अक्सर हम घर के जरूरी कागजात संभालकर तो रख देते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर उन्हें ढूंढने में काफी समय लग जाता है। कभी बैंक खाते की जानकारी चाहिए होती है, तो कभी बीमा पॉलिसी, गाड़ी के कागजात या किसी जरूरी व्यक्ति का मोबाइल नंबर तलाशना पड़ता है। कई बार परिवार के दूसरे सदस्यों को भी इन चीजों की जानकारी नहीं होती है। ऐसे में एक छोटी-सी तैयारी भविष्य में बड़ी परेशानी से बचा सकती है। इसके लिए आप घर में एक बही-खाता बना सकते हैं। इसमें परिवार के सदस्यों से लेकर बैंक खातों, निवेश, बीमा और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी एक जगह लिखकर रखी जा सकती है। इससे इमरजेंसी में परिवार के लोगों को जरूरी जानकारी जुटाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

क्या होता है बही-खाता?

बही-खाता एक ऐसी डायरी या रजिस्टर होता है, जिसमें पैसों के लेन-देन, आमदनी, खर्च और जरूरी हिसाब-किताब का रिकॉर्ड रखा जाता है। पहले व्यापारी अपनी दुकान या कारोबार का पूरा हिसाब इसी में लिखते थे। आज के समय में इसका इस्तेमाल सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं है।

आप अपने घर का भी एक बही-खाता बना सकते हैं। इसमें परिवार के जरूरी संपर्क नंबर, बैंक और निवेश से जुड़ी जानकारी, बीमा पॉलिसी, प्रॉपर्टी और गाड़ियों के कागजात का रिकॉर्ड रखा जा सकता है। इससे घर के किसी सदस्य की गैरमौजूदगी में भी दूसरे लोगों को जरूरी जानकारी मिल सकती है।

Photo Credit: Pinterest (Flickr)

बही-खाते में जरूर लिखें ये 20 जानकारियां

1. परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी

घर के सभी सदस्यों का नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और जरूरी संपर्क नंबर लिखें। पति-पत्नी, बच्चों और माता-पिता की जानकारी भी इसमें शामिल करें।

2. करीबी दोस्तों का नंबर

ऐसे 4-5 दोस्तों के नाम, मोबाइल नंबर और पते लिखें, जिनसे जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके।

3. डॉक्टर और अस्पताल की जानकारी

परिवार के डॉक्टर, नजदीकी अस्पताल और दूसरे जरूरी स्वास्थ्य केंद्रों के नाम और फोन नंबर लिखें।

4. जरूरी पेशेवर लोगों के नंबर

चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA), टैक्स सलाहकार और वकील का नाम, पता और नंबर नोट करें।

5. इंश्योरेंस की जानकारी

मेडिकल, लाइफ और जनरल इंश्योरेंस की पॉलिसी का नाम, कंपनी, पॉलिसी नंबर और उसकी अवधि लिखें।

6. जरूरी दस्तावेजों का ब्योरा

आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, जन्म प्रमाण पत्र और पासपोर्ट कहां रखे हैं, इसकी जानकारी लिखें।

7. गाड़ी से जुड़ी जानकारी

घर में मौजूद कार या बाइक का मॉडल, इंजन नंबर, चेसिस नंबर, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र की जानकारी रखें।

8. जरूरी सर्टिफिकेट

परिवार के सदस्यों के जन्म प्रमाण पत्र, शादी का प्रमाण पत्र, एजुकेशन सर्टिफिकेट और दूसरे जरूरी कागजात का रिकॉर्ड रखें।

9. बैंक खातों की जानकारी

किस बैंक में किस सदस्य का खाता है, उसकी शाखा और IFSC कोड जैसी जानकारी लिखें। पूरा अकाउंट नंबर लिखने से बचें या उसे सुरक्षित जगह पर रखें।

Photo Credit: Pinterest (Magnific)

10. फिक्स्ड डिपॉजिट का रिकॉर्ड

बैंक की FD, जमा राशि, मैच्योरिटी की तारीख और संबंधित बैंक शाखा की जानकारी नोट करें।

11. शेयर और म्यूचुअल फंड

शेयर, म्यूचुअल फंड और दूसरे निवेशों का नाम, कंपनी, निवेश की तारीख और संबंधित डीमैट खाते की जानकारी रखें।

12. लोन की जानकारी

अगर आपने होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन लिया है, तो बैंक का नाम, बकाया रकम, ब्याज दर और किस्त की अवधि लिखें।

13. लॉकर का रिकॉर्ड

बैंक लॉकर किस शाखा में है और उससे जुड़े जरूरी दस्तावेज कहां रखे हैं, इसका रिकॉर्ड बनाएं।

14. पीपीएफ की जानकारी

पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) खाते की जानकारी, बैंक या पोस्ट ऑफिस का नाम और मैच्योरिटी की तारीख लिखें।

15. ज्वेलरी का ब्योरा

सोने, चांदी और हीरे के गहनों की सूची बनाएं। उनकी खरीद की तारीख, वजन, बिल और इनवॉइस नंबर भी नोट करें।

16. बिजली और दूसरे जरूरी बिल

बिजली, पानी और गैस कनेक्शन का उपभोक्ता नंबर और संबंधित विभाग की जानकारी रखें।

17. घर और प्रॉपर्टी के दस्तावेज

मकान, जमीन या दूसरी संपत्ति के कागजात कहां रखे हैं, उनकी जानकारी बही-खाते में लिखें।

18. डिजिटल खातों की जानकारी

ईमेल, सोशल मीडिया और दूसरे जरूरी ऑनलाइन अकाउंट से जुड़े रिकवरी मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का रिकॉर्ड रखें।

19. जरूरी सब्सक्रिप्शन

मोबाइल, इंटरनेट, OTT और दूसरे जरूरी सब्सक्रिप्शन की जानकारी और उनके बिल भरने की तारीख लिखें।

20. वसीयत और नॉमिनी की जानकारी

वसीयत कहां रखी है, बैंक और बीमा में किसे नॉमिनी बनाया गया है और जरूरी कानूनी दस्तावेज कहां मौजूद हैं, इसका रिकॉर्ड रखें।

Photo Credit: Pinterest (Bijuri)

बही-खाता बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

बही-खाता बनाना जितना जरूरी है, उसकी सुरक्षा करना भी उतना ही अहम है।

  • इसमें परिवार की कई निजी जानकारियां होती हैं। इसलिए इसे ऐसी जगह रखें, जहां केवल भरोसेमंद लोगों की पहुंच हो।
  • ध्यान रखें कि इस डायरी में ATM, PIN, UPI, PIN, पासवर्ड, CVV और OTP जैसी गोपनीय जानकारी बिल्कुल न लिखें।
  • बैंक और निवेश से जुड़े संवेदनशील रिकॉर्ड को सुरक्षित डिजिटल लॉकर या पासवर्ड से सुरक्षित फाइल में रखें।
  • परिवार के भरोसेमंद सदस्यों को यह जरूर बताएं कि जरूरी दस्तावेज कहां रखे हैं।

घर का बही-खाता बनाना कोई मुश्किल काम नहीं है। इसके लिए बस एक डायरी और थोड़े समय की जरूरत है। आज आप इसमें जरूरी जानकारियां लिखकर रखेंगे, तो कल किसी आपात स्थिति में परिवार के लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। याद रखें, अच्छी फाइनेंशियल प्लानिंग सिर्फ पैसे बचाने और निवेश करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी जरूरी जानकारियों को सही तरीके से संभालकर रखना भी इसका अहम हिस्सा है। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।