आज के डिजिटल दौर में अब क्राइम भी डिजिटल होने लगे हैं। इंटरनेट और स्मार्टफोन ने भले ही हमारी जिंदगी आसान बना दी है, लेकिन इसकी वजह से काफी नुकसान भी देखने को मिल रहा है। महिलाएं खासकर ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल, सोशल मीडिया हैकिंग, साइबर स्टॉकिंग और निजी जानकारी के गलत इस्तेमाल जैसी परेशानियों का सामना कर रही हैं। साइबर क्राइम एक ऐसा अपराध है, जिसमें इंटरनेट, कंप्यूटर, मोबाइल या किसी डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल करके किसी को भी नुकसान पहुंचाया जा सकता है। ऐसे में अगर कोई महिला साइबर क्राइम का शिकार होती हैं, तो वह घबराहट में समझ नहीं पाती कि क्या किया जाए? इसी सिलसिले में हमने गुरुग्राम की एडवोकेट डॉ. अंजू रावत नेगी से बात की। आज के इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि आपको ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए।

निजी जानकारी शेयर न करें

एडवोकेट, अंजू रावत ने बताया कि साइबर क्राइम के मामलों को हम दो हिस्सों में बांट सकते हैं। पहला, अगर कोई महिला साइबर क्राइम का शिकार होती है, जिसमें उसकी फोटो या वीडियो का गलत इस्तेमाल किया गया है,फर्जी अकाउंट बनाया गया है या किसी तरह से ऑनलाइन परेशान किया जा रहा है, तो ऐसी स्थिति में उसे सबसे पहले पुलिस में शिकायत करनी चाहिए। आपको यह शिकायत वहां करनी है, जहां आप रह रही हैं या जहां पर घटना हुई है। ऐसे मामलों में मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज किया जाता है और साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (IT Act) के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है।

इसे भी पढ़ें- बदलते दौर की नई पसंद, लिव-इन से ज्यादा Single Living चुन रही हैं लड़कियां

अकाउंट से जुड़े फ्रॉड होने पर क्या करें?

साइबर फ्रॉड में दूसरा अपराध यूपीआई या क्रेडिट कार्ड के जरिए ऑनलाइन होता है। अगर कोई आपके बैंक अकाउंट से छेड़छाड़ कर रहा है,पैसे मांग रहा है या आपके बैंक अकाउंट में कोई गलत ट्रांजेक्शन कर रहा है, तो इसके लिए सबसे पहले आपको 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। साथ ही, आप बैंक को भी इसकी जानकारी दें, ताकि वह आपके बैंक अकाउंट को ब्लॉक कर दे। अकाउंट ब्लॉक हो जाए, तो रेलवे स्टेशन जाकर पुलिस को भी इसकी जानकारी दें।

ऐसे क्राइम में महिलाओं को बैंक अकाउंट की स्टेटमेंट लेना भी जरूरी होता है। इससे पता लगाया जा सकता है कि फ्रॉड करने वाले व्यक्ति ने पैसा किस बैंक खाते में भेजा है।

इसे भी पढे़ं-क्या आप भी सोशल मीडिया के 'Comparison Trap' में फंस रही हैं? जानें बचने के तरीके

साइबर क्राइम से बचने के लिए क्या करें?

साइबर क्राइम से बचने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप किसी भी लिंक पर क्लिक न करें। इसके अलावा अगर कोई साइट वेरिफाइड नहीं है, तो वहां अपनी फोटो, वीडियो या निजी जानकारी अपलोड न करें।आजकल सोशल मीडिया का जमाना है और लोग अपनी तस्वीरें व जानकारी शेयर करते हैं। यह आपकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ भी डालते समय मर्यादाओं और सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि लोग आपकी जानकारी देखकर आपको अपना सॉफ्ट टारगेट बना सकते हैं।

इन चीजों के अलावा आपको, अपने बैंक अकाउंट के बारे में भी हमेशा सजग रहना चाहिए। अपने बैंक मैनेजर और बैंक ब्रांच के जरूरी फोन नंबर अपने पास रखने चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके। किसी को भी अपनी निजी जानकारी फोन पर न दें।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।

Image Credit : magnific