कपड़े भले ही हर दिन बदल जाएं, लेकिन ज्वेलरी का चुनाव आपके बारे में बहुत कुछ बयां करता है। आप जो गहने पहनती हैं, उनसे आपकी फैशन पर्सनालिटी का पता चलता है। कुछ महिलाओं को बिना छोटे हूप्स के बाहर जाना पसंद नहीं होता, तो कुछ महिलाओं का लुक बड़े झुमकों के बिना पूरा ही नहीं होता।

वहीं कुछ ऐसी भी हैं, जिन्हें एक साथ कई अंगूठियां और चेन लेयर करके पहनना पसंद होता है। ज्वेलरी सिर्फ एक एक्सेसरी नहीं है, बल्कि यह आपके स्वभाव और पसंद की पूरी कहानी बयान करती है। ऐसे में ये जानना तो है कि आपकी पसंदीदा ज्वेलरी आपके बारे में क्या कहती है। इसके लिए हमने एक अनुभवी साइकोथेरेपिस्ट (मनोचिकित्सक), एनर्जी हीलर और रेकी ग्रैंडमास्टर डेल्ना राजेश (Delnna Rrajesh) से बात की हैं। जानते हैं आगे...

गहनों का चुनाव क्या बताता है?

बता दें कि गहनों का चुनाव महिलाओं की पर्सनैलिटी के बारे में बताता है, जानते हैं-

1. छोटे हूप्स और नाजुक गहने पसंद करने वाली महिलाएं

अगर किसी महिला के वार्डरोब में सिंपल कट्स और एलिगेंट कपड़ों का कलेक्शन है और आप हल्के स्टड्स, पतली चेन या छोटे हूप्स जैसे नाजुक गहने पहनना पसंद करती हैं, तो आप मिनिमलिस्ट फैशन पर्सनालिटी की मालकिन हैं। ऐसी महिलाओं का मानना है कि सादगी ही असली सुंदरता है, इसलिए आप बहुत ज्यादा भड़कीले लुक से बचती हैं और ऐसे कपड़ों व एक्सेसरीज को चुनती हैं जो कभी आउट ऑफ फैशन नहीं होते। इनके लिए ज्वेलरी का काम पूरे लुक पर हावी होना नहीं, बल्कि आपकी सादगी और ओवरऑल लुक की खूबसूरती को हल्के और क्लासी अंदाज में निखारना होता है।

2. बड़े और हैवी इयररिंग्स पहनने की शौकीन

अगर कोई महिला मानती हैं कि जब अपने स्टाइल से अलग पहचान बनाई जा सकती है, तो साधारण क्यों दिखना, तो वह एक मैक्सिमलिस्ट फैशन लवर हैं, इससे इनके आत्मविश्वास में भी इजाफा हेता है। इन्हें सबका ध्यान अपनी तरफ खींचना पसंद है। इनका यह स्टेटमेंट इयररिंग्स वाला अंदाज किसी भी सिंपल ड्रेस या प्लेन ब्लैक आउटफिट को मिनटों में ग्लैमरस और खास बना देता है।

3. झुमके हैं आपकी पहली पसंद

अगर किसी महिला के पास बाकी गहनों से ज्यादा झुमकों का कलेक्शन है, तो आपका स्टाइल ट्रेडिशनल और मॉडर्न का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है। आपको अपनी संस्कृति, विरासत और पुराने डिजाइंस से बहुत प्यार है। पुरानी परंपराओं को नए जमाने के साथ मिलाकर पहनना आपकी सबसे बड़ी खासियत है। साफ शब्दों में कहें तो आपको पुरानी चीजें नए आज के अंदाज में पसंद हैं।

4. एक साथ कई चेन और अंगूठियां लेयर करने का शौक

अगर किसी महिला को एक या दो चेन पहनना अधूरा लगता है और आप अलग-अलग लंबाई की चेन और कई अंगूठियां एक साथ पहनती हैं, तो आप फैशन के मामले में प्रयोग करना पसंद करती हैं। यानी आपको लाइफ में भी नए-नए प्रयोग करने पसंद हैं। आप किसी एक पैटर्न को फॉलो नहीं कर सकती, चाहे वो गहनों को लेकर हो या जिंदगी में।

5. मां और दादी के पुराने गहनों से प्यार

अगर आपको नए गहनों से ज्यादा मां की पुरानी सोने की चेन या दादी-नानी के कंगन पसंद आते हैं, तो आपका दिल ओल्ड स्कूल है। आप पुरानी यादों और विरासत की कद्र करती हैं। इससे यह भी पता चलता है कि आप विरासत को सहेजकर रखने में विश्वास रखती हैं।

निष्कर्ष

आपकी ज्वेलरी केवल आपके लुक को खूबसूरत नहीं बनाती, बल्कि यह आपकी सोच, पर्सनैलिटी और फैशन सेंस को भी सामने लाती है। चाहे आपको सिंपल हूप्स पसंद हों या फिर मां के दिए पुराने गहने, हर पीस आपकी अपनी एक अलग पहचान बनाता है।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।