महंगाई के इस दौर में घर की रसोई का बजट संभालना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। दूध, हरी सब्जियां, दालें और राशन जैसी रोजमर्रा की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। अक्सर महिलाएं महीने के आखिर में यह सोचकर परेशान होती हैं कि सारा पैसा कहां खर्च हो गया। अगर आपकी रसोई का मासिक खर्च लगभग ₹10,000 है, तो थोड़ी सी समझदारी और सही योजना बनाकर आप इसमें से ₹2,000 से ₹3,000 तक आसानी से बचा सकती हैं। आइए जानते हैं, किचन बजटिंग हैक्स, जो स्वाद और सेहत से समझौता किए बिना आपके पैसे बचाएंगे। इसके लिए हमने आरएसएम के चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए हिमांशु गोयल से बात की है। जानते हैं आगे...
₹10,000 के बजट से समझें बचत का गणित
यदि आपका मासिक किचन बजट ₹10,000 है, तो सही खरीदारी और प्रबंधन से आप हर महीने बड़ी बचत कर सकते हैं। नीचे दी गई तालिका से समझें:
| रसोई का सामान | मासिक खर्च | स्मार्ट हैक्स और बदलाव | नया अनुमानित खर्च | महीने का बचत |
| दूध व डेयरी | ₹3,000 | टोंड दूध, पैकेट दूध और घर पर दही-पनीर जमाना | ₹2,300 | ₹700 |
| ताजी सब्जियां व फल | ₹2,500 | साप्ताहिक लोकल मंडी से खरीदारी व मौसमी सब्जियां | ₹1,800 | ₹700 |
| सूखा राशन व दालें | ₹3,500 | होलसेल मार्केट/सुपरमार्केट ऑफर से इकट्ठा समान लाना | ₹2,800 | ₹700 |
| स्नैक्स व अन्य सामान | ₹1,000 | बाहर के पैकेज्ड स्नैक्स की जगह घर का नाश्ता | ₹500 | ₹500 |
| कुल योग | ₹10,000 | स्मार्ट किचन मैनेजमेंट | ₹7,400 | ₹2,600 |
रसोई का खर्च घटाने के तरीके
यदि आप दूध और डेयरी उत्पादों से लेकर सब्जियों की खरीदारी में बचत करना चाहती हैं तो इस तरीकों को जरूर अपनाएं-
- घर पर बनाएं दही और पनीर: बाजार से महंगा पैकेट वाला दही या थैलियों में मिलने वाला महंगा पनीर खरीदने के बजाय फुल क्रीम या टोंड दूध से इसे घर पर ही जमाएं।
- जरूरत के अनुसार खरीदारी: जरूरत से ज्यादा दूध लेने से वह खराब होता है। उतना ही दूध लें जितनी खपत हो।
- सप्ताह में एक दिन लोकल मंडी जाएं: सुपरमार्केट या ऑनलाइन डिलीवरी ऐप के बजाय पास की साप्ताहिक मंडी से सब्जियां खरीदें। यहां सामान ताजा और काफी सस्ता मिलता है।
- मौसम के अनुकूल चुनें: बेमौसम सब्जियों की कीमत ज्यादा होती है। हमेशा मौसमी सब्जियों का ही चयन करें।
- बल्क में करें खरीदारी: चावल, आटा, दालें और तेल जैसी खराब न होने वाली चीजों को हर महीने छोटे पैकेट में खरीदने के बजाय होलसेल बाजार या डिस्काउंट स्टोर से खरीदें।
- खरीदारी से पहले लिस्ट बनाएं: बिना लिस्ट के बाजार जाने पर अक्सर गैर-जरूरी चीजें खरीदी जाती हैं। हमेशा घर का सामान देखकर ही सूची तैयार करें।
- सही स्टोरेज: हरी मिर्च, धनिया और पत्तीदार सब्जियों को सही तरीके से स्टोर करें ताकि वे जल्दी न सड़ें।
- बचे भोजन का सही उपयोग: बची हुई दाल से आटा गूंदकर पराठे बनाएं या बची सब्जियों से कटलेट तैयार करें।
रसोई का बजट नियंत्रित करने के लिए आपको अपनी जरूरतों को कम करने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि खरीदारी के तरीकों में बदलाव करने की जरूरत है। ₹10,000 के बजट में से ₹2,500 से अधिक की बचत करना बेहद आसान है।
यह भी पढ़ें- इंश्योरेंस इंडस्ट्री में तेजी से बढ़ रहे हैं जॉब के मौके, जानें कैसे बनाएं फ्यूचर?
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Images: magnific
