'लॉक अप 2' में कल (18 जुलाई, शनिवार को) योगेश रावत शो से बाहर हो गए हैं। कल जजमेंट डे था और हर्षद चोपड़ा, सूफी मोतीवाला व योगेश रावत में से किसी एक का सफर खत्म होना था। हर्षद ने एलिमिनेशन से खुद को सेफ करने के लिए अपनी जिंदगी का एक ऐसा सीक्रेट रिवील किया, जिसे सुनकर सभी इमोशनल हो गए। हर्षद ने सबसे पहले बजर दबाया और खुद को सुरक्षित कर लिया। इसके बाद शो के फॉर्मेट के हिसाब से उन्होंने अपनी जिंदगी का एक गहरा राज बताया। हर्षद ने बताया कि जब उनका पहला रिश्ता टूटा था, तो वो पूरी तरह टूट गए थे और उन्होंने अपनी जान लेने की कोशिश की थी। हर्षद ने बताया कि उन्होंने अपना हाथ काट लिया था। चलिए आपको बताते हैं कि एक्टर ने क्या कहा?
हर्षद चोपड़ा ने की थी अपनी जान लेने की कोशिश
हर्षद चोपड़ा ने कल जजमेंट डे पर अपनी जिंदगी के एक ऐसे राज से परदा उठाया, जिसके बारे में उन्होंने पहले कभी बात नहीं की। हर्षद ने बताया कि जब वो मुंबई आए थे, तो लगभग 22-23 साल के थे और उस समय पर उनका एक रिश्ता बना था, जो उनकी जिंदगी का पहला रिलेशन था, लेकिन जब उनकी गर्लफ्रेंड उन्हें छोड़कर गई, तो उन्हें इतना दर्द हुआ कि एक पल में तो उन्होंने अपनी जान लेने की भी कोशिश की थी।
हर्षद ने बताया, "पहला रिश्ता था...कुछ हुआ था, वो नाराज थी...फोन करके मुझे बताया गया कि मैं यहां हूं, ये कर रही हूं...किसके साथ हूं...उस वक्त मुझे बहुत जोर से मतलब...मैं जो फील कर रहा था वो फील नहीं करना चाहता था और मुझे कुछ भी समझ नहीं आया था, तो मैंने अपना हाथ काट लिया था। उसके निशान आज तक हैं..उसके बाद कुछ नहीं हुआ...पैनिक किया...खुद अस्पताल गया..पैर में भी चोट मारी थी, तो जा भी नहीं पा रहा था, जैसे-तैसे अस्पताल पहुंचा, तो डॉक्टर ने कहा कि पुलिस केस है, बहुत मिन्नतें कीं...बहुत हाथ-पैर जोड़े फिर जाकर अक्ल आई और खुद से वादा किया कि खुद को भी नुकसान नहीं पहुंचाऊंगा।"
यह भी पढ़ें- 'कोई लड़की ऐसे लड़के से शादी नहीं करेगी', श्रेया कालरा ने हर्षद चोपड़ा को लेकर किए चौंकाने वाले दावे; भड़के फैंस
रितेश और फराह ने कही यह बात
हर्षद की बात सुनकर फराह खान, रितेश देशमुख और शिवांगी जोशी समेत सभी लोग काफी इमोशनल नजर आए। फराह ने कहा कि उन्हें भरोसा नहीं हो रहा है कि एक रिश्ते के टूटने का उन पर यह असर हुआ कि उन्होंने यह रास्ता चुना। एक्टर ने बताया कि उनका वो रिश्ता करीब 8-9 महीने चला था। इसके बाद फराह खान और रितेश देशमुख ने ऑडियंस से अपील की कि किसी भी मुश्किल स्थिति में खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कभी न करें। हर्षद ने भी कहा कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि उन्होंने ऐसी बेवकूफी की। एक्टर ने कहा कि अगर उस दिन वो नहीं बच पाते, तो आज जिंदा नहीं होते।
यह भी पढ़ें- क्या Lock Upp 2 में हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी के बीच बढ़ रही हैं नजदीकियां? पहले भी आ चुकी हैं लिंकअप की खबरें
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। साथ ही बॉलीवुड, टीवी इंडस्ट्री और सेलेब्स की लाइफ से जुड़ी ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Courtesy: Netflix
