आज के समय में जब हर काम डिजिटल हो रहा है, तो यात्रा करने का तरीका भी तेजी से बदल रहा है। एयरपोर्ट पर लंबी कतारों में खड़े होना, इमिग्रेशन काउंटर पर घंटों इंतजार करना और दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर चिंता करना हर यात्री के लिए एक बड़ी सिरदर्दी बन चुका है। इसी परेशानी को दूर करने के लिए भारत में ई-पासपोर्ट की शुरुआत की गई है, जो नीले पासपोर्ट का एक आधुनिक और सुरक्षित रूप है।

यह डिजिटल पासपोर्ट न केवल आपकी हवाई यात्रा को आसान और तेज बनाता है, बल्कि यात्रियों के प्राइवेट डेटा की सेफ्टी को भी बेहतर बनाता है। नीचे लेख में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि ई-पासपोर्ट नॉर्मल पासपोर्ट से किस तरह अलग है और आपके लिए कितना फायदेमंद है?

क्या है ई-पासपोर्ट और यह कैसे काम करता है?

ई-पासपोर्ट एक ऐसा इलेक्ट्रॉनिक पासपोर्ट है जिसमें कागजी दस्तावेजों के साथ-साथ एक छोटा और सुरक्षित रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन चिप और बायोमेट्रिक डेटा शामिल होता है। इस चिप में यात्री की पर्सनल जानकारी, फोटो और फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन जैसी बायोमेट्रिक डिटेल्स डिजिटल रूप से सुरक्षित रहती हैं।

आप जब एयरपोर्ट के इमिग्रेशन काउंटर या ऑटोमेटेड गेट पर पहुंचते हैं, तो मशीन इस चिप को सेकंडों में स्कैन कर लेती है। इससे अधिकारियों को आपका डेटा तुरंत मिल जाता है और आपको लंबी लाइनों में खड़े होकर बार-बार कागजात दिखाने की जरूरत नहीं पड़ती है।

नॉर्मल पासपोर्ट और ई-पासपोर्ट में अंतर

पारंपरिक और इलेक्ट्रॉनिक पासपोर्ट दोनों का काम विदेश यात्रा की अनुमति देना है, लेकिन तकनीकी और सुरक्षा के मामले में दोनों में अच्छा-खासा फर्क है। नीचे आसान भाषा में समझें-

  • नॉर्मल पासपोर्ट में डेटा केवल प्रिंटेड फॉर्म में होता है जिसके फर्जीवाड़े का खतरा रहता है। वहीं, ई-पासपोर्ट में लगी डिजिटल चिप को कोई भी आसानी से कॉपी या हैक नहीं कर सकता, जिससे डेटा लीक का जोखिम लगभग खत्म हो जाता है।
  • सामान्य पासपोर्ट यूजर्स को मैनुअल चेकिंग के लिए लंबी लाइनों का सामना करना पड़ता है। इसके उलट, ई-पासपोर्ट यूजर एयरपोर्ट पर ऑटोमेटेड गेट्स का इस्तेमाल करके कुछ ही सेकेंड में इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
  • ई-पासपोर्ट का कवर और उसके अंदर लगी चिप हाई क्वालिटी वाले मैटेरियल से बनाई जाती है, जिससे यह आम पासपोर्ट के मुकाबले अधिक मजबूत होता है।

पैसेंजर के लिए ई पासपोर्ट कितना जरूरी और फायदेमंद है?

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में समय की कीमत सबसे ज्यादा है। बार-बार यात्रा करने वाले लोगों और बिजनेस पर्सन के लिए ई-पासपोर्ट कारगर साबित हो रहा है। इसके आने से न केवल एयरपोर्ट का सफर सुहाना हो जाता है बल्कि भारत का पासपोर्ट ग्लोबल लेवल पर और अधिक मजबूत व भरोसेमंद बनता है।

यह जानकारी passportindia.gov.in और Ministry of External Affairs Passport Services से ली गई है। अगर आप नया पासपोर्ट बनवाने जा रहे हैं, तो कोशिश करें कि ई-पासपोर्ट बनवाएं। अगर आपको यह लेख अच्छा लगे तो इसे शेयर करें और ऐसे ही आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ।

Image Credit-magnific (all images)