बिहार के दरभंगा से माता वैष्णो देवी तक पहुंचना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। आज यहां रहने वाले यात्रियों को दरभंगा से सीधे श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक ट्रेन मिल जाती है। भक्त केवल दरभंगा से नहीं बल्कि समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और पटना जैसे शहरों से भी सीधी ट्रेन लेकर यहां दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं। जो यात्री अपने पूरे परिवार के साथ यात्रा का प्लान कर रहे हैं, वह कटरा से भवन तक पैदल यात्रा के अलावा घोड़ा, पालकी, पिट्ठू और हेलीकॉप्टर जैसी सुविधाएं भी ले सकते हैं। आज के इस आर्टिकल में हम आपको 10 हजार रुपये के अंदर दरभंगा से वैष्णो देवी कैसे पहुंचना है? इसका पूरा ट्रैवल गाइड विस्तार से बताएंगे।

दरभंगा माता वैष्णो देवी तक की पूरी यात्रा गाइड

पहली बार माता वैष्णो देवी की यात्रा पर जा रही हैं और बजट कम है, तो आपको कुछ बातों का खास ध्यान रखना चाहिए। आप यात्रा के दौरान केवल कुछ खर्चों  पर ध्यान देंगी, तो पूरा ट्रिप आराम से 10 हजार में किया जा सकता है।

दरभंगा रेलवे स्टेशन कैसे पहुंचें?

सबसे पहले आप अपने घर से दरभंगा रेलवे स्टेशन की दूरी पर ध्यान दें। घर से रेलवे स्टेशन दूर है, तो वहां तक जाने के लिए शेयरिंग वाहन की मदद लें, इससे खर्च कम आएगा। ध्यान रखें कि रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए आपको लगभग 200 से 300 रुपये तक ही खर्च करने हैं।

  • ट्रेन चलने से लगभग 30 से 40 मिनट पहले रेलवे स्टेशन पहुंचें।
  • अगर ट्रेन का ई-टिकट है तो मोबाइल में रखें।
  • रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद किस प्लेटफॉर्म नंबर पर ट्रेन आ रही है, डिस्प्ले बोर्ड या रेलवे ऐप से देखें।

दरभंगा से वैष्णो देवी कैसे जाएं?

दरभंगा से जम्मू तवी के लिए सीधी ट्रेनें कम चलती हैं, इसलिए टिकट बहुत जल्दी बुक हो जाती है। कोशिश करें कि टिकट काउंटर खुलते ही बुकिंग करवा लें। कन्फर्म टिकट पाने के लिए काउंटर या ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग कर सकती हैं। एडवांस ट्रेन टिकट बुकिंग, यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले होती है। अगर फिर भी आपको ट्रेन में सीट नहीं मिल पा रही है, तो आप पटना से जा सकती हैं। पटना से कटरा के लिए बहुत सारी ट्रेनें चलती हैं।

इसे भी पढ़ें- वृंदावन के प्रेम मंदिर घूमने जा रही हैं? इन 3 नियमों का जरूर रखें ध्यान

दरभंगा से कटरा ट्रेन टिकट प्राइस

  • स्लीपर कोच- प्रति व्यक्ति 600 से 700 रुपये
  • एसी कोच- प्रति व्यक्ति 1700 से 2000 रुपये 

इस तरह आने-जाने का खर्च स्लीपर कोच से 1400 रुपये में हो जाएगा और एसी कोच में सफर करने पर 4000 रुपये तक खर्च होंगे। बजट में घूमने वाले लोग स्लीपर कोच से सफर करें। ट्रेन से पहुंचने में लगभग 25 से 26 घंटे का समय लग जाता है।

कटरा पहुंचने के बाद क्या करें?

सबसे पहले रेलवे स्टेशन के आस-पास कोई अच्छा और सस्ता होटल चुनें। होटल में अपना सामान रखें और स्नान कर लें, ताकि यात्रा की शुरुआत की जा सके। एक दिन के लिए होटल पर लगभग 1500 से 2000 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।

वैष्णो देवी धाम के पास कम बजट में डॉर्मिटरी भी मिलती है सुरक्षित एवं सुविधाजनक ठहरने की सुविधा देता है, लेकिन लोग ज्यादा होने की वजह से सीट मिलना मुश्किल होता है।

  • इन डॉर्मिटरी का किराया 150 प्रति व्यक्ति
  • एसी डॉर्मिटरी के लिए ₹200 प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे।

कुल खर्च

  • दरभंगा से ट्रेन स्लीपर कोच से आने जाने का खर्च- 1400 रुपये
  • होटल एक रात- 1500 से 2000 रुपये
  • ट्रेन में भोजन का खर्च- आने-जाने का पूरा खर्च लगभग 1500 रुपये
  • स्थानीय ऑटो या टैक्सी- आने-जाने का लगभग 300- 600 रुपये
  • प्रसाद और अन्य खर्च- लगभग 1,000 से 1500 रुपये

वैष्णो देवी की यात्रा के लिए पंजीकरण जरूरी

माता वैष्णो देवी यात्रा के लिए पंजीकरण आवश्यक होता है। आप ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं। इसके अलावा कटरा के पंजीकरण केंद्र से भी मुफ्त यात्रा पर्ची ली जा सकती है। ध्यान रखें कि बिना पंजीकरण आगे जाने की अनुमति नहीं मिलती।

  • कटरा से लगभग 2 किलोमीटर आगे बाणगंगा आता है।
  • यहां पर RFID स्कैन यानी आपकी पर्ची स्कैन होती है।
  • इसके बाद सुरक्षा जांच होती है और पैदल चढ़ाई शुरू होती है।
  • ऊपर पहुंचने में आपको लगभग 5 से 6 घंटे का समय लग जाता है
  • दर्शन के बाद उतरने में लगभग 4 से 5 घंटे लगेंगे।

आप अकेले यात्रा कर रही हैं, तो आप 10 हजार रुपये में आराम से घूमकर आ सकती हैं, बस आपको अपने खर्चों पर कंट्रोल करना होगा। पूरी चढ़ाई पैदल करेंगी, तो पालकी या खच्चर पर पैसे नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके अलावा खाने-पीने के खर्चों पर भी ध्यान दें, ऐसी चीजें खाएं, जिससे पेट भरा रहे और चढ़ाई के दौरान आपको हिम्मत मिले।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit : magnific