आजकल हफ्ते के 5 दिन (9 से 5) डेस्क पर बैठकर लगातार लैपटॉप पर काम करना और फिर वीकेंड आते ही खुद को फिट रखने के लिए हैवी वर्कआउट करना एकदम आम बात बन चुकी है। पूरे हफ्ते तो बॉडी ज्यादा मूव नहीं करती, लेकिन जैसे ही शनिवार-रविवार आता है, लोग अचानक से हैवी एक्सरसाइज करने लगते हैं।

शुरुआत में तो सब बढ़िया लगता है, पर धीरे-धीरे कंधे में जकड़न, दर्द या हाथ उठाने में तकलीफ होने लगती है। ज्यादातर लोग इसे नॉर्मल वर्कआउट की थकान भरा दर्द समझकर टाल देते हैं, लेकिन डॉ. नमन वहाल (सीनियर कंसल्टेंट और यूनिट हेड, ऑर्थोपेडिक्स, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स, नई दिल्ली) का मानना है कि प्रॉब्लम उस दिन से शुरू नहीं होती जिस दिन आपको दर्द महसूस होता है। यह वर्कआउट आपके कंधों के लिए मुसीबत खड़ी कर सकता है। डॉक्टर ने इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी है। आइए जानते हैं-

image credit- magnific

पूरे हफ्ते बैठना और वीकेंड पर हैवी वर्कआउट क्यों पड़ सकता है भारी?

अगर आप पूरे हफ्ते डेस्क पर बैठकर काम करती हैं और कंधे का ज्यादा इस्तेमाल नहीं होता है तो अचानक एक घंटे तक बैडमिंटन खेलना या वर्कआउट के दौरान कोई हैवी वेट उठाना शरीर के लिए बड़ा बदलाव हो सकता है। खासकर ऐसे खेल, जिनमें हाथ को बार-बार सिर के ऊपर ले जाना पड़ता है, कंधे पर ज्यादा दबाव डाल सकते हैं। डॉ. नमन ने बताया कि बैडमिंटन या टेनिस खेलते समय बार-बार हाथ ऊपर करने वाली मूवमेंट होती है। वहीं वर्कआउट के दौरान भी ऐसा ही होता है। ऐसे में अगर शरीर पूरे हफ्ते इसके लिए तैयार नहीं हुआ है और वीकेंड पर अचानक पूरा जोर लगा दिया जाए, तो कंधे पर दबाव बढ़ सकता है।

पुरानी फिटनेस के भरोसे न करें ज्यादा एक्सरसाइज

कई महिलाएं पहले काफी एक्टिव रही होती हैं और लंबे ब्रेक के बाद फिर से उसी लेवल पर वर्कआउट शुरू कर देती हैं, लेकिन कुछ साल पहले जितना वर्कआउट आसानी से हो जाता था, जरूरी नहीं कि आज भी शरीर उतना ही तैयार हो। थकान होने के बाद भी एक्सरसाइज जारी रखना कंधे के लिए परेशानी बढ़ा सकता है।

image credit- magnific

वर्कआउट से पहले ये छोटे-छोटे काम जरूर करें

अगर आप वर्कआउट करने की तैयारी कर रही हैं, तो कुछ काम आपको जरूर करने चाहिए।

  • सीधे हैवी वेट न उठाएं, पहले वार्म अप से शुरुआत करें।
  • वीकेंड पर बैडमिंटन या टेनिस खेल रही हैं तो पहले सिर्फ दौड़ने के बजाय कंधे और हाथों को भी वार्मअप करें।
  • लंबे ब्रेक के बाद धीरे-धीरे वर्कआउट का समय और इंटेंसिटी बढ़ाएं।
  • हफ्ते के बाकी दिनों में भी थोड़ा एक्टिव रहें, ताकि सारा लोड सिर्फ वीकेंड पर न आए।
  • एक दिन पहले किए गए पुश-अप्स, प्लैंक या हैवी चेस्ट वर्कआउट को भी आराम न समझें, क्योंकि इनमें भी कंधे पर काम होता है।

दर्द को नॉर्मल थकावट न समझें

डॉक्टर ने बताया कि वर्कआउट के बाद थोड़ी-बहुत जकड़न होना नॉर्मल है, खासकर तब जब आप काफी टाइम बाद एक्सरसाइज कर रही हों, लेकिन अगर हर बार हाथ ऊपर उठाने, सर्विस करने या कोई चीज फेंकने पर दर्द हो रहा हो, कंधे में कमजोरी लगे या हाथ घुमाने में दिक्कत आ रही हो, तो इसे बार-बार इग्नोर करने की गलती न करें। ऐसे लक्षण दिखते ही तुरंत एक्सरसाइज रोक दें और डॉक्टर को दिखाएं। शुरुआत में ही ध्यान दे देने से प्रॉब्लम बड़ी होने से बच जाएगी और आप जल्द ही रिकवर होकर दोबारा अपने पसंदीदा स्पोर्ट्स या वर्कआउट पर लौट सकेंगी।

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- magnific