सर्दियों का मौसम शुरू होते ही बहुत से लोग ऐसी जगह घूमने का प्लान बनाने लगते हैं, जहां बर्फ से ढके पहाड़ और सुंदर वादियां देखने को मिलें। ऐसे में श‍िमला-मनाली से बेहतर क्‍या ही हो सकता है। अगर आप भी इस बार शिमला और मनाली जाने की सोच रही हैं, तो IRCTC का नया टूर पैकेज आपके काम आ सकता है।

IRCTC ने लॉन्‍च क‍ि‍या शि‍मला-मनाली का टूर पैकेज

इस पैकेज में आपको चेन्नई से फ्लाइट के जरिए चंडीगढ़ ले जाया जाएगा। इसके बाद शिमला, मनाली और कुल्लू की कई मशहूर जगहों पर घूमने का मौका मिलेगा। सबसे खास बात यह है कि इस टूर पैकेज में कालका-शिमला टॉय ट्रेन की सवारी भी शामिल है। यह पूरा टूर 7 रात और 8 दिन का होगा। ऐसे में आइए जानते हैं इस पैकेज की तारीख, घूमने की जगहें, मिलने वाली सुविधाएं और पूरा खर्च।

कब से शुरू होगा IRCTC का यह टूर?

IRCTC ने इस पैकेज का नाम 'SMA72 शिमला मनाली विंटर स्पेशल एक्स चेन्नई' रखा है। जैसा कि नाम से पता चल रहा है क‍ि इस ट्र‍िप की शुरुआत चेन्नई से होगी। यह फ्लाइट पैकेज है, यानी चेन्नई से चंडीगढ़ तक आने-जाने का सफर हवाई जहाज से होगा। इस टूर से जुड़ी जरूरी बातें आप यहां देख लें-

  • टूर की शुरुआत: 26 नवंबर 2026
  • टूर खत्म होने की तारीख: 3 दिसंबर 2026
  • कुल समय: 7 रात और 8 दिन
  • ट्र‍िप का शुरुआती शहर: चेन्नई
  • घूमने वाले शहर: चंडीगढ़, शिमला और मनाली
  • सीटें: इस पैकेज में सिर्फ 21 सीटें रखी गई हैं।
 
image credit- magnific

कालका-शिमला टॉय ट्रेन में घूमने का भी मिलेगा मौका

इस ट्रिप की एक खास बात कालका-शिमला टॉय ट्रेन की सवारी है। यह ट्रेन पहाड़ों के बीच से गुजरती है और रास्ते में आपको कई सुंदर नजारे देखने को मिलेंगे। यह रेलवे लाइन यूनेस्को की वर्ल्‍ड हेर‍िटेज साइट की ल‍िस्‍ट में भी शाम‍िल है। इसके रास्ते में 103 सुरंगें और 800 से ज्यादा पुल आएंगे। ऐसे में पहाड़ों के बीच ट्रेन का यह सफर आपके ट्रिप को और यादगार बना देगा।

चंडीगढ़ में इन जगहों को एक्‍सप्‍लोर कराएगा IRCTC

इस टूर में चंडीगढ़ घूमने के लिए दो दिन रखे गए हैं। यहां सफर के पहले और सातवें दिन आपको शहर की कई मशहूर जगहें देखने का मौका मिलेगा। इनमें शामिल हैं-

  • सुखना लेक
  • रॉक गार्डन
  • रोज गार्डन
  • एलांते मॉल
  • सेक्टर 17 प्लाजा
  • आर्ट म्यूजियम
  • मनसा देवी मंदिर

अगर आपको झील के किनारे समय बिताना, बाजार घूमना और खूबसूरत जगहों पर फोटोज क्‍ल‍िक कराना पसंद है, तो चंडीगढ़ की ये जगहें आपको जरूर पसंद आएंगी।

शिमला में माल रोड से लेकर कुफरी तक की सैर कराएगा IRCTC

जब आप शिमला पहुंच जाएंगी तो आपको मशहूर माल रोड पर घूमने के लिए अपनी मर्जी से समय मिलेगा। इसके अलावा टूर में कई दूसरी जगहें भी शामिल हैं।

  • काली बाड़ी मंदिर
  • जाखू मंदिर
  • कुफरी
  • ग्रीन वैली
  • फन वर्ल्ड और हिमालयन नेचुरल पार्क

मनाली और कुल्लू में देखेंगे ये खूबसूरत जगहें

इस टूर में मनाली और कुल्लू को भी आपको कवर कराया जाएगा। रास्ते में आपको सुंदर नगर लेक, पंडोह डैम और वैष्णो देवी मंदिर देखने का मौका मिलेगा। इसके अलावा कुल्लू की शॉल फैक्ट्री भी घुमाई जाएगी। मनाली पहुंचने के बाद आप इन जगहों पर घूम सकती हैं-

  • हिडिम्बा देवी मंदिर
  • मनु मंदिर
  • वन विहार
  • क्लब हाउस
  • बौद्ध मठ
  • तिब्बती मार्केट

अगर लोकल प्रशासन से इजाजत मिलती है, तो आपको अटल टनल और सोलंग वैली भी ले जाया जाएगा। यानी इन दोनों जगहों पर जाना अनुमति मिलने पर ही ड‍िसाइड होगा।

image credit- magnific

IRCTC के श‍िमला-मनाली टूर पैकेज में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

IRCTC के इस पैकेज में सिर्फ घूमने की जगहें ही नहीं बल्कि रहने और खाने की व्यवस्था भी शामिल है। इसमें यात्रियों को ये सुविधाएं मिलेंगी-

  • चेन्नई से चंडीगढ़ आने-जाने की फ्लाइट टिकट।
  • शिमला में 2 रात होटल में रुकने की सुविधा।
  • मनाली में 3 रात होटल में ठहरने की व्यवस्था।
  • चंडीगढ़ में 2 रात होटल में रुकने की सुविधा।
  • घूमने के लिए एसी टेंपो ट्रैवलर।
  • पूरे टूर में 7 दिन का ब्रेकफास्ट और डिनर।
  • सभी यात्रियों के लिए ट्रैवल इंश्योरेंस।

इस तरह आपको अलग-अलग जगहों पर होटल और घूमने के लिए गाड़ी का इंतजाम खुद नहीं करना होगा।

कितना होगा IRCTC के इस टूर का खर्च?

अब बात करते हैं इस पैकेज की कीमत की। इसका किराया इस बात पर निर्भर करेगा कि आप अकेले जा रही हैं या दो-तीन लोग एक साथ कमरा शेयर करेंगे।

कौन जाएगा? प्रति व्यक्ति किराया
अकेले यात्रा करने पर ₹73,500
दो लोग एक साथ रुकने पर ₹54,800
तीन लोग एक साथ रुकने पर ₹52,000
5 से 11 साल का बच्चा, बेड के साथ ₹44,600
5 से 11 साल का बच्चा, बिना बेड के ₹39,600

बुकिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान

  • इस पैकेज में सिर्फ 21 सीटें हैं, इसलिए बुकिंग से पहले सीटों की उपलब्धता जरूर देख लें।
  • अटल टनल और सोलंग वैली घूमना प्रशासन की अनुमति पर निर्भर करेगा।
  • होटल में रुकने, खाने और घूमने से जुड़ी सुविधाओं की पूरी जानकारी बुकिंग के समय पहले ही देख लें।

अगर आप इस सर्दी में शिमला, मनाली और चंडीगढ़ घूमना चाहती हैं, तो IRCTC का टूर पैकेज एक साथ कई जगहें देखने का मौका देगा। फ्लाइट, होटल, घूमने की गाड़ी, नाश्ता और डिनर जैसी सुविधाएं इसमें शामिल हैं। बस बुकिंग करने से पहले सीटों और पैकेज की पूरी जानकारी जरूर देख लें।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific