आज के डिजिटल दौर में रिश्ते पूरी तरह से बदल चुके हैं। एक समय था जब लोग पार्क में, कॉफी शॉप पर या दोस्तों के जरिए मुलाकात करके अपने लिए पार्टनर चुनते थे, लेकिन अब स्मार्टफोन पर एक स्वाइप करते ही पार्टनर्स मिलने लगे हैं। टिंडर, बंबल जैसे कई डेटिंग ऐप्स के जरिए लोग अपना पार्टनर ढूंढ रहे हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि लगातार इन ऐप्स का घंटों इस्तेमाल करने और पार्टनर देखते-देखते एक समय ऐसा क्यों आता है जब लोग इनसे बोर होने लगते हैं?
मॉडर्न रिलेशनशिप साइकोलॉजी इस अजीब मानसिक स्थिति को बहुत गहराई से समझती है। जब कोई लगातार किसी की प्रोफाइल देखता है, तो उसका न्यूरोलॉजिकल सिस्टम और भावनाएं एक खास दौर से गुजरती हैं। आइए विस्तार से जानते हैं इसके बारे में।
डेटिंग ऐप्स पर ज्यादा समय बिताने से बोर क्यों हो जाते हैं लोग?
अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार, जब हमारे सामने बहुत सारे विकल्प होते हैं, तो हमारा दिमाग हर किसी को परखने में लग जाता है, जिसे 'डिसीजन फैटीग' कह सकते हैं। अंत में इंसान किसी एक को भी चुनने की हिम्मत नहीं बचा पाता है।
डोपामाइन का असर
जब भी किसी ऐप पर कोई नया मैच मिलता है, तो दिमाग में अचानक डोपामाइन यानी खुशी पैदा करने वाला हार्मोन का अहसास होने लगता है। जब मैच मिलना बंद हो जाता है या बातचीत बीच में रुक जाती है, तो वही डोपामाइन हार्मोन ड्रॉप हो जाता है, जिससे इंसान निराश हो जाता है।
इंसानों को कमोडिटी समझना
लगातार एक के बाद एक प्रोफाइल स्वाइप करते-करते दिमाग इंसानों को ऑनलाइन शॉपिंग की तरह एक सामान या कमोडिटी की तरह देखने लगता है, जिससे गहरा इमोशनल कनेक्शन बनाना मुश्किल हो जाता है।
बर्नआउट और अकेलापन
बार-बार एक ही जैसी शुरुआत जैसे हाय-हेलो, थोड़ी बहुत बातचीत और फिर अचानक बात पूरी तरह बंद होना। अगर किसी इंसान के साथ बार-बार होती है, तो उसका मन पूरी तरह से टूट जाता है। इस मानसिक थकान और अकेलेपन से बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।
डेटिंग ऐप्स से बोर होने से कैसे बचे?
अगर आपके साथ भी इस तरह की चीजें होती हैं, तो डिजिटल डेटिंग ऐप्स के साइड इफेक्ट्स से बचने के लिए इन तरीकों को अपना सकती हैं -
- डेटिंग ऐप्स पर अक्सर लोग घंटों बिता देते हैं, लेकिन ऐसा करने के बजाय दिनभर में सिर्फ 15 से 20 मिनट का समय लें और उसी दौरान पार्टनर की तलाश करें।
- रोजाना ऐप्स को खोलकर देखने के बजाय हफ्ते में सिर्फ एक या दो बार ही इन ऐप्स का इस्तेमाल करें।
- स्क्रीन के पीछे चैट करने के बजाय असल जिंदगी में मिलने और बातचीत करने पर जोर दें। सामने वाले की भावनाओं को समझें और जल्दबाजी करने से बचें।
यह भी पढ़ें- क्या आप भी करती हैं डेटिंग ऐप का इस्तेमाल? इन बातों का हमेशा रखें ख्याल...वरना हो सकती हैं ठगी का शिकार
निष्कर्ष: डेटिंग ऐप्स आजकल बहुत ज्यादा पॉपुलर हो रहे हैं और युवा अपने लिए पार्टनर इन ऐप्स के जरिए तलाशने लगे हैं, लेकिन लगातार डेटिंग ऐप्स पर पार्टनर ढूंढते-ढूंढते इंसान मानसिक रूप से थक जाता है और बोर होने लगता है। इस लेख में हमने आपको कुछ ऐसी जरूरी बातें बताई हैं, जिनकी मदद से आप समझ सकती हैं कि आखिर ऐसा क्यों होता है और इससे कैसे बचा जा सकता है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
image credit: freepik
