
भारतीय सिनेमा के दिग्गज एक्टर मनोज कुमार का शुक्रवार सुबह मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में 87 साल की उम्र में निधन हो गया। एक्टर अपनी देशभक्ति फिल्मों के लिए काफी मशहूर थे और उन्हें भारत कुमार के नाम से भी जाना जाता था। उनकी फिल्मों को लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी देखना पसंद करती थीं। मनोज कुमार ने 10 साल की उम्र में भारत-पाकिस्तान दंगों के दौरान अपने बड़े भाई को खो दिया था। विभाजन के दौरान उनकी फैमिली पाकिस्तान छोड़कर भारत आ गई थीं और यहां नई शुरुआत की थी।
भारत आने के बाद मनोज कुमार की फैमिली दिल्ली पहुंची थीं और करीब 2 महीने तक रिफ्यूजी कैम्प में बिताए थे। मनोज कुमार ने दिल्ली के हिंदू कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था। नौकरी की तलाश में भटकते हुए एक दिन मनोज कुमार फिल्म स्टूडियो जा पहुंचे थे और उनकी मुलाकात एक शख्स से हुई थी। उन्होंने बताया कि वह काम की तलाश में यहां आए, तो उस शख्स ने उन्हें फिल्म सेट पर लाइट और शूटिंग के सामान को ढोने का काम दे दिया। मनोज कुमार फिल्मों को देखकर काफी प्रभावित हुए और उन्होंने फिल्म में असिस्टेंट के रूप में काम किया।

फिल्म के सेट पर एक बार मनोज कुमार लाइट टेस्टिंग के लिए हीरो की जगह पर खड़े थे, तब डायरेक्टर ने उनके सुंदर चेहरे को देखकर उन्हें 1957 में आई फिल्म फैशन में एक छोटा-सा रोल दे दिया था। इसके बाद, 1961 में मनोज कुमार ने फिल्म कांच की गुड़िया में लीड रोल प्ले किया था। इसके बाद, उन्होंने रेशमी रुमाल, चांद, बनारसी ठग, गृहस्थी, अपने हुए पराए और वो कौन थी जैसी फिल्मों से पॉपुलैरिटी कमाई थी।

दिवंगत एक्टर मनोज कुमार बचपन से ही दिलीप कुमार के बहुत बड़े फैन थे। 1949 में आई फिल्म शबनम में उन्होंने पहली बार दिलीप कुमार को देखा था और फैन बन गए थे। फिल्म शबनम में दिलीप कुमार का नाम मनोज था और उन्होंने हरिकृष्ण गोस्वामी से बदलकर अपना नाम मनोज कुमार रख लिया था। 1965 में एक्टर ने फिल्म शहीद में भगत सिंह की भूमिका निभाई थी और उनकी फिल्म को तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने भी देखा था और एक्टर को फिल्म बनाने की सलाह दी थी।
उस समय मनोज कुमार को डायरेक्शन और राइटिंग नहीं आती थी, लेकिन उन्होंने मुंबई से दिल्ली के सफर में आधी फिल्म ट्रेन में बैठकर लिख डाली थी और दिल्ली लौटते ही पूरी फिल्म लिख दी थी। साल 1967 में उन्होंने फिल्म उपकार बनाई थी और फिल्म सुपरहिट रही थी। हालांकि, लाल बहादुर शास्त्री फिल्म उपकार को नहीं देख पाए थे, क्योंकि उससे पहले उनका निधन हो गया था।

साल 2007 में शाहरुख खान की फिल्म ओम शांति ओम में एक्टर ने मनोज कुमार की नकल उतारी थी। इस सीन में किंग खान ने मनोज कुमार का सिग्नेचर पोज कॉपी किया था। यह सीन मनोज कुमार को बिल्कुल पसंद नहीं आया था और उन्हें लगा था कि फिल्म में उनका मजाक उड़ाया गया है। एक्टर ने नाराज होकर शाहरुख खान और ईरोज इंटरनेशनल के खिलाफ 100 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया था। जब विवाद बढ़ा तो SRK ने ई-मेल के जरिए मनोज कुमार से माफी मांगी थी और बाद में एक्टर ने माफ भी कर दिया था। हालांकि, कोर्ट ने फिल्म से इस सीन को हटाने का आदेश दिया था, लेकिन फिल्म से यह सीन नहीं हटाया गया।
जब फिल्म ओम शांति ओम रिलीज हुई, तो मनोज कुमार नाराजगी जताई और कहा कि मैं शाहरुख को कभी माफ नहीं करूंगा, उसने मेरी और कोर्ट के आदेश की अवहेलना की है। हालांकि, समय के साथ यह विवाद शांत हो गया और मामला कोर्ट के बाहर ही सुलझा लिया गया।
इसे भी पढ़ें- क्या आप जानते हैं मनोज कुमार की स्टाइलिश पोती मुस्कान गोस्वामी के बारे में
साल 2013 में मनोज कुमार ने अपनी पत्नी शशि गोस्वामी के साथ मिलकर एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि जब एक्टर ग्रेजुएशन कर रहे थे, तब एक दिन अपने दोस्त के घर गए थे। वहां पर उन्होंने पहली बार शशि को देखा था। पहली नजर में उन्हें प्यार हो गया था और अपनी पत्नी की खूबसूरती निहारते रह गए थे।
उनकी लव स्टोरी को आगे बढ़ाने में मनोज कुमार के दोस्त ने मदद की थी। वह दोस्तों की मदद से शशि के साथ फिल्म उड़नखटोला देखने गए। यहीं से दोनों के बीच मुलाकातें बढ़ीं। धीरे-धीरे उनका रिश्ता मजबूत होता गया, और मनोज के परिवार को भी इस रिश्ते से कोई ऐतराज नहीं था। हालांकि, शशि की मां और भाई इस रिश्ते से खुश नहीं थे। इसके बावजूद, कॉलेज के दिनों में दोनों छत पर मिलते और अपने प्यार का इजहार करते। बाद में मनोज कुमार और शशि की शादी हो गई, और 1961 में उनके बेटे कुणाल का जन्म हुआ।
प्रश्न- मनोज कुमार को क्या कोई राष्ट्रीय सम्मान मिला था?
उन्हें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड, पद्मश्री और नेशनल अवॉर्ड सहित 8 फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
प्रश्न- मनोज कुमार का असली नाम क्या था?
एक्टर का असली हरिकृष्ण गोस्वामी था।
अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
IMage Credit- IMDb, Jagran
यह विडियो भी देखें
Herzindagi video
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।