नौकरी बदलते समय डॉक्यूमेंटेशन का झंझट हमेशा बना रहता है। इस दौरान ज्यादातर कर्मचारी एक बेहद जरूरी जानकारी पर ध्यान देना भूल जाते हैं और वह है EPFO पोर्टल पर पुरानी कंपनी द्वारा दर्ज की गई नौकरी छोड़ने की तारीख यानी 'डेट ऑफ एग्जिट'। यदि यह तारीख पोर्टल पर दर्ज नहीं है या गलत फीड हो गई है, तो नई कंपनी में जुड़ने के बाद पुराने पीएफ का पैसा नए खाते में ट्रांसफर करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बता दें कि नौकरी छोड़ने की तारीख में किसी भी तरह की गड़बड़ी आपके एम्प्लॉयमेंट रिकॉर्ड को प्रभावित कर सकती है। नई कंपनी में बैकग्राउंड वेरिफिकेशन के दौरान यह अंतर कई तरह के सवाल खड़े कर सकता है।

अच्छी बात यह है कि कर्मचारियों को इस सुधार के लिए अब पुरानी कंपनी या एचआर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने खाताधारकों को यह सुविधा देता है कि वे तय शर्तों के तहत अपने UAN पोर्टल के जरिए घर बैठे ही नौकरी छोड़ने की तारीख ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। ऐसे में यह जानना तो बनता है कि पोर्टल पर कब और कैसे अपडेट कर सकते हैं एग्जिट डेट? पढ़ते हैं आगे...

पोर्टल पर कब और कैसे अपडेट कर सकते हैं एग्जिट डेट?

ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी एग्जिट डेट दर्ज करने से पहले यह चेक करना जरूरी है कि आप इसके नियमों और शर्तों को पूरा करते हैं या नहीं।

जानकारी के मुताबिक, पीएफ खाताधारक नौकरी छोड़ने के कम से कम दो महीने (60 दिन) पूरे होने के बाद ही खुद से एग्जिट डेट अपडेट कर सकते हैं। इसके अलावा आप जो डेट दर्ज कर रहे हैं, वह पुरानी कंपनी द्वारा जमा किए गए आखिरी पीएफ वाले महीने की ही होनी चाहिए।

इसके साथ ही कुछ अन्य शर्तें भी पूरी होनी जरूरी हैं-

  • आपका 12 अंकों का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) पूरी तरह एक्टिव होना चाहिए।
  • आपके UAN के साथ आधार नंबर लिंक होना चाहिए।
  • आधार से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर चालू होना चाहिए, क्योंकि प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसी नंबर पर ओटीपी (OTP) भेजा जाता है।

UAN पोर्टल पर एग्जिट डेट अपडेट करने का तरीका

अगर आप इन सभी शर्तों को पूरा करते हैं, तो ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए अपनी एग्जिट डेट आसानी से चेंज कर सकते हैं-

  • सबसे पहले ईपीएफओ के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं और अपने UAN व पासवर्ड से लॉगिन करें।
  • लॉगिन करने के बाद होमपेज पर दिख रहे 'Manage' सेक्शन में जाएं और 'Mark Exit' के ऑप्शन को चुनें।
  • नई तारीख डालने से पहले अपनी सर्विस हिस्ट्री चेक कर लें कि क्या आपकी पुरानी कंपनी ने पहले से कोई तारीख दर्ज तो नहीं की है।
  • यदि वहां पहले से कोई तारीख दिख रही है और वह गलत है, तो उसे बिना जांचे न बदलें। अपनी रिलीविंग लेटर और सैलरी स्लिप के जरिए सही तारीख का मिलान कर लें।
  • सभी जानकारियों की पुष्टि के बाद नौकरी छोड़ने का सही कारण चुनें और सही 'Date of Exit' दर्ज करें।
  • इसके बाद आधार आधारित ओटीपी वेरिफिकेशन पूरा करें। ओटीपी आपके आधार लिंक मोबाइल नंबर पर आएगा। 
  • ओटीपी दर्ज करने और सबमिट पर क्लिक करते ही आपकी एग्जिट डेट अपडेट हो जाएगी।

यह भी पढ़ें- EPFO की 'विश्वास 2026' योजना क्या है? इन PF धारकों को होगा फायदा

ऑनलाइन अपडेट न होने पर क्या करें?

कई बार तकनीकी कारणों या सिस्टम की गड़बड़ी की वजह से ऑनलाइन अपडेट करना संभव नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में आपको अपनी पुरानी कंपनी से संपर्क कर इसे ठीक करने की रिक्वेस्ट करनी होगी। यदि पुरानी कंपनी आपकी बात नहीं सुनती या सहयोग नहीं करती, तो आप ईपीएफओ के शिकायत निवारण पोर्टल (Grievance Portal) के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पीएफ ट्रांसफर के समय परेशान होने से बेहतर है कि नौकरी छोड़ते ही इसे समय रहते ठीक कर लिया जाए।

एग्जिट डेट सही होना क्यों है बेहद जरूरी?

नौकरी छोड़ने की तारीख सिर्फ एक डेटा नहीं है, बल्कि यह आपके करियर रिकॉर्ड का अहम हिस्सा है। जब तक आपके पुराने पीएफ खाते में एग्जिट डेट दर्ज नहीं होती, तब तक सिस्टम यही मानता है कि आप अभी भी उसी संस्थान में कार्यरत हैं।

सुरक्षा से जुड़ी खास सलाह

अपने ईपीएफओ खाते में किसी भी बदलाव से पहले अपनी सैलरी स्लिप और रिलीविंग लेटर से तारीखों का मिलान जरूर कर लें। इसके अलावा, हमेशा ईपीएफओ के आधिकारिक पोर्टल का ही इस्तेमाल करें। ईपीएफओ कभी भी आपसे फोन कॉल या मैसेज पर पासवर्ड, आधार या बैंक डिटेल्स जैसी जानकारियां नहीं मांगता, इसलिए किसी भी फर्जी कॉल से सावधान रहें।

निष्कर्ष

अपने ईपीएफओ खाते की सर्विस हिस्ट्री की जांच करने में लगा कुछ मिनटों का समय आपको भविष्य में पीएफ ट्रांसफर और नई नौकरी की शुरुआत के समय होने वाली बड़ी परेशानियों से बचा सकता है।

यह भी पढ़ें- बेटी की शादी के लिए PF से पैसे निकालना चाहती हैं, जानें EPFO ने पोर्टल पर क्या नए बदलाव किए?

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Images: magnific/shutterstock/epfoofficialwebsite