'वो मुझसे बातें छुपाने लगी थीं', राज कपूर ने नरगिस पर लगाया था धोखा देने का इल्जाम; एक अधूरा वादा बना था रिश्ता टूटने की वजह

बॉलीवुड की रोमांटिक जोड़ियों का जब भी जिक्र होगा, राज कपूर और नरगिस का नाम जरूर लिया जाएगा। ऑनस्क्रीन दोनों की केमिस्ट्री बहुत हिट रही और असल जिंदगी में भी दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत किया करते थे। परदे पर रोमांस करते-करते ये दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए थे और इनकी बढ़ती नजदीकियों के चर्चे बॉलीवुड के गलियारों से लेकर अखबारों की हेडलाइंस तक हर जगह होने लगे थे। दोनों कई सालों तक एक-दूसरे के साथ रहे, लेकिन इनका रिश्ता मुकम्मल नहीं हो सका, क्योंकि राज कपूर, कृष्णा राज कपूर के साथ शादीशुदा थे। कहा जाता है कि नरगिस, राज कपूर के प्यार में इस कदर दीवानी थीं कि उन्हें उनकी दूसरी पत्नी बनना भी कुबूल था और उनका साथ पाने के लिए उन्होंने वकीलों के चक्कर भी लगाए थे, लेकिन इनका एक होना किस्मत में नहीं लिखा था। राज कपूर ने एक वक्त पर नरगिस पर धोखा देने का इल्जाम भी लगाया था। चलिए आपको सुनाते हैं यह दिलचस्प किस्सा।
राज कपूर ने नरगिस पर लगाया था धोखा देने का इल्जाम
राज कपूर ने साल 1974 के आस-पास एक जर्नलिस्ट को दिए इंटरव्यू में कहा था कि नरगिस उनसे बातें छुपाने लगी थीं। उन्होंने बताया था कि एक बार वो और नरगिस साथ में किसी पार्टी में जाने वाले थे, जब वो नरगिस को लेने आए, तो उनके हाथ में एक कागज का टुकड़ा था, जो उन्होंने राज कपूर को देखते ही फेंक दिया था। राज कपूर ने यह भी कहा था कि उस कागज में किसी बड़े डायरेक्टर या एक्टर ने उन्हें शादी का प्रपोजल भेजा था। बताया जाता है कि ये वो दौर था, जब धीरे-धीरे नरगिस की सुनील दत्त के साथ नजदीकियां बढ़ने लगी थीं।

इस बात पर भी नाराज हुए थे राज कपूर
राज कपूर, नरगिस से कई बातों पर खफा थे। उस वक्त की रिपोर्ट्स की मानें तो राज कपूर पहले मदर इंडिया बनाने वाले थे और वो उसमें नरगिस को लेना चाहते थे, लेकिन नरगिस ने यह कहकर मना कर दिया था कि परदे पर बूढ़ी औरत का रोल निभाने से उनकी इमेज खराब होगी, लेकिन बाद में उन्होंने सुनील दत्त के साथ मदर इंडिया साइन कर ली थी और राज कपूर को बिना बताए शूटिंग के लिए मुंबई से बाहर चली गई थीं। राज कपूर ने जब उनसे इस बारे में पूछा था तो नरगिस ने जवाब दिया था कि उन्हें नहीं पता था कि यह वही फिल्म है।

इस अधूरे वादे की वजह से टूट गया था रिश्ता
कहा जाता है कि एक वक्त के बाद नरगिस को यह समझ आ गया था कि राज कपूर कभी भी उनकी पत्नी को छोड़कर उनसे शादी नहीं करेंगे और इसी वजह से वो धीरे-धीरे राज कपूर से दूरी बनाने लगी थीं। राज कपूर ने नरगिस से शादी का वादा किया था, लेकिन धीरे-धीरे नरगिस यह समझने लगी थीं कि ये वादा पूरा नहीं हो सकता है। जब नरगिस ने राज कपूर से दूरी बनाना शुरू किया, तो राज कपूर को लगा कि वो उन्हें धोखा दे रही हैं।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की जिंदगी से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी के एंटरटेंमेंट सेक्शन से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।