स‍िद्धार्थ मल्‍होत्रा और तमन्ना भा‍ट‍िया की अपकम‍िंग फ‍िल्‍म The Vvaan- Force Of The Forrest की चर्चा इन द‍िनों खूब हो रही है। हाल ही में फ‍िल्‍म का ट्रेलर रि‍लीज हुआ है। वहीं फ‍िल्‍म 25 स‍ितंबर 2026 को स‍िनेमा घरों में दस्‍तक देगी। इसी बीच फ‍िल्‍म 'द वन' का छठ गीत खूब वायरल हो रहा है। 'छठी मइया' का यह गीत एक ऐसी मां की कहानी से जुड़ा हुआ है, ज‍िसकी गोद लंबे समय से सूनी है।

इस गाने में एक मां अपने दर्द को छिपाती नहीं बल्कि छठी मइया के सामने अपनी पूरी बात रख देती है। दुनिया से उम्मीद टूटने के बाद वह मां अब अपनी आखिरी उम्मीद मइया से लगाती है। आप जब यह गाना सुनेंगी तो गाने की हर लाइन में उसकी परेशानी, लोगों के ताने, खाली गोद और भगवान पर भरोसा साफ नजर आएगा। यही वजह है कि गाना सुनते हुए इसके शब्द सीधे दिल तक पहुंच रहे हैं। हम आपको अपने इस लेख में गाने का पूरा मतलब बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

छठी मइया गाने की शुरुआत ही भगवान पर भरोसे से होती है

आपको बता दें क‍ि गाने की शुरुआत में मां यानी तमन्ना भाट‍िया छठी मइया के सामने अपनी परेशानी रखती है। वह मानती है कि दुनिया में ऐसा कोई दुख नहीं है जिसे मइया की कृपा से दूर न किया जा सके। यहां एक्‍ट्रेस की उम्मीद किसी इंसान से नहीं बल्कि सीधे मइया से जुड़ी हुई है।

गाने की लाइन- कोई दुख जग में है ही नहीं
जो तेरी कृपा से मिट न जाए
ऐसा वरदान है ही नहीं
जो छठी मैया से मांगे और मिल न जाए

मतलब- इसमें कहा गया है कि छठी मइया की कृपा से कोई दुख ऐसा नहीं है जो दूर न हो सके। इसमें एक्‍ट्रेस को पूरा विश्वास है कि मइया से अगर कुछ मांगा जाए तो उसकी इच्छा पूरी हो सकती है। यानी परेशानी कितनी भी बड़ी हो, मइया पर भरोसा नहीं टूटता है।

Image Credit- Screengrab/youtube

मैया के अलावा कोई अपना नहीं

इसके बाद गाने में एक ऐसी लाइन आती है ज‍िसमें बताया जाता है क‍ि छठी मइया की महिमा हर जगह सुनाई देती है। उसके लिए मइया ही सहारा हैं और उनके अलावा उसका कोई नहीं है।

गाने की लाइन- सारे जहां में तेरी है जय-जय
तेरी है महिमा देती सुनाई
तेरे बिना न कोई मेरा
अब जाऊं कहां मैं माई

मतलब- गाने की इस लाइन का मतलब है क‍ि हर जगह छठी मइया की महिमा सुनाई देती है। एक्‍ट्रेस कहती हैं क‍ि उनके बिना उसका कोई नहीं है। इसलिए जब वह परेशान है, तो उसे समझ नहीं आता कि मइया के अलावा वह किसके पास जाएं।

अपना सुख-दुख भी मइया को सौंप दिया

आगे इस गाने की लाइन कहती है कि‍ मइया ही उसका सहारा हैं। उसकी जिंदगी का हर सुख और दुख उनके हाथ में है।

गाने की लाइन- तू बस तू है सहारा
है सब कुछ मेरा
हाथ में तेरे है
सारा सुख-दुख मेरा

मतलब- इसका सीधा मतलब है कि तमन्ना ने अपना पूरा भरोसा मइया पर छोड़ दिया है। उसे लगता है कि उसकी जिंदगी में जो कुछ भी है, वह सब मइया के हाथ में है। इसलिए वह अपनी परेशानी भी उन्हीं के सामने रख रही है।

अब सामने आती है मां की असली विनती

इसके बाद गाने में मां छठी मइया से अपनी बात सुनने की गुहार लगाती है। वह चाहती है कि मइया उसकी विनती को अनसुना न करें।

गाने की लाइन- छठी मैया
छठी मैया सुन ले ना विनती
सुन ले विनती हमार
सुन ले विनती हमार

मतलब- यहां मां बार-बार मइया से अपनी बात सुनने के लिए तमन्ना को कहते हुए द‍िखाया गया है। उनकी आवाज में उम्मीद है। वह चाहती है कि मइया उसकी परेशानी को समझें और उसकी इच्छाओं को पूरा करें।

Image Credit- Screengrab/youtube

अब आती है कृपा म‍िलने की बात

मइया से इतना सब कहने के बाद गाने की लाइन में उनकी कृपा म‍िलने की बात कही गई है।

गाने की लाइन- छठी मैया कर दी ना कृपा
कर दी कृपा अपार
कर दी कृपा अपार
सारे जग से हार के

मतलब- इसमें मइया की बड़ी कृपा की बात कही गई है। इसके बाद गाने की कहानी उस मां की तरफ आती है जो दुनिया से हारकर अब मइया के दरवाजे पर पहुंची है।

दुनिया से हारकर मैया के दरवाजे पर पहुंची मां

यही गाने का सबसे भावुक हिस्सा होता है। इसमें कहा जाता है क‍ि उसने छठी मैया के बारे में सुना है कि वह अपने भक्तों का जीवन संवारती हैं और उन्हें ममता और प्यार देती हैं।

गाने की लाइन- आए तेरे द्वार पे
सुना है कि छठी मैया
जीवन संवार दे
ममता दुलार दे
भक्तों को प्यार दे
देख ले जो कोई मैया पुकार के
अब मेरी भी अर्जी
सुन लो ना मां

मतलब- इसका मतलब है क‍ि वह अब मइया के दरवाजे पर आ गई है। उसे भरोसा है कि छठी मइया उसके जीवन को भी संवार सकती हैं। वह मइया से ममता और दुलार की उम्मीद कर रही होती है। इसके बाद एक्‍ट्रेस मइया से अपने भक्तों पर प्यार बरसाने को कहती है और फिर अपनी भी अर्जी लगाती है। कहती है क‍ि मइया अपने भक्तों की पुकार सुनती हैं।

'गोद यह सूनी मेरी, भर दो ना मां...' सबसे दर्द भरी पुकार

इसके बाद गाने की वह लाइन आती है जो पूरी कहानी का दर्द एक साथ सामने रख देती है।

गाने की लाइन- गोद यह सूनी मेरी
भर दो ना मां
छठी मैया, छठी मैया
सुन ले ना विनती

मतलब- गाने का यही पार्ट सबसे ज्‍यादा दर्द भरा होता है। इसमें वह छठी मइया से अपनी सूनी गोद भरने की गुहार लगा रही होती है। ये गाने के ऐसे कुछ शब्‍द हैं जो दर्द को पूरा बयां करते हैं। दुनिया से हारने के बाद अब उम्मीद सिर्फ मैया से जुड़ जाती ह‍ै।

भगवान को ही माना भाग्य बनाने वाला

अब गाने में भगवान से अपनी बात कहते हुए द‍िखाया गया है। यहां तमन्‍ना को लगता है कि जीवन और भाग्य सब भगवान के हाथ में है।

गाने की लाइन- तुम ही करता तुम ही भरता
तुम ही प्राणों के दाता
हे दीनानाथ मेरे
तुम ही भाग्य विधाता

मतलब- इन लाइनों में भगवान को जीवन देने वाला और भाग्य बनाने वाला माना गया है। एक्‍ट्रेस का भरोसा है कि जब सब कुछ भगवान के हाथ में है, तो उसकी जिंदगी की परेशानी भी उन्हीं की कृपा से दूर हो सकती है।

भगवान से जुड़ा है जीवन

गाने की आगे वाली लाइन में ज‍िंदगी को भगवान से ही जुड़ा हुआ बताया गया है।

गाने की लाइन- तुम से मेरा जीना मरना
तुम ही प्राणों के दाता
हे दीनानाथ मेरे
तुम ही भाग्य विधाता

मतलब- यहां एक्‍ट्रेस का भरोसा और साफ हो जाता है। वह कहती है कि उसके जीवन की हर बात भगवान से जुड़ी है। इसलिए वह अपनी उम्मीद भी उन्हीं के सामने रखती है और अपने भाग्य का फैसला भी उन्हीं पर छोड़ देती है।

image credit- instagram/tamannaah bhatia

आखिर में सुन ली जाती है विनती

गाने का आखिरी हिस्सा उम्मीद और खुशी वाला होता है। यहां कहा गया है क‍ि उसकी विनती सुन ली गई है और उसे बहुत आशीर्वाद मिला है।

गाने की लाइन- छठी मैया मेरी मां
सुन ली विनती हमार
कर दी आशीष अपार
सुन ली विनती हमार
कर दी आशीष अपार
सुन ली विनती हमार

मतलब- गाने की शुरुआत में एक्‍ट्रेस अपनी परेशानी लेकर मइया के सामने आई थी, आखिर में उसकी विनती सुने जाने की बात आती है। यानी गाने का सफर दर्द से शुरू होकर उम्मीद और मइया की कृपा तक पहुंच जाता है।

गाने का छठ से क्‍या कनेक्‍शन है?

आपको बता दें क‍ि पूर्वांचल और बिहार में छठ पूजा के दौरान निसंतान महिलाएं अपनी सूनी गोद भरने और संतान सुख पाने के लिए छठी मैया से मन्नत मानती हैं। फ‍िल्‍म द वन इस गाने में भी तमन्ना भाटिया का रोल दुनिया के तानों से हारकर संतान प्राप्ति की आखिरी आस लेकर मइया और दीनानाथ के पास पहुंचा हुआ द‍िखाया गया है।

फिल्म और गाने से जुड़े खास फैक्ट्स

ये हैं गाने और फ‍िल्‍म से जुड़ी बातें-  

  • फिल्म: The Vvaan: Force Of The Forrest
  • निर्देशक: दीपक कुमार मिश्रा
  • गायक: विशाल मिश्रा
  • गीतकार: कौशल किशोर
  • गाने का नाम: छठी मैया

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik