उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रुड़की के पास हर साल पिरान कलियर मेला का आयोजन होता है। यह मेला पिरान कलियर गांव में हजरत मखदूम अलाउद्दीन अहमद साबरी की दरगाह पर करवाया जाता है। 14 अगस्त 2026 से इस मेले की शुरुआत हुई है और यह लगभग 10 से 15 दिनों तक चलने वाला है। ऐसे में हजारों लोग इस मेले में शामिल होने के लिए आते हैं। आप भी अगर यहां जाने का प्लान कर रही हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आएगा। मेले में कैसे शामिल हो सकते हैं और यहां यात्रियों को क्या सुविधाएं मिलने वाली है? इसके बारे में हम विस्तार से जानकारी देंगे।
पिरान कलियर मेले में कैसे शामिल हो सकते हैं?
इस मेले में शामिल होने के लिए सबसे पहले आपको रुड़की या हरिद्वार पहुंचना होगा। अगर ट्रेन से आ रही हैं तो आप रुड़की रेलवे स्टेशन से यहां जा सकती हैं। यात्री ध्यान रखें कि मेले के दौरान यहां भीड़ ज्यादा हो सकती है, इसलिए समय पर आना बेहतर होगा। प्रशासन की तरफ से पार्किंग के नियम बनाए गए हैं, इसलिए उन्हें फॉलो करें। हरिद्वार में कांवड़ मेले के समापन के बाद पिरान कलियर मेले की शुरुआत हुई है। मेला क्षेत्र को चार जोन में बांटा गया है।
जरूरी जानकारी
- यहां वाहनों के लिए 13 अलग-अलग पार्किंग स्पेस तय किए गए हैं।
- लोगों की सुरक्षा को देखते हुए लगभग 1 किमी के दायरे को जीरो जोन घोषित किया गया है। इस हिस्से में वाहन प्रवेश नहीं कर पाएंगे।
- प्रशासन की तरफ से जानकारी दी गई है कि 23 अगस्त से 28 अगस्त तक केवल जरूरी चीजों के वाहन ही यहां प्रवेश कर पाएंगे, अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- आप निर्धारित पार्किंग स्थलों पर अपना वाहन रोककर पैदल या रिक्शा के जरिए आगे जा सकते हैं।
- इसके साख ही खोया-पाया सेल भी मेला के दौरान सक्रिय है, ताकि लोगों को मदद मिल सके।
मेले में क्या खास देखने को मिलेगा?
पिरान कलियर में सबसे खास यहां की दरगाह शरीफ और उससे जुड़ी धार्मिक आस्था है। मेले के दौरान आसपास कई तरह की दुकानें सजती हैं। आपको खाने-पीने की चीजों, सजावटी सामान और बच्चों के लिए भी तरह-तरह की चीजें खरीदने का मौका मिल जाएगा। शाम के समय मेले में भीड़ और चहल-पहल ज्यादा होती है, इसलिए बच्चों का हाथ पकड़कर रखें।
मेले में जाते समय किन बातों का ध्यान रखें?
- जरूरी सामान और मोबाइल-पर्स को संभालकर रखें, परेशानी होने पर पुलिस से मदद लें।
- दरगाह और धार्मिक परिसर में स्थानीय नियमों का पालन करें और किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं।
- धार्मिक स्थल की मर्यादा का ध्यान रखें और पहनावा में सही रखें।
- यात्री बहुत ज्यादा सामान लेकर मेले में न जाएं, ताकि भीड़ में परेशानी न हो।
- पीने का पानी साथ रखें, खासकर अगर काफी देर तक घूमने का प्लान है।
- वाहन लेकर जा रहे हैं तो निर्धारित पार्किंग में ही गाड़ी खड़ी करें।
- बच्चों के साथ जा रहे हैं, तो नाम और मोबाइल नंबर उनकी जेब में जरूर रखें।
पिरान कलियर मेला के लिए दिल्ली से स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं, जो 21 अगस्त से 31 अगस्त तक चलने वाली है। इसलिए, अगर आपको टिकट नहीं मिल रही है, तो इस स्पेशल ट्रेन में टिकट बुक कर सकते हैं।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- magnific
