अगर आप भगवान राम से जुड़ी जगहों को देखना चाहते हैं, जिनका जिक्र रामायण में भी मिलता है, तो आपके लिए एक खास मौका है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी IRCTC एक खास रामायण यात्रा का पैकेज लेकर आया है। इस पैकेज में आपको अयोध्या से लेकर नेपाल के जनकपुर और दक्षिण भारत के रामेश्वरम तक कई जगहों पर जाने का मौका मिलेगा।
IRCTC के इस पैकेज की खास बात यह है कि इस यात्रा के लिए रहने, खाने और घूमने की कई सुविधाएं पैकेज में ही मिलेंगी। ऐसे में अगर आप परिवार के साथ भगवान राम से जुड़े धामों के दर्शन करना चाहती हैं, तो इस 18 दिन के टूर की पूरी जानकारी जरूर जान लें। हम आपको विस्तार से बता रहे हैं।
18 दिन और 17 रातों का होगा IRCTC का टूर
IRCTC की इस खास यात्रा का नाम श्री रामायण यात्रा है। इसकी शुरुआत 1 फरवरी 2027 को होगी। यात्रियों को भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन से सफर कराया जाएगा। इस यात्रा में ट्रेन और सड़क, दोनों रास्तों से अलग-अलग जगहों तक पहुंचने की व्यवस्था होगी।
image credit- jagran
जनकपुर से रामेश्वरम तक इन जगहों पर जाएंगे यात्री
इस टूर में भारत के साथ नेपाल की भी कुछ खास जगहों को शामिल किया गया है। यात्रियों को इन जगहों पर जाने का मौका मिलेगा-
- अयोध्या: यहां राम जन्मभूमि और हनुमान गढ़ी के दर्शन कराए जाएंगे।
- नंदीग्राम और सीतामढ़ी: यात्रा के दौरान इन जगहों पर भी ले जाया जाएगा।
- बक्सर, वाराणसी और प्रयागराज: इन शहरों को भी यात्रा में शामिल किया गया है।
- श्रृंगवेरपुर और चित्रकूट: रामायण से जुड़ी इन जगहों पर जाने का मौका मिलेगा।
- नासिक और हम्पी: सफर में इन जगहों को भी एक्सप्लोर कराया जाएगा।
- रामेश्वरम: साउथ इंडिया के इस धाम के दर्शन भी पैकेज में शामिल हैं।
- जनकपुर: नेपाल में स्थित राम जानकी मंदिर तक सड़क के रास्ते ले जाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- IRCTC North East Tour Package: 7 दिनों में घूमें काजीरंगा से लेकर हॉर्नबिल फेस्टिवल तक, जानें इस पैकेज की पूरी डिटेल
दिल्ली और यूपी के इन स्टेशनों से पकड़ सकती हैं ट्रेन
इस ट्रेन की शुरुआत दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से होगी। इसके अलावा गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला जंक्शन, इटावा, कानपुर और लखनऊ से भी यात्री ट्रेन में चढ़ सकेंगे। वापसी में झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा या सफदरजंग स्टेशन पर उतरने का ऑप्शन रहेगा। इस यात्रा में कुल 150 यात्रियों के लिए जगह है। इस दौरान आपको टिकट के लिए फर्स्ट एसी, सेकंड एसी और थर्ड एसी के ऑप्शन मिल जाएंगे।
image credit- magnific
IRCTC के श्री रामायण टूर पैकेज में मिलेंगी ये सुविधाएं
टूर बुक करने पर यात्रियों को कई सुविधाएं मिलेंगी। जैसे-
- सुबह की चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का वेज खाना।
- ट्रेन के एसी कोच में 9 रातें और होटल में 8 रातें रुकने की व्यवस्था।
- जनकपुर और चित्रकूट को छोड़कर बाकी जगहों पर 4-स्टार होटल में ठहरने की सुविधा।
- घूमने और स्टेशन से होटल से आने-जाने के लिए एसी गाड़ियां।
- ट्रेन में सुरक्षा, टूर मैनेजर की मदद और यात्रा बीमा।
कितना होगा श्री रामायण टूर पैकेज का किराया?
आपको बता दें कि इस यात्रा का शुरुआती किराया थर्ड एसी के लिए प्रति व्यक्ति 1,23,340 रुपये है। वहीं, फर्स्ट एसी कूपे में अकेले सफर करने का किराया 2,03,470 रुपये तक है। इन किरायों में करीब 33 प्रतिशत की छूट पहले से शामिल है।
बुकिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप इस टूर पैकेज के लिए बुकिंग करना चाहती हैं, तो कुछ बातों काे पहले ही जान लेना चाहिए। जैसे-
- नेपाल के जनकपुर जाने के लिए भिट्ठामोड़ बॉर्डर से गुजरना होगा। यहां इमिग्रेशन की सुविधा नहीं है, इसलिए इस रास्ते से नेपाल जाने की अनुमति केवल भारतीय और नेपाली नागरिकों को है।
- अपने साथ वोटर आईडी या पासपोर्ट, फोटो जरूर रखें।
- खाने का मेन्यू पहले से तय होगा। अपनी पसंद का अलग खाना ऑर्डर नहीं कर सकेंगे।
- मंदिरों में वीआईपी दर्शन और होटल की रूम सर्विस का खर्च पैकेज में शामिल नहीं है।
यह भी पढ़ें- एक ही पैकेज में घूमें चेरापूंजी, शिलांग और काजीरंगा, IRCTC के इस 7-डे नॉर्थ-ईस्ट टूर की नोट करें डिटेल्स
अगर आप इस यात्रा पर जाने का मन बना रही हैं, तो टिकट बुक करने से पहले IRCTC से तारीख, किराया, उपलब्ध सीटों और सभी नियमों की पुष्टि जरूर कर लें। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Source- https://www.irctctourism.com/pacakage_description?packageCode=CDBG47
image credit- ai
