कृष्ण जी की छठी पर लड्डू गोपाल को क्यों लगाया जाता है कढ़ी-चावल का भोग? क्या हैं पौराणिक कारण

कृष्ण जी को छठी के दिन कढ़ी चावल का भोग लगाया जाता है और वही भक्तों में वितरित किया जाता है। हम सभी के मन में ये एक सवाल बार-बार आता है कि इस दिन कढ़ी चावल बनाने और उसका भोग लगाने का मुख्य कारण क्या है? आइए आपको बताते हैं इसके बारे में।
image

हिंदू धर्म में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस पर्व को जन्माष्टमी कहा जाता है। जिस तरह से कृष्ण जन्माष्टमी का विशेष महत्व है उसी तरह से कृष्ण जन्म के छठे दिन लड्डू गोपाल की छठी मनाई जाती है। जिस तरह से बच्चे के जन्म के ठीक छठे दिन यह उत्सव धूम-धाम से मनाया जाता है उसी तरह कृष्ण के बाल स्वरुप लड्डू गोपाल की छठी को भी विधि-विधान के साथ मानाने की प्रथा सदियों पुरानी है। यही नहीं इस दिन कुछ विशेष चीजों का भोग लड्डू गोपाल को लगाया जाता है और और भोजन में भी वही चीजें बनाई जाती हैं। उन्हीं चीजों में से एक है कढ़ी। कृष्ण जी की छठी के दिन कढ़ी बनाने की परंपरा काफी समय से चली आ रही है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन लड्डू गोपाल को कढ़ी का भोग लगाने से सदैव उनकी कृपा घर पर बनी रहती है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस दिन भोग के लिए कढ़ी क्यों बनाई जाती है? आखिर क्यों लड्डू गोपाल को कढ़ी चावल का भोग लगाया जाता है? आइए नई दिल्ली के पंडित अनिल चंद्र पराशर से जानें इस प्रथा के धार्मिक कारणों के बारे में विस्तार से।

कृष्ण जी की छठी पर कढ़ी क्यों बनाई जाती है?

भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव आनंद, भक्ति और कई पारंपरिक व्यंजनों के स्वाद से भरा उत्सव माना जाता है। यह पर्व सिर्फ कृष्ण जन्माष्टमी तक ही सीमित नहीं होता है बल्कि छठे दिन यानी छठी तक मनाया जाता है। इस साल कृष्ण जी की छठी 21 सितंबर, बृहस्पतिवार के दिन पड़ रही है। कृष्ण जी की छठी के दिन कढ़ी चावल बनाना और इसका भोग लड्डू गोपाल को लगाना न सिर्फ एक प्रथा है बल्कि ये पवित्रता का प्रतीक भी है। ऐसा माना जाता है कि कढ़ी दही और बेसन से बनती है, जिसे कम से कम मसालों के साथ बनाया जाता है, जबकि चावल भी एक मुख्य अनाज है जो कान्हा को अत्यंत प्रिय माना जाता है। कढ़ी और चावल दोनों मिलकर एक सात्विक भोजन का प्रतिनिधित्व करते हैं जो सादगी के मूल्यों के अनुरूप माने जाते हैं।

kadhi chawal significance on chhathi

कृष्ण जी की छठी में कढ़ी के भोग की पौराणिक कथा क्या है?

एक पौराणिक कथा के अनुसार, कृष्ण जी की छठी वह दिन होता है जब भगवान कृष्ण के पालक माता-पिता यानी कि यशोदा और नंद बाबा, कृष्ण के जन्म और कल्याण का उत्सव मनाने के लिए अपने परिवार और समस्त गांव के लोगों के लिए एक साधारण भोज का आयोजन करते थे। इस दिन, वे अपनी सादगी भरी जीवनशैली के अनुरूप पौष्टिक और सादा भोजन तैयार करते थे और ग्रामीण जनों को परोसते थे। कढ़ी चावल, एक साधारण और पौष्टिक व्यंजन होने के कारण, कृष्ण जी के माता-पिता की विनम्रता और भक्ति का प्रतीक माना जाता था, इसी वजह से आज भी छठी के भोग के लिए आज भी कढ़ी चावल को ही चुना जाता है। यही नहीं इस दिन मंदिरों में भी कढ़ी चावल का वितरण भक्त जनों को किया जाता है।

इसे जरूर पढ़ें: Krishna Chhathi 2025: श्री कृष्ण की छठी कब है? इस मुहूर्त पर करें पूजा और लगाएं भोग...पूरी होंगी मनोकामनाएं

kadhi chawal ka bhog kyon lagate hain

लड्डू गोपाल को छठी के दिन कैसे लगाएं कढ़ी-चावल का भोग?

  • कृष्ण जी की छठी के दिन लड्डू गोपाल को सबसे पहले स्नान कराने के बाद नए वस्त्र पहनाएं। कोशिश करें कि उन्हें पीले रंग के वस्त्रों से सजाएं।
  • लड्डू गोपाल की पूजा और सेवा विधि-विधान से करें और उनके सामने कढ़ी और चावल का भोग रखें।
  • हाथ जोड़कर प्रार्थना करें कि वो भोग ग्रहण करें और थोड़ी देर के बाद वह भोग सभी भक्तों में वितरित करें।
  • ध्यान रखें कि कढ़ी चावल का भोग बनाते और लड्डू गोपाल को अर्पित करते समय आपको भी शुद्ध होना चाहिए। स्नान आदि से निवृत्त होकर ही भोग लगाएं।

यदि आप लड्डू गोपाल की छठी हर्षोल्लाष से मनाती हैं तो आपको यहां बताई बातों का ध्यान भी रखना चाहिए। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। अपने विचार हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।

Images: freepik. com

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP