अक्सर महिलाएं अपने घर-परिवार, बच्चे और ऑफिस की जिम्मेदारियों के बीच अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं। दूसरों का ख्याल रखने में उनका पूरा दिन गुजर जाता है।अपनी फिटनेस के लिए समय ही नहीं बचता, लेकिन 30 की उम्र पार करने के बाद महिलाओं के लिए अपनी सेहत पर ध्यान देना और भी जरूरी हो जाता है।
इस उम्र में फिटनेस का मतलब सिर्फ वजन कम करना या खूबसूरत दिखना नहीं होता है, बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत बनाने के साथ एक्टिव रहना और खुद को बेहतर रखना है। वेलनेस, माइंडसेट एंड ट्रांसफॉर्मेशन कोच दिनाज वेरवतवाला का कहना है कि महिलाओं को 30 की उम्र के बाद अपनी फिटनेस के प्रति नजरिया बदलने की जरूरत है। उन्हें वॉकिंग और डाइटिंग के साथ विशेषतौर से स्ट्रेंथ ट्रेनिंग को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
30 के बाद महिलाओं के लिए क्यों जरूरी है स्ट्रेंथ ट्रेनिंग?
अक्सर महिलाएं फिटनेस का मतलब वजन घटाने, डाइटिंग और वॉकिंग तक ही सीमित समझती हैं। जबकि शरीर को मजबूत बनाए रखने के लिए मसल्स स्ट्रेंथ पर भी ध्यान देना जरूरी होता है। क्योंकि उम्र बढ़ने के साथ मसल्स की मजबूती बनाए रखना अहम हो जाता है। मजबूत मांसपेशियां शरीर की मूवमेंट को बेहतर बनाने, चलने-फिरने और रोजमर्रा के काम आसानी से करने में मदद करती हैं। ऐसे में घंटो जिम जाने या एक्सरसाइज करने की हरगिज जरूरत नहीं होती। यहां बहुत जरूरी है कि वे अपनी क्षमता के अनुसार बॉडीवेट एक्सरसाइज, रेजिस्टेंस बैंड और आसान स्ट्रेंथ एक्सरसाइज कर सकती हैं। धीरे-धीरे एक्सरसाइज का स्तर बढ़ाना चाहिए।
Image Credit:magnific.com
घर के काम करना पूरी एक्सरसाइज नहीं होता
कई महिलाओं को ऐसा लगता है कि खाना बनाने, सफाई करने और घर संभालने में इतनी शारीरिक मेहनत हो जाती है कि अलग से एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं है। यहां घर के काम और नियमित एक्सरसाइज दोनों अलग-अलग हैं। घर के कामों में व्यस्त रहने का मतलब यह नहीं है कि शरीर की सभी मसल्स को जरूरी मूवमेंट और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग मिल रही है। इसलिए महिलाओं को अपनी दिनचर्या में अलग से एक्सरसाइज के लिए समय निकालना चाहिए।
सिर्फ 27 मिनट निकालें और रखें अपनी सेहत का ख्याल
अक्सर महिलाएं व्यस्त दिनचर्या का हवाला देकर एक्सरसाइज टालती रहती हैं। ऐसे में जरूरी है कि वे शुरुआत छोटे-छोटे कदमों से करें। आप अपनी जिंदगी से केवल 27 मिनट निकालें। इसमें 18 मिनट स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और 9 मिनट गाइडेड मेडिटेशन शामिल है। यानी 18 मिनट आपको स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करनी होगी।
अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार मसल्स टोन करने वाली एक्सरसाइज करें। इसके बाद 9 मिनट गाइडेड मेडिटेशन करें। इस दौरान मन को शांत करने, तनाव कम करने और खुद को मानसिक रूप से रिलैक्स करने पर ध्यान दें। इस रूटीन का मकसद फिटनेस को इतना आसान बनाना है कि महिलाएं इसे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बना सकें।
एक्सरसाइज के साथ खानपान और आराम भी जरूरी
सिर्फ एक्सरसाइज करने से ही अच्छी सेहत नहीं मिलती। इसके साथ संतुलित खानपान, पर्याप्त पानी पीना और अच्छी नींद लेना भी जरूरी है। महिलाओं को अपनी पसंद की एक्टिविटीज के लिए भी समय निकालना चाहिए।
Image Credit: magnific.com
30 की उम्र में ही बना लें फिटनेस की आदत
30 की उम्र महिलाओं के लिए अपनी सेहत से जुड़ी अच्छी आदतें विकसित करने का सही समय है। फिटनेस को किसी बीमारी या स्वास्थ्य समस्या के सामने आने तक टालना ठीक नहीं है। छोटी शुरुआत करें, नियमित रहें और अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार एक्सरसाइज चुनें।
हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि सेहत का ख्याल रखने का मतलब परिवार की अनदेखी करना नहीं है। जिस तरह आप अपने परिवार की जरूरतों को महत्व देती हैं, उसी तरह आपका स्वास्थ्य और आपकी फिटनेस भी जरूरी है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: magnific.com
