मानसून में बारिश और धूप से कई दिक्कतें होती हैं। कभी बारिश होती है तो मौसम अच्छा हो जाता है, तो वहीं जब धूप निकलती है तो पसीने से परेशानी होती है, लेकिन सबसे ज्यादा दिक्कत तब होती है जब महिलाएं घर से निकलते समय सिंदूर लगाती हैं, तो बारिश या पसीने की वजह से यह फैल जाता है। कई बार यह माथे पर फैला हुआ दिखाई देता है, तो कभी बालों में ही चिपक जाता है। इससे पूरा लुक बेकार लगने लगता है।

अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। हम आपको सिंदूर को लंबे समय तक टिकाए रखने के लिए कुछ टिप्स दे रहे हैं। इससे पसीने और थोड़ी बारिश में भी सिंदूर काफी देर तक टिका रह सकता है। आइए जानते हैं-

सिंदूर लगाने से पहले मांग को अच्छी तरह सुखाएं

कई महिलाएं नहाने के तुरंत बाद या बालों में तेल लगाने के बाद सिंदूर लगा लेती हैं। ऐसे में सिंदूर जल्दी फैल सकता है। इसलिए सिंदूर लगाने से पहले यह जरूर देख लें कि मांग पूरी तरह सूखी हो। अगर बाल गीले हैं, तो पहले उन्हें अच्छी तरह सुखा लें। अगर माथे पर पसीना आ रहा हो, तो टिश्यू या कॉटन से पोंछ लें।

कॉम्पैक्ट या ट्रांसलूसेंट पाउडर लगाकर लगाएं सिंदूर

अगर आपकी स्किन बहुत ऑयली है या पसीना ज्यादा आता है, तो मांग के आसपास बहुत थोड़ा सा कॉम्पैक्ट या ट्रांसलूसेंट पाउडर लगा सकती हैं। इससे एक्स्ट्रा ऑयल और नमी कम हो जाती है। इससे सिंदूर ज्यादा देर तक टिका रह सकता है। ध्यान रखें कि पाउडर बहुत ज्यादा न लगाएं।

यह भी पढ़ें- Sindoor Dani Designs: मकर संक्रांति पर सासू मां को गिफ्ट में दें ये खास सिंदूर दानी, देखें डिजाइंस

अच्छी क्वालिटी का लिक्विड या लॉन्ग-लास्टिंग सिंदूर ही लें

आजकल बाजार में पाउडर, लिक्विड और स्टिक, तीनों तरह के सिंदूर मिलते हैं। अगर आपको बारिश या पसीने में बाहर जाना पड़ता है, तो अच्छी क्वालिटी वाला ही लॉन्ग-लास्टिंग लिक्विड सिंदूर लें। यह ज्यादा देर तक टिक सकता है।

सिंदूर लगाने के बाद तुरंत हाथ न लगाएं

सिंदूर लगाने के तुरंत बाद कई लोग बाल ठीक करने लगते हैं या मांग को छू लेते हैं। ऐसा करने से भी सिंदूर फैलने लगता है। इसलिए सिंदूर लगाने के बाद उसे कुछ मिनट तक सूखने दें। खासकर अगर आपने लिक्विड सिंदूर लगाया है, तो उसके पूरी तरह सूखने के बाद ही बालों में कंघी करें।

बारिश में छाते का इस्तेमाल करें

अगर बाहर बारिश हो रही है, तो छाता लेकर ही जाएं। इससे आपके सिर पर पानी नहीं आएगा और आपके मांग में लगा सिंदूर भी लंबे समय तक टिका रहेगा।

यह भी पढ़ें- Easy Tricks: लिक्विड सिंदूर सूख जाए तो इन ट्रिक्स से करें इसे ठीक

ये गलतियां बिल्कुल न करें

सिंदूर लगाते समय आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। जैसे-

  • गीले बालों में सिंदूर न लगाएं।
  • बालों में ज्यादा तेल लगाकर तुरंत सिंदूर लगाने से बचें।
  • बार-बार मांग पर हाथ न फेरें।
  • बहुत ज्यादा सिंदूर एक साथ न लगाएं।

अगर पाउडर सिंदूर लगाती हैं तो क्या करें?

अगर आप पाउडर सिंदूर लगाना पसंद करती हैं, तो उसे जरूरत से ज्यादा न लगाएं। इससे वह झड़ सकता है या पसीने के साथ फैल भी सकता है। इसलिए कम मात्रा में ही लगाएं।

यह भी पढ़ें- शादी में ‘चूड़ा’ और ‘सिंदूर’ सिर्फ औरतें ही क्यों पहनती हैं, पति के लिए नहीं है सुहाग की कोई निशानी?

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Freepik