Salman Khan को लगा था वह 'मैंने प्यार किया' के लिए फिट नहीं हैं, फिर कैसे मिली फिल्म? जानिए अंदर की बात

salman khan and chitrangada singh shares untold story of their life ijn jagran samvadi (Image Credit- Jagran)
आज बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को किसी पहचान की जरूरत नहीं है। उनकी फिल्मों और अंदाज के लाखों फैन हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि एक समय ऐसा भी था, जब सलमान खुद को अपनी पहली बड़ी फिल्म के लिए सही नहीं मानते थे? बात उनकी फिल्म 'मैंने प्यार किया' की है, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। मजेदार बात तो यह है कि जब सूरज बड़जात्या ने उन्हें इस फिल्म के लिए अप्रोच किया, तो सलमान ने खुद काम मांगने के बजाय अपने दो-तीन दोस्तों के नाम सुझा दिए थे।
यह किस्सा उन्होंने जागरण संवादी के पांचवें और खास सत्र में सुनाया, जिसका आयोजन शुक्रवार को लखनऊ में हुआ था। इस दौरान उनके साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी मौजूद थीं। दोनों ने अपनी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि' के साथ-साथ जिंदगी और सिनेमा से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी शेयर किए। आइए इसके बारे में जानते हैं-
सलमान को लगा था दोस्त को मिलना चाहिए फिल्म में मौका
जागरण संवादी में सलमान खान ने बताया कि जब उनकी मुलाकात सूरज बड़जात्या से हुई थी, तब उन्हें 'मैंने प्यार किया' की कहानी काफी पसंद आई थी, लेकिन उन्हें ऐसा नहीं लग रहा था कि वह इस फिल्म के लिए फिट बैठते हैं। ऐसे में उन्होंने सूरज बड़जात्या को अपने दो-तीन दोस्तों के नाम सुझा दिए। सलमान का कहना था कि अगर उन्हें यह फिल्म नहीं मिलती, तो कम से कम उनके किसी दोस्त को काम मिल जाता। उनके लिए जरूरी था कि फिल्म में सही कलाकार को मौका मिले। सोचिए, जिस फिल्म ने सलमान को रातोंरात स्टार बना दिया, उसके लिए वह खुद की जगह दोस्तों का नाम आगे कर रहे थे।
Image Credit- Jagran
कभी सिर्फ 10 लाख रुपये कमाना चाहते थे सलमान
आज सलमान खान की पहचान बॉलीवुड के बड़े सितारों में होती है, लेकिन उनके शुरुआती सपने काफी छोटे थे। जागरण संवादी में उन्होंने यह भी बताया कि कभी उनकी इच्छा सिर्फ 10 लाख रुपये कमाने की थी। खास बात यह है कि उन्होंने अपना यह सपना करीब 30-40 साल पहले ही पूरा कर लिया था। सलमान ने यह भी कहा कि अब अगर उनके पास सब कुछ न भी रहे, तब भी वह खुद को काबिल मानेंगे।
यह भी पढ़ें- कितनी थी Salman Khan की पहली सैलरी, 21 लाख की पेंटिंग लेने से क्यों किया था इनकार? जानें वजह
एक्ट्रेस नहीं बनना चाहती थीं चित्रांगदा सिंह
इस बातचीत में अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने भी अपनी जिंदगी से जुड़ी एक मजेदार बात बताई। उन्होंने कहा कि उनका सपना कभी मुंबई आकर फिल्म स्टार बनने या एक्ट्रेस बनने का नहीं था। उनकी तो बस एक छोटी सी ख्वाहिश थी। वह ऐसी कार खरीदना चाहती थीं, जिसमें एक बटन दबाते ही खिड़की का शीशा ऊपर-नीचे हो जाए, लेकिन जिंदगी ने उन्हें उनके इस छोटे से सपने से कहीं आगे पहुंचा दिया। आज वह फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी हस्तियों में शामिल हैं।
View this post on Instagram
फुलटाइम नहीं, पैशन प्रोड्यूसर हैं चित्रांगदा
बातचीत के दौरान चित्रांगदा ने फिल्में बनाने को लेकर भी अपनी सोच बताई। उन्होंने कहा कि वह खुद को फुलटाइम प्रोड्यूसर नहीं मानतीं बल्कि पैशन प्रोड्यूसर मानती हैं। उन्होंने अपनी फिल्म 'सूरमा' का जिक्र भ्ी किया, जिसमें दिलजीत दोसांझ ने काम किया था।
Image Credit- Jagran
ट्रोल करने वालों से परेशान नहीं होते सलमान
बीते कुछ दिनों पहले आपने देखा होगा कि सोशल मीडिया पर कई कलाकारों को ट्राेल किया गया था, ऐसे में जब सलमान खान से इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने काफी साफ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि हर इंसान आपको पसंद करे। अगर किसी को वह पसंद नहीं हैं, तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। यानी सलमान का मानना है कि हर किसी की पसंद अलग हो सकती है और इस बात को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है।
क्या शाहरुख और आमिर के साथ एक फिल्म करेंगे सलमान?
जागरण संवादी में बातचीत के दौरान सलमान से बॉलीवुड की नई पीढ़ी और कलाकारों के आपसी रिश्तों को लेकर भी सवाल हुए। इसी बीच उनसे पूछा गया कि क्या वह कभी शाहरुख खान और आमिर खान के साथ एक ही फिल्म में नजर आएंगे? इस पर सलमान ने मुस्कुराते हुए कहा कि ऐसा होना मुमकिन है। कुल मिलाकर, जागरण संवादी का यह सेशन काफी दिलचस्प रहा।
यह भी पढ़ें- क्या 37 साल बाद फिर 'प्रेम' बनकर वापसी करेंगे Salman Khan? सूरज बड़जात्या ने कह दी ऐसी बात
कब रिलीज होगी फिल्म मातृभूमि?
आपको बता दें कि सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की फिल्म मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस (Maatrubhumi: May War Rest in Peace) 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ये साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है। सलमान खान और चित्रांगदा सिंह के फैंस को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Jagran
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।