ट्रेन में लंबा सफर करना हो तो दिनभर से टेंशन रहती है कि समय पर ट्रेन मिल जाए। फिर ट्रेन में चढ़ते ही लगता है अब बस आराम कर लें। कोई अपना फोन निकालकर गेम खेलता है तो कोई रील देखने लगता है, लेकिन क्या आप जानती हैं कि बर्थ पर आराम से बैठने से पहले कुछ जरूरी चीजें चेक कर लेनी चाहिए? ऐसा न करने से पूरा सफर खराब हो जाता है। आपकी छोटी-सी लापरवाही रात में परेशानी की वजह बन सकती है। ऐसे में ट्रेन में बैठते ही बर्थ नंबर से लेकर चार्जर स्विच, तक इन 5 चीजों को चेक जरूर कर लें।
ट्रेन में चढ़ते ही चेक करें ये 5 चीजें
ट्रेन में चढ़ने के बाद अक्सर लोग सीट पर जाकर सो जाते हैं, लेकिन ऐसा करने से आपको बाद में दिक्कत हो सकती है। सबसे पहले ये 5 चीजें चेक कर लें।
1. सबसे पहले अपनी बर्थ का नंबर चेक करें
ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही लोगों को सीट पर जाने की जल्दी होती है। ऐसे में बहुत बार लोग बिना ध्यान दिए गलत कोच या बर्थ पर पहुंच जाते हैं। इसलिए अपनी सीट पर बैठने से पहले टिकट में दिया गया कोच और बर्थ नंबर चेक कर लें। अगर आप परिवार या दोस्तों के साथ सफर कर रहे हैं, तो उनके टिकट की जानकारी भी चेक कर लें। इससे सही बर्थ का पता रहेगा और किसी दूसरे को परेशानी नहीं होगी।
image credit-ai
2. बिस्तर और चादर की साफ-सफाई देखें
अपनी बर्थ मिलते ही बैग रखकर लेटने की जल्दबाजी न करें। पहले चादर और तकिए के कवर को चेक करें कि वह साफ हैं कि नहीं। अगर चादर पर दाग लगे हैं, वह गीली है या उससे अजीब गंध आ रही है, तो ट्रेन के कर्मचारियों को बोलकर साफ चादर मांग लें। याद रखें कि आपको इसी बर्थ पर कई घंटे बिताने पड़ सकते हैं। ऐसे में साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- सिर्फ सुरक्षा नहीं, ट्रेनों में लेडीज डिब्बा शुरू करने की ये थी असली वजह; पर्दे से जुड़ा है इतिहास
3. सामान रखने की सही जगह तय करें
ट्रेन में चढ़ने के बाद अक्सर यात्री अपना बैग बर्थ के नीचे रख देते हैं और फिर उसकी तरफ ध्यान नहीं देतेलेकिन सामान रखने से पहले यह देख लें कि वह सेफ जगह पर रखा है और लोगों के आने-जाने का रास्ता भी है। फोन, पर्स और अन्य कीमती चीजों को संभालकर रखें। सोते समय या अपनी सीट से दूर जाते वक्त इन्हें बर्थ पर खुला छोड़ने से बचें। साथ ही जरूरी सामान को ऐसी जगह रखें। जहां पर इसे रात के अंधेरे में निकालना आसान रहे।
image credit-ai
4. चार्जिंग पॉइंट चेक करें
लंबे ट्रेन सफर में फोन का इस्तेमाल कई कामों के लिए होता है। कोई फिल्म देखता है, कोई गाने सुनता है, तो कोई परिवार और दोस्तों से बात करता है। ऐसे में फोन की बैटरी खत्म होने पर परेशानी हो सकती है। इसलिए अपनी बर्थ के पास लगे चार्जिंग पॉइंट को पहले ही चेक कर लें। अगर वह काम नहीं कर रहा है, तो ट्रेन के कर्मचारियों से मदद मांगें।
5. पानी, फोन और जरूरी सामान पास में रखें
रात में सोने के बाद अचानक प्यास लगना या फोन की जरूरत पड़ना आम बात है, लेकिन अगर पानी की बोतल, चार्जर या फोन बैग के अंदर रखा है, तो उसे ढूंढने के लिए बार-बार उठना पड़ सकता है।
इसलिए सोने से पहले पानी की बोतल, फोन, चार्जर और जरूरत की दूसरी चीजें अपने पास रख लें। अगर सफर के दौरान दवा लेनी होती है, तो उसे भी निकाल लें।
अगर आप रात में ट्रेवल कर रही हैं और स्टेशन छूट जाने का डर है, तो पहले से ही समय के हिसाब से फोन में अलार्म लगा लें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
main image credit-ai
