सर्दियों में हल्की ठंड के बीच जब खेतों में फसल लहराने लगती है, तो यह नजारा देखने लायक होता है। हर किसान इन फसलों को देखने के बाद उत्साह से भर जाता है। सर्दियों में जब फसल हरी भरी नजर आती है, तब महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों में एक खास उत्सव आयोजित किया जाता है। हम बात कर रहे हैं, हुरड़ा पार्टी की। सर्दियों में महाराष्ट्र में रहने वाले कई परिवार के सदस्य अपने दोस्तों और मेहमानों के साथ इस उत्सव को मनाते हैं।

अलाव के पास बैठकर भुना हुआ ज्वार खाने का यह अंदाज पूरे महाराष्ट्र में फेमस है। आजकल यह परंपरा केवल गांवों में ही नहीं, बल्कि शहरों के पास बने फार्महाउस, एग्रो-टूरिज्म स्पॉट्स और वीकेंड गेटअवे पर भी होने लगी है। अगर आप भी इस खास उत्सव के बारे में जानना चाहती हैं, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें।

महाराष्ट्र की हुरड़ा पार्टी क्या है?

हुरड़ा पार्टी को महाराष्ट्र में हर साल सर्दियों में मनाया जाता है। यह खासकर ठंड की फसल के दौरान आयोजित होती है। इस पार्टी में लोग ज्वार की नई फसल के कच्चे, हरे दानों को आग या अंगारों पर भूनकर खाते हैं और अपने करीबियों को भी खिलाते हैं। यह पार्टी आमतौर पर नवंबर से फरवरी के बीच में की जाती है। 

pinterest/Lawrence Sr

महाराष्ट्र की हुरड़ा पार्टी क्यों है खास?

इस पार्टी में ताजे और मुलायम ज्वार के दानों को आग या अंगारों पर भूनकर तैयार किया जाता है, जिससे इनमें एक हल्की मिठास और लजीज स्वाद आता है। इसे अक्सर हरी चटनी, लहसुन-मिर्च की चटनी, गुड़, मूंगफली, दही या छाछ के साथ सर्व किया जाता है।

कैसे मनाई जाती है हुरड़ा पार्टी?

इस उत्सव को मनाने के लिए लोग सर्दियों की दोपहर या शाम में एक जगह इकट्ठा होते हैं। वे सब हंसी-मजाक, लोकगीत, बातचीत और शहरी भागदौड़ से दूर इस उत्साव को शांति से अपनों के साथ मनाते हैं। यह परंपरा महाराष्ट्र के किसान और नई फसल की कटाई को आपस में जोड़ता है। यही नहीं इस उत्सव की वजह से स्थानीय खान-पान को भी पहचान मिलती है।

हुरड़ा पार्टी में शामिल होने से पहले ध्यान रखने योग्य 3 बातें

खुले और ग्रामीण माहौल में आरामदायक अनुभव के लिए इन बातों का ख्याल रखें:

  • खेतों या खुले मैदान में धूप और ठंडी हवा दोनों का असर हो सकता है, इसलिए सर्दियों वाले कपडे और सेफ्टी का ध्यान रखें।
  • पार्टी में भुने ज्वार, गुड़, चटनी या भारी मसालेदार खाना होता है। ऐसे में जरूरत से ज्यादा न खाएं और पानी पीते रहें।
  • आग या अंगारे के पास सावधानी बरतें जल्दीबाजी या उत्साह में खुद का ध्यान जरूर रखें।
  • पार्टी के दौरान जरूरत का सभी सामान अपने साथ लेकर चले। 
pinterest/Aakanksha

आप भी एंजॉय कर सकती हैं यह पार्टी

अगर आप भी इस पार्टी को ज्वाइन या ऑर्गनाइज करना चाहती हैं, तो महाराष्ट्र के कई एग्रो-टूरिज्म सेंटर पर एक दिन के पैकेज मिल जाएंगे। पैकेज में सुबह का नाश्ता, अनलिमिटेड हुरड़ा, दोपहर का खाना और शाम की चाय शामिल होती है, जिसकी कीमत लगभर 500 रुपए से 1000 प्रति व्यक्ति हो सकती है।

निष्कर्ष: महाराष्ट्र की हुरड़ा पार्टी सिर्फ राज्य में ही नहीं बल्कि पुरे भारत में प्रसिद्ध है। यह पार्टी खासकर सर्दियों के मौसम में आयोजित की जाती है। इस पार्टी के दौरान लोग अपनों के साथ मिलकर भुने हुए ज्वार और कुछ लजीज चीजों का सेवन करते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।