला के पहनावे पर फैसला समाज करेगा, धर्म के ठेकेदार करेंगे, या खुद महिला करेगी? शबाना का जवाब साफ है, फैसला महिला का ही होना चाहिए। चाहे वो बुर्का पहने या न पहने, ये उसकी आजादी है। और यही असली धर्मनिरपेक्षता और असली महिला आजादी है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

FAQ
शबाना आजमी ने बुर्के को लेकर क्या कहा है?
शबाना ने कहा है कि कुरान में बुर्का पहनने के लिए नहीं कहा गया है, सिर्फ नजरों में हया की बात कही गई है। वो खुद बुर्का नहीं पहनतीं, लेकिन किसी को रोकने के भी खिलाफ हैं।
क्या शबाना आजमी धार्मिक हैं?
शबाना खुद कहती हैं कि वो धार्मिक रीति-रिवाजों से दूर रहती हैं, लेकिन सांस्कृतिक तौर पर खुद को मुस्लिम मानती हैं। उनके पति जावेद अख्तर खुद को नास्तिक बताते हैं।
शबाना आजमी राज्यसभा में कब थीं?
शबाना को साल 1997 में राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया था। वहां उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और बच्चों के कल्याण के लिए काम किया।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।