साड़ी के साथ अगर ब्लाउज की फिटिंग सही हो, तो पूरा लुक अपने आप अच्छा लगने लगता है, लेकिन कई बार ऐसा होता है कि हम नया ब्लाउज खरीद तो लाते हैं, लेकिन घर पर पता चलता है कि वह कंधे, बाजू या साइड से थोड़ा ढीला है। ऐसे में हर बार ब्लाउज को वापस करने या तुरंत टेलर के पास जाने का समय नहीं मिल पाता है। खासकर अगर आपको उसी दिन किसी फंक्शन या पूजा में जाना हो, तो और दिक्कत होती है।
ढीले ब्लाउज की फिटिंग कैसे करें?
अच्छी बात यह है कि अगर ब्लाउज सिर्फ थोड़ा ढीला है तो कुछ आसान तरीके अपनाकर इसे ठीक किया जा सकता है। हालांकि, ये टेंपोरेरी ऑप्शन है, लेकिन तुरंत फिटिंग ठीक करने में काम आ सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से-
सेफ्टी पिन से अंदर की तरफ करें फिट
अगर ब्लाउज कमर या साइड से थोड़ा ढीला है तो सबसे आसान तरीका सेफ्टी पिन है। सबसे पहले ब्लाउज पहनकर देखें कि साइड में कितना एक्स्ट्रा कपड़ा है। अब ब्लाउज को उतारकर उस एक्स्ट्रा कपड़े को अंदर की तरफ थोड़ा सा मोड़ लें। इसी हिस्से को एक या दो छोटी सेफ्टी पिन की मदद से अंदर से पकड़ सकती हैं। ध्यान रहे कि पिन हमेशा कपड़े के अंदर की तरफ लगाएं, ताकि बाहर से दिखाई न दे, लेकिन पिन लगाने के बाद ब्लाउज पहनकर चेक कर लें कि पिन चुभ तो नहीं रही। हालांकि, यह तरीका तब ज्यादा ठीक है जब ब्लाउज थोड़ा ही ढीला हो। अगर ब्लाउज काफी बड़ा है तो केवल पिन से सही फिटिंग नहीं मिलेगी। ऐसे में टेलर से साइड सीम की फिटिंग करवा सकती हैं।
आर्महोल ढीला है तो यह ट्रिक आजमाएं
कई बार ब्लाउज बाकी जगह से ठीक होता है, लेकिन बाजू के नीचे यानी आर्महोल के पास ज्यादा जगह रह जाती है। इससे ब्लाउज पहनने के बाद साइड से कपड़ा खुला-खुला नजर आता है। ऐसे में आप पहले ब्लाउज पहनकर देख लें कि ढीलापन बिल्कुल कहां है। अगर सिर्फ आर्महोल के नीचे थोड़ी एक्स्ट्रा जगह है तो उस हिस्से के कपड़े को अंदर की तरफ मोड़कर पिन लगा सकती हैं। ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा कपड़ा अंदर न लें। आर्महोल को जरूरत से ज्यादा छोटा करने पर हाथ चलाने में परेशानी होगी और पिन भी खुल सकता है।
यह भी पढ़ें- Jeans Fitting Tips: महंगी जींस हो गई है ढीली? टेलर के चक्कर छोड़ें, बर्फ का पानी मिनटों में कर देगा फिट
रेडीमेड डोरी से करें ढीले ब्लाउज को फिट
अगर आपके ब्लाउज में पीछे या साइड में डोरी लगाने की जगह है तो यह तरीका भी आप आजमा सकती हैं। इसके लिए बाजार से रेडीमेड ब्लाउज की डोरी ले आएं। अब डोरी को ब्लाउज के दोनों तरफ बने लूप या डोरी लगाने वाली जगह पर लगा लें। अब इसे अपनी फिटिंग के हिसाब से बांध सकती हैं। डोरी को इतना ही कसें कि ब्लाउज आपकी बॉडी पर सही से फिट हो जाए। बहुत ज्यादा कसकर बांधेंगी तो ब्लाउज खिंचा हुआ नजर आएगा। इस तरीके का एक फायदा यह भी है कि जरूरत के हिसाब से फिटिंग को थोड़ा ढीला या टाइट किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- Bra For Every Body Shape: हर बॉडी शेप की वार्डरोब में जरूर होनी चाहिए ये 5 तरह की Bra
किस जगह पर कौन-सा हैक काम आएगा?
ब्लाउज को फिटिंग करने के लिए ध्यान रखें ये बातें-
- अगर ब्लाउज साइड से थोड़ा ढीला है, तो अंदर की तरफ एक्स्ट्रा कपड़ा मोड़कर सेफ्टी पिन लगा सकती हैं।
- अगर आर्महोल के नीचे थोड़ी ढीली है, तो उसी हिस्से के एक्स्ट्रा कपड़े को अंदर लेकर पिन से फिटिंग कर सकती हैं।
- अगर ब्लाउज में डोरी लगाने के लूप पहले से हैं, तो रेडीमेड डोरी भी अच्छा ऑप्शन रहेगा।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
यह भी पढ़ें- बस इस 1 काम से मिलेगी आपको ब्लाउज की परफेक्ट फिटिंग, जानें कैसे
Image Credit- Freepik/AI
