गर्मियों में रोजाना एक ही तरह का खाना खा-खाकर मन ऊब जाता है। ऊपर से खाना का स्‍वाद नहीं आता है, वो अलग। दाल-चावल, रोटी और सब्‍जी भले ही पेट के ल‍िए सही रहती हैं लेक‍िन कोई भी रोज-रोज ये खाकर बोर हो सकता है। हालांक‍ि, अगर आप रोजाना खाई जाने वाली सब्‍जी को ही थोड़ा ट्व‍ि‍स्‍ट देकर बनाएंगी तो स्‍वाद जबरदस्‍त सकता है। उन्‍हीं में से एक आलू है। आलू लगभग सभी घरों में म‍िल जाता है।

ऐसे में अगर आप आलू की सब्‍जी में नया टेस्‍ट लाना चाहती हैं, तो आलू अचारी ट्राई कर सकती हैं। ये इतना स्‍वाद‍िष्‍ट बनता है क‍ि खाने वाले उंगल‍ियां चाट सकते ह‍ैं। आप इसे रोटी, पराठे या पूड़‍ियों के साथ सर्व कर सकती हैं। हम आपको 3 तरह के आलू अचारी बनाने का तरीका बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

क्लासिक अचारी आलू

क्‍लास‍िक आलू अचारी बनाने के ल‍िए आपको ये चीजें चाह‍िए-

यह भी पढ़ें- Leftover Rice Recipe: बचे हुए चावलों से तैयार करें 2 फ्लेवर वाली कुल्‍फी, भूल जाएंगी बाजार का स्‍वाद

  • 4 से 5 उबले आलू
  • 1 चम्मच सौंफ
  • आधा चम्मच मेथी दाना
  • आधा चम्मच कलौंजी
  • आधा चम्मच राई
  • आधा चम्मच जीरा
  • 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • आधा चम्मच हल्दी
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल

बनाने का तरीका भी जानें

  • इसे बनााने के ल‍िए सबसे पहले उबले हुए आलू को बड़े टुकड़ों में काट लें।
  • अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें राई, जीरा, मेथी, सौंफ और कलौंजी डालें।
  • जब मसाले चटकने लगें, तो उसमें हल्दी और लाल मिर्च डाल दें।
  • अब आलू डालकर अच्छी तरह से सब्‍जी को म‍िक्‍स करें।
  • इसके बाद ऊपर से नमक डालें और 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें।
  • आपका अचारी आलू तैयार है।
  • इसे हरे धनिये से गार्निश करके सर्व करें।

दही वाले अचारी आलू

अगर आपको थोड़ी ग्रेवी वाली सब्जी पसंद है, तो दही वाले अचारी आलू ट्राई कर सकती हैं। इसके लि‍ए आपको ये चीजें चाह‍िए-

  • 5 से 6 उबले आलू
  • 1 कप फेंटा हुआ दही
  • 1 चम्मच सौंफ
  • आधा चम्मच राई
  • आधा चम्मच कलौंजी
  • आधा चम्मच हल्दी
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल

बनाने का तरीका भी जान लें

  • सबसे पहले कड़ाही में तेल गर्म करें।
  • अब राई, कलौंजी और सौंफ डालकर भून लें।
  • इसके बाद तड़के में हल्दी डालें और तुरंत फेंटा हुआ दही डाल दें।
  • दही को लगातार चलाते रहें ताकि वो फटे नहीं।
  • इसके बाद उबले हुए आलू डालकर म‍िक्‍स करें।
  • अब इसमें नमक मिलाएं और 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने के ल‍िए छोड़ दें।
  • इसे आप पराठे और रोटी दोनों के साथ सर्व कर सकती हैं।

सूखे मसालेदार अचारी आलू

अगर आपको ट‍िफ‍िन के ल‍िए कुछ अच्‍छा ऑप्‍शन चाह‍िए तो आप ये सूखे मसालेदार अचारी आलू बना सकती हैं। इसे आप ट्र‍िप पर भी लेकर जा सकती हैं। इसके ल‍िए ये सामग्री चाह‍िए-

  • 4 से 5 उबले आलू
  • 1 चम्मच अचार का मसाला
  • आधा चम्मच सौंफ
  • आधा चम्मच कलौंजी
  • आधा चम्मच जीरा
  • नमक स्वादानुसार
  • एक बड़ा चम्मच तेल

बनाने का तरीका जानें यहां

  • इसे बनाने के ल‍िए आलू को थोड़ा सा मैश कर लें।
  • अब कड़ाही में तेल गर्म करके जीरा, सौंफ और कलौंजी डालें।
  • इसके बाद आलू डालकर अच्छी तरह भून लें।
  • इसके बाद अचार का मसाला और नमक डालकर अच्‍छे से मिला लें।
  • करीब 10 मिनट तक इसे ऐसे ही धीमी आंच पर भूनें।
  • जब आलू थेाड़े कुरकुरे हो जाएं, तब गैस बंद कर दें।
  • ये सूखी अचारी आलू की सब्जी पूड़ी और पराठे के साथ बहुत स्वादिष्ट लगती है।

तो अगर आप भी एक ही तरह की सब्‍जी खा-खाकर बोर हो गई हैं, तो आलू से ये तीन तरह की सब्‍जी बना सकती हैं। ये खाने में बहुत ही स्‍वाद‍िष्‍ट लगते ह‍ैं और इन्हें बनाना भी बहुत आसान है।

साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

All Image Credit- Youtube