Black Clothes Washing Tips: काले रंग के कपड़े पहनने में जितने स्टाइलिश और क्लासिक लगते हैं, उनकी देखभाल करना उतना ही मुश्किल काम होता है। अक्सर देखा जाता है कि दो-चार बार धोने के बाद ही काले कपड़ों का रंग फीका पड़ने लगता है, या फिर उन पर सफेद रंग के रोएं और डिटर्जेंट के दाग जमा हो जाते हैं। नतीजा यह होता है कि महंगे से महंगे काले कपड़े भी धुलने के बाद पुराने और गंदे नजर आने लगते हैं।

अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो इसका मतलब है कि उन्हें धोने का आपका तरीका थोड़ा गलत है। कुछ बेहद आसान और स्मार्ट लॉन्ड्री ट्रिक्स को अपनाकर आप अपने ब्लैक कपड़ों की चमक को सालों-साल बिल्कुल नए जैसा बनाए रख सकते हैं। आइए जानते हैं काले कपड़ों को धोने का सही तरीका।

कपड़ों को हमेशा उल्टा करके और ठंडे पानी में धोएं

काले कपड़ों को धोने का सबसे पहला नियम यह है कि उन्हें वाशिंग मशीन या बाल्टी में डालने से पहले हमेशा उल्टा कर लें। ऐसा करने से कपड़ों की सीधी तरफ की सतह पर घर्षण कम होता है, जिससे उनका रंग नहीं उड़ता और रोएं भी नहीं निकलते। इसके अलावा, काले कपड़ों को कभी भी गर्म या गुनगुने पानी में नहीं धोना चाहिए।

गर्म पानी कपड़े के धागों को खोल देता है, जिससे रंग तेजी से बाहर निकलता है। हमेशा ठंडे पानी का ही इस्तेमाल करें, यह कपड़ों के रंग को लॉक रखने में मदद करता है।

इसे भी पढ़ें- क्या सफेद कपड़ों को वाशिंग मशीन में साफ करना सही है?

सही डिटर्जेंट और लिक्विड डिटर्जेंट चुनें

काले कपड़ों पर दिखने वाले सफेद दागों का सबसे बड़ा कारण पाउडर वाला डिटर्जेंट होता है। वाशिंग पाउडर ठंडे पानी में ठीक से घुल नहीं पाता और कपड़े के रेशों में फंस जाता है, जो सूखने के बाद गंदे सफेद धब्बों की तरह दिखता है। इसलिए, काले कपड़ों के लिए हमेशा लिक्विड डिटर्जेंट का ही इस्तेमाल करें।

आजकल मार्केट में डार्क या काले कपड़ों के लिए भी स्पेशल लिक्विड डिटर्जेंट मिलते हैं, जो उनके कलर को प्रोटेक्ट करते हैं। साथ ही, डिटर्जेंट की मात्रा कम ही रखें, क्योंकि जरूरत से ज्यादा झाग भी कपड़ों को बेजान बना देता है।

सिरका और नमक से बढ़ाएं चमक

अगर आपके काले कपड़े अपनी चमक खो चुके हैं, तो आपकी रसोई में रखी दो चीजें उन्हें फिर से नया बना सकती हैं। कपड़े धोते समय वाशिंग मशीन के साइकिल में आधा कप सफेद सिरका डाल दें। सिरका कपड़ों में बचे हुए साबुन को पूरी तरह साफ करता है और कपड़ों को नेचुरल चमक देता है।

इसके अलावा, जब आप नए काले कपड़े पहली बार धो रहे हों, तो पानी में दो चम्मच टेबल नमक मिला दें। नमक कपड़े के रंग को पक्का कर देता है, जिससे आगे चलकर उनका रंग नहीं छूटता।

सुखाने का तरीका

कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने का तरीका भी उतना ही जरूरी है। काले कपड़ों को कभी भी सीधे तेज धूप में न सुखाएं। सूरज की यूवी किरणें काले रंग को बहुत तेजी से ब्लीच यानी फीका कर देती हैं। कपड़ों को हमेशा घर के अंदर, बालकनी में या किसी छांव वाली जगह पर ही सुखाएं जहां हवा आती हो।

अगर आप ड्रायर का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इसे लो हीट पर रखें, क्योंकि ड्रायर की तेज गर्मी भी काले कपड़ों के रेशों को नुकसान पहुंचाती है और उन्हें पुराना दिखा सकती है।

इसे भी पढ़ें- रगड़ने पर भी साफ नहीं होता पसीने का दाग, 20 रुपये में बना यह घोल चमका सकता है आपका फेवरेट कुर्ता

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।

Image Credit- Freepik