चेहरे पर होने वाले पिंपल्स कई बार शर्मिंदगी का कारण बन जाते हैं। ये पिंपल्स दिखने में बहुत अजीब और खराब लगते हैं, जो पूरे चेहरे के लुक को बिगाड़ देते हैं। ऐसे में कुछ महिलाएं इन पिंपल्स को फोड़ने लगती हैं, लेकिन क्या आप जानती हैं कि पिंपल्स फोड़ने की यह छोटी सी आदत आपके चेहरे को हमेशा के लिए खराब कर सकती है?
हाथों से पिंपल्स को फोड़ना एक गंभीर समस्या का रूप ले सकता है। अगर आप भी अभी तक अपने हाथों से पिंपल्स फोड़ती आई हैं, तो आइए जानते हैं ऐसा करने से आपको किस तरह के नुकसान हो सकते हैं और इससे स्किन के टिश्यूज कैसे डैमेज होते हैं।
पिंपल्स फोड़ने से स्किन के अंदर क्या होता है?
जब भी आप अपने हाथों से चेहरे पर होने वाले पिंपल्स को फोड़ती हैं, तो इससे स्किन के अंदर इंफेक्शन फैल सकता है। पोर्स में जब डेड सेल्स, अतिरिक्त तेल और बैक्टीरिया फंस जाते हैं, तो शरीर का इम्यून सिस्टम संक्रमण से लड़ने के लिए वहां व्हाइट ब्लड सेल्स भेजता है। इससे वहां मवाद जमा हो जाता है और पिंपल की सूजन बढ़ जाती है।
जब आप बाहर से उंगलियों और नाखूनों से पिंपल को दबाकर फोड़ती हैं, तो पिंपल के अंदर की नाजुक दीवारें यानी पोर वॉल्स बहुत ज्यादा दबाव से फट जाती हैं। ऐसा करने से बैक्टीरिया और डेड सेल्स केवल बाहर नहीं आते, बल्कि स्किन की गहरी परत में अंदर की तरफ और फैल जाते हैं।
चेहरे पर गड्ढे क्यों बनते हैं?
टिशू डैमेज होने के बाद स्किन जिस तरह से खुद को हील करने की कोशिश करती है, उसी से चेहरे पर धीरे-धीरे गड्ढे बनने लगते हैं। हमारी स्किन की गहराई में कोलेजन और इलास्टिन फाइबर होते हैं, जो स्किन को टाइट, चिकना और लचीला बनाते हैं, लेकिन पिंपल फोड़ने के दौरान जब टिश्यूज बुरी तरह कुचल जाते हैं, तो वे कोलेजन नेटवर्क को तोड़ देते हैं।
जब शरीर उस जगह की मरम्मत करने की कोशिश करता है, तो पर्याप्त मात्रा में कोलेजन का उत्पादन नहीं हो पाता और वह हिस्सा अंदर की तरफ धंस जाता है। यही धंसा हुआ हिस्सा चेहरे पर एट्रोफिक स्कार्स या गड्ढों के रूप में दिखाई देता है।
पिंपल्स फोड़ने के गंभीर नुकसान
पिंपल्स फोड़ने से केवल चेहरे पर गड्ढे ही नहीं पड़ते, बल्कि इसके और भी कई नुकसान हो सकते हैं।
- पिंपल्स के अंदर मौजूद बैक्टीरिया नाखून के जरिए चेहरे के बाकी साफ हिस्सों पर फैल जाते हैं, जिससे दूसरी जगहों पर भी पिंपल्स निकलने की संभावना बढ़ जाती है।
- स्किन के अंदरूनी हिस्से में चोट लगने के कारण मेलानिन का उत्पादन बढ़ जाता है, जिससे पिंपल्स सूखने के बाद चेहरे पर जिद्दी काले निशान छोड़ जाते हैं।
- कई बार पिंपल्स को जोर से दबाने पर वे अंदर की तरफ और ज्यादा फट जाते हैं, जिससे सूजन इतनी बढ़ जाती है कि चेहरे पर लालिमा जैसी परेशानी हो जाती है।
निष्कर्ष:अगर आपके चेहरे पर भी बार-बार पिंपल्स हो जाते हैं, तो उन्हें अपने हाथ या नाखूनों की मदद से फोड़ने की गलती बिल्कुल न करें। आपकी यह छोटी सी आदत आपके चेहरे की खूबसूरती को हमेशा के लिए खराब कर सकती है। इसलिए जब भी पिंपल्स की समस्या हो, तो किसी अच्छे डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह लेकर ही सही ट्रीटमेंट कराएं। यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहे हर जिंदगी से।
image credit: freepik
-1793279597825_m.webp)