सर्दियों में ठंड से बचने के लिए लोग स्वेटर पहनते हैं। इस दौरान एक घटना जो कभी-न-कभी हमने सुनी या खुद के साथ होती हुई महसूस की है। वह है स्वेटर पहनते या उतारते वक्त बालों का खड़ा होना या फिर चट-चट की आवाज होना। कई बार बाल आपस में चिपकने लगते हैं, तो कभी हाथ लगाने पर हल्का झटका भी महसूस होता है। ऐसे में मन में सवाल आता है कि आखिर बालों के साथ ऐसा क्यों हो रहा है? बता दें कि इसके पीछे वैज्ञानिक कारण शामिल है, जिसे स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी कहते हैं। आइए नीचे लेख में जानते हैं कि यह क्या है और ऐसा क्यों है?
स्वेटर पहनते ही बाल खड़े होने के पीछे क्या है वजह?
ऊनी स्वेटर जब हम पहनते हैं या उसे सिर के ऊपर से उतारते हैं, तो स्वेटर और आपके बालों खड़े हो जाते हैं या फिर चट-चट की आवाज आती है। बता दें कि इसके पीछे का कारण इसके बीच रगड़ पैदा होना है। इस रगड़ की वजह से इलेक्ट्रॉन एक सतह से दूसरी सतह पर चले जाते हैं। इलेक्ट्रॉन बहुत छोटे कण होते हैं, जिन पर नेगेटिव चार्ज होता है।
Image Credit-ai
इस प्रोसेस में आपके बालों पर एक तरह का इलेक्ट्रिकल चार्ज जमा हो सकता है। जब बालों पर एक जैसा चार्ज इकट्ठा हो जाता है, तो वे एक-दूसरे को दूर धकेलने लगते हैं। यही कारण है कि बाल सिर से ऊपर की तरफ खड़े होने लगते हैं। इसे ही स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी कहा जाता है।
सर्दियों में ही ज्यादा क्यों खड़े होते हैं बाल?
गर्मी में हम कोई कपड़ा पहन लें शायद ही कभी बाल खड़े होने वाली घटना होती है। वहीं सर्दी में ज्यादातर यह स्थिति पैदा होती है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि गर्मियों के मुकाबले सर्दियों में बाल ज्यादा खड़े होते हैं। इसकी एक बड़ी वजह हवा में नमी की कमी है। सर्दियों में हवा अक्सर सूखी होती है और घरों के अंदर भी नमी कम हो सकती है। दरअसल, हवा में मौजूद नमी इलेक्ट्रिकल चार्ज को धीरे-धीरे खत्म होने में मदद करती है।
मगर जब वातावरण में नमी कम होती है, तो बालों और कपड़ों पर जमा चार्ज आसानी से बाहर नहीं निकल पाता। ऐसे में स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी का असर ज्यादा दिखाई देता है। यही वजह है कि सर्दियों में कंघी करने, टोपी पहनने, कंबल हटाने या स्वेटर उतारने पर भी बाल खड़े हो सकते हैं।
क्या हर तरह के स्वेटर से खड़े होते हैं बाल?
अब सवाल आता है कि क्या यह घटना सभी स्वेटर के साथ होती है, तो आपको बता दें कि ऐसा नहीं है। हर कपड़े से एक जैसा असर नहीं होता। ऊन, पॉलिएस्टर और एक्रेलिक जैसे कपड़ों में रगड़ के कारण स्टैटिक चार्ज बनने की संभावना ज्यादा होती है। वहीं, कॉटन के कपड़ों में आमतौर पर यह समस्या कम देखने को मिलती है। हालांकि, यह सिर्फ स्वेटर के फैब्रिक पर निर्भर नहीं करता, बल्कि आपके बालों की स्थिति, आसपास की नमी और दूसरे कपड़ों के संपर्क पर भी निर्भर करता है।
Image Credit-ai
स्वेटर पहनने पर बाल खड़े होने से कैसे बचाएं?
अगर सर्दियों में आपके बाल बार-बार खड़े होते हैं, तो कुछ आसान तरीके अपनाकर इस परेशानी को कम कर सकती हैं।
- बालों में हल्का कंडीशनर या लीव-इन कंडीशनर इस्तेमाल करें। इससे बालों का रूखापन कम हो सकता है।
- प्लास्टिक की कंघी की जगह लकड़ी की कंघी इस्तेमाल करके देखें।
- स्वेटर के अंदर कॉटन की टी-शर्ट पहनने से कपड़ों के बीच रगड़ का असर कम हो सकता है।
- बहुत ज्यादा सूखी हवा में ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करने से स्टैटिक चार्ज कम जमा हो सकता है।
- कपड़ों को तेजी से खींचकर उतारने के बजाय आराम से उतारें, ताकि रगड़ कम हो।
निष्कर्ष
स्वेटर पहनने पर बालों का खड़ा होना सामान्य प्रक्रिया है। स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी की वजह से बाल कुछ समय के लिए एक-दूसरे से दूर हो जाते हैं। जैसे ही इलेक्ट्रिकल चार्ज खत्म होता है, बाल वापस अपनी सामान्य स्थिति में आ जाते हैं। इसलिए अगली बार जब स्वेटर उतारते ही आपके बाल खड़े होने लगें, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। यह सर्दियों में होने वाली एक सामान्य वैज्ञानिक घटना है। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit-ai
Library of Congress – How Does Static Electricity Work-(https://www.loc.gov/everyday-mysteries/categories/physics/item/how-does-static-electricity-work
McGill University – How Can I Stop Getting Static Shocks-(https://www.mcgill.ca/oss/article/environment-general-science/how-can-i-stop-getting-static-shocks
