यूपी वालों के ल‍िए फॉरेन ट्रि‍प में सबसे आसान ऑप्‍शन नेपाल ही है। खास बात तो यह है क‍ि गोरखपुर से नेपाल पहुंचना भी काफी आसान है। यहां से आप बाई रोड सोनौली बॉर्डर पहुंच सकती हैं। इसके बाद वहां से नेपाल में एंट्री करके पोखरा के लिए न‍िकल जाएं।

इसके लिए आपको फ्लाइट पकड़ने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। गोरखपुर से सोनौली की दूरी करीब 95 किलोमीटर है। वहीं गोरखपुर से पोखरा की दूरी करीब 340 से 350 क‍िमी है। ऐसे में अगर आप गोरखपुर में रहती हैं और पाेखरा घूमने की प्‍लान‍िंग कर रही हैं, तो हम आपको इसके बारे में पूरी जानकारी दे रहे हैं। आइए जानते हैं-

गोरखपुर से पोखरा कैसे जाएं?

गोरखपुर से पोखरा जाने का सबसे आसान रूट आमतौर पर सोनौली बॉर्डर वाला ही है। पहले गोरखपुर से आपको सड़क के रास्ते सोनौली पहुंचना होगा। सोनौली के सामने नेपाल की तरफ भैरहवा पड़ता है। इसके बाद भैरहवा से आगे बुटवल और पाल्पा की तरफ जाते हुए पोखरा पहुंचा जा सकता है। नेपाल टूरिज्म बोर्ड की ट्रैवल जानकारी में सोनौली-भैरहवा-पाल्पा से ही पोखरा का रूट दिया गया है।

गोरखपुर से करीब 350 क‍िलोमीटर की दूरी पर है पोखरा

आपको बता दें क‍ि गोरखपुर से सोनौली करीब 95 किलोमीटर दूर है। आपको यहां सड़क के रास्‍ते पहुंचने में ट्रैफिक और बॉर्डर की स्थिति के हिसाब से करीब 3 घंटे या उससे ज्यादा का समय लग सकता है। गोरखपुर से पोखरा की दूरी अलग-अलग रूट के हिसाब से करीब 350 किलोमीटर के आसपास ही है। ऐसे में आपको पूरे ट्र‍िप में 9 से 10 घंटे का समय लग सकता है।

यह भी पढ़ें- Nepal Black Bridge Haunted Story: क्यों कहलाती है यह सड़क ‘Road of Death’, क्या सच में रात के अंधेरे में अपना कटा हुआ सिर ढूंढती है आत्मा?

सबसे पहले पहुंचें सोनौली बॉर्डर

गोरखपुर से आप बस, टैक्सी या क‍िसी दूसरी गाड़ी से सोनौली जाएं। यहां से नेपाल में प्रवेश करने के लिए बॉर्डर पर जो प्रॉसेस होते हैं, उसे पूरा करना होगा। अगर आप पहली बार जा रही हैं तो सुबह ही गोरखपुर से निकलना बेहतर रहेगा। इससे दिन में बॉर्डर पार करने और आगे का सफर शुरू करने का ज्यादा समय मिलेगा।

ध्यान रखें: नेपाल जाने से पहले अपने आईडी कार्ड जैसे आधार कार्ड, न‍िर्वाचन कार्ड साथ जरूर रखें। बॉर्डर पर मौजूद आधिकारिक अधिकारियों से उस समय की एंट्री और बाकी जानकारी भी जरूर ले लें।

सोनौली से पोखरा कैसे पहुंचें?

सोनौली पहुंचने के बाद सबसे पहला सवाल मन में यही आएगा क‍ि अब पोखरा कैसे जाएं? ऐसे में आपको बता दें कि‍ नेपाल में एंट्री करने के बाद सबसे पहले भैरहवा आएगा। यहां से पोखरा के लिए आपको कई गाड़ि‍यां म‍िल जाएंगी। अगर आप बजट में ट्रैवल करना चाहती हैं तो बस से जाना सबसे सही रहेगा। आप आराम से पोखरा पहुंच जाएंगी। हालांक‍ि, मेरी पर्सनल सलाह यह है क‍ि अगर आप फ्रेंड्स के साथ ग्रुप में जा रही हैं, तो प्राइवेट टैक्‍सी बुक करना ज्‍यादा सही रहेगा। इससे आपका खर्चा भी बंट जाएगा और सुंदर नजारों को देखते हुए भी पहुंच सकती हैं।

पोखरा पहुंचकर कहां-कहां घूमे?

फेवा झील (Phewa Lake)

पोखरा की खूबसूरती की बात हो और फेवा लेक का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता है। यह पोखरा की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। यहां आप लेक के किनारे सुकून से बैठकर सामने खूबसूरत पहाड़ों, उनकी पानी में पड़ती परछाई और आसपास के नजारों काे देख सकती हैं। अगर मौसम साफ हो, तो नीले आसमान और अन्नपूर्णा पर्वत की चोटियाें की खूबसूरती और भी ज्‍यादा बढ़ जाती है। इसके अलावा अगर आपको बोटिंग का शौक है, तो यहां आप रंग-बिरंगी नावों में बैठकर झील की सैर भी कर सकती हैं।

वर्ल्ड पीस पगोडा (World Peace Pagoda)

अगर आपको शांत जगहें पसंद हैं तो वर्ल्ड पीस पगोडा जा सकती हैं। यहां से पोखरा और आसपास के पहाड़ी इलाके का शानदार व्यू द‍िखता है। यह फेवा लेक के साउथ साइड पर एक पहाड़ की चोटी पर है। यहां चारों दिशाओं में भगवान बुद्ध की चार सुंदर मूर्तियां लगी हुई हैं। गुंबद जैसा दिखने वाला यह पगोडा बहुत खूबसूरत लगता है। यह एक ऐसी खास जगह (Vantage Point) है जहां से अन्नपूर्णा पहाड़ के खूबसूरत नजार दिखाई देते हैं। अगर आपके पास समय है तो इस पीस पगोडा के पास फेवा झील के ऊपरी हिस्से पर पुमडी और बुमडी नाम के दो गांव हैं, आप वहां भी जा सकती हैं।

डेविस फॉल (Devi's Fall Pokhara)

पोखरा घूमने के दौरान आप डेविस फॉल भी जा सकती हैं। इसे वहां के लोकल भाषा में पाताले छांगो (यानी पाताल में जाने वाला झरना) भी कहा जाता है। यह पोखरा एयरपोर्ट से लगभग 2 किलोमीटर दूर सिद्धार्थ हाईवे पर स्थित एक बहुत ही तेज फ्लो वाला झरना है। इस झरने में पानी फेवा लेक से आता है। इसके नाम की पीछे भी एक कहानी है। नेपाल गवर्नमेंट के मुताब‍िक, 1961 में स्विट्जरलैंड की एक महिला (डेवी) इस झरने के तेज बहाव में बह गई थी, जिसके बाद इसका नाम डेविस फॉल पड़ा।

गुफाएं (Caves)

पोखरा में कई पुरानी और रहस्यमयी गुफाएं भी हैं। अगर आपको घूमने के साथ-साथ एडवेंचर पसंद है, तो आपको ये जगहें बहुत पसंद आएंगी। यहां गुप्तेश्वर महादेव गुफा, महेंद्र गुफा और चमेली गुफा काफी मशहूर हैं। इन अंधेरी गुफाओं के अंदर जाने पर आपको एक अलग ही थ्रिल महसूस होगा।

पोखरा में क्‍या-क्‍या करें?

पोखरा में करने के ल‍िए बहुत कुद है। इसल‍िए अगर आप वहां जा रही हैं, तो यह एक्‍सपीर‍ियंस लेना न भूलें।   

एडवेंचर

  • ट्रेकिंग और हाइकिंग: पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में ट्रेक‍िंग कर सकती हैं।
  • पैराग्लाइडिंग और स्काई डाइविंग: हवा में उड़ने और आसमान से पोखरा का नजारा देखने का अपना ए‍क अलग मजा है।
  • जि‍प फ्लाइंग और बंजी जंपिंग: इसका एक्‍सपीर‍ियंस भी कमाल का होता है।
  • रिवर राफ्टिंग और कायकिंग: नदि‍यों में आप यहां बोटिंग का मजा भी जरूर लें।
  • गुफाएं देखना: पोखरा की पुरानी और एडवेंचरस गुफाओं की सैर जरूर करें।

कुदरत और नजारे

  • पहाड़ देखना: अन्नपूर्णा पर्वत के खूबसूरत नजारों को देखें।
  • सनराइज और सनसेट: यहां आपको सूर्यास्त और सूर्योदय के खूबसूरत नजारे भी देखने को म‍िलेंगे।
  • बर्ड और बटरफ्लाई वॉचिंग: रंग-बिरंगी चिड़ियों और तितलियां भी द‍िखेंगी।
  • जंगल सफारी: हरियाली और नेचुरल ब्‍यूटी पसंद है, तो जंगल सफारी का प्‍लान जरूर बनाएं।

संस्कृति और भोजन

  • लोकल विलेज टूर: लोकल गांवों में घूमकर वहां के लोगों और उनके कल्‍चर को समझें।
  • स्वादिष्ट खाना: नेपाल के व्यंजनों का स्वाद जरूर लें।
  • म्यूजियम और हेरिटेज वॉक: ऐतिहासिक जगहों और संग्रहालयों की सैर करें।

वेलनेस और शांति

  • मैडिटेशन और योग: ध्यान लगाएं और खुद को रिलैक्स करें।
  • आयुर्वेद और पंचकर्म: यहां के मसाज और ट्रीटमेंट का लाभ भी जरूर उठाएं।
  • गर्म पानी के झरने: नेचुरली गर्म पानी के झरनों में नहाएं।

पोखरा में कहां स्‍टे करें?

पोखरा में स्‍टे करने के ल‍िए आपको कई बेहतरीन ऑप्शन म‍िल जाएंगे। जैसे-

लेकसाइड (Lakeside Pokhara)

यह पर्यटकों के लिए सबसे बेस्ट जगह है। यहां आपको हर बजट के होटल, रेस्टोरेंट और दुकानें आसानी से मिल जाएंगी। शाम के समय यहां टहलने का अलग ही मजा है, क्योंकि यह फेवा लेक के बिल्कुल पास है।

होटल और रिजॉर्ट्स (Hotels & Resorts)

लेकसाइड की गलियों में आपको हॉस्टल्स और होमस्टे कम बजट में मिल जाएंगे। वहीं, अगर आपको लग्‍जरी स्‍टे चाह‍िए तो फेवा झील के किनारे या पहाड़ों पर बने रिजॉर्ट्स भी देख सकती हैं। यहां रुकने पर खूबसूरत नजारे द‍िखाई देते हैं।

होमस्टे (Homestay)

अगर आप नेपाली कल्‍चर को करीब से महसूस करना चाहती हैं, तो लोकल होमस्टे में भी रुक सकती हैं। यहां आपको घर जैसा माहौल और खाना दोनों ही मिलेगा।

कितने दिन का बनाएं प्लान?

अगर आप सिर्फ पोखरा घूमना चाहती हैं तो 3 दिन की ट्रिप बनाई जा सकती है, लेकिन गोरखपुर से सड़क के रास्ते आने-जाने में काफी समय लगेगा। इसलिए ज्यादा आराम से घूमने के लिए 4 दिन रखना बेहतर रहेगा।

  • दिन 1 (पहुंचना और रिलैक्स): गोरखपुर से पोखरा पहुंचे, होटल में चेक-इन करें और शाम को फेवा लेक के किनारे सुकून से टहलें।
  • दिन 2 (साइटसीइंग और शांति): सुबह वर्ल्ड पीस पगोडा जाएं, फिर डेविस फॉल और रहस्यमयी गुफाएं (जैसे गुप्तेश्वर महादेव गुफा) घूमें।
  • दिन 3 (एडवेंचर और थ्रिल): पैराग्लाइडिंग, बंजी जंपिंग या ज‍िप फ्लाइंग जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज का मजा लें। शाम को लोकल मार्केट और नेपाली खाने का लुत्फ उठाएं।
  • दिन 4 (वापसी): खूबसूरत यादों के साथ वापस गोरखपुर के लिए रवाना हों।

इस तरह आपको हर जगह भागदौड़ करके घूमने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

बारिश में जा रही हैं तो इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप बार‍िश के मौसम में पोखरा घूमने का प्‍लान बना रही हैं, ताे सफर थोड़ा मुश्किल हो सकता है। सड़क पर पानी, फिसलन या ट्रैफिक की वजह से यात्रा का समय बढ़ सकता है। इसलिए मानसून में ट्रिप प्‍लान करते समय बहुत टाइट शेड्यूल न रखें। अगर मौसम खराब हो तो पहाड़ी रास्तों पर रात में सफर करने से बचना ही आपके ल‍िए बेहतर रहेगा। ट्र‍िप पर निकलने से पहले बस, टैक्सी और सड़क की स्थिति जरूर चेक कर लें। साथ में छाता, रेनकोट, अच्‍छी ग्र‍िप वाले जूते और एक छोटा बैग जरूर रखें। गीले कपड़े रखने के लिए प्लास्टिक या वाटरप्रूफ बैग भी काम आएगा। 

यह भी पढ़ें- हनीमून के लिए अच्छे हैं ये 3 देश , यहां भारतीयों को वीजा की नहीं पड़ेगी जरूरत

अगर आप भी कम बजट में नेपाल का खूबसूरत पहाड़ी शहर पोखरा देखना चाहती हैं, तो हमने आपको बेस्‍ट गाइड देने की कोश‍िश की है। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Source- https://ntb.gov.np/en/pokhara

Image Credit- Freepik/Nepal Government/AI/Easy Our Nepal